फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

जल प्रबंधन की मिसाल: भारत में पहलों की प्रशंसा उत्साहजनक, अभी भी बरकरार हैं कई चुनौतियां

अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: न्यूज डेस्क Updated Thu, 12 Nov 2026 04:26 AM IST

सार

विश्व बैंक के अधिकारी की भारत की जल प्रबंधन संबंधी पहलों की प्रशंसा निस्संदेह उत्साहजनक है, लेकिन अब भी इस संबंध में कई चुनौतियां बरकरार हैं। इन चुनौतियों से पार पाकर ही हम सही अर्थों में दुनिया के सामने जल प्रबंधन की सार्थक और टिकाऊ मिसाल पेश कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विश्व बैंक (फाइल) - फोटो : एएनआई


भारत ने न केवल योजनाएं बनाईं, बल्कि उन्हें अभूतपूर्व स्तर पर लागू करके दिखाया। जल जीवन मिशन के तहत 80 करोड़ लोगों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक नल से पेयजल पहुंचाने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता को जनांदोलन बनाने और नमामि गंगे व अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से नदियों के प्रदूषण को कम करने और उनकी पारिस्थितिकी को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए कामों के अनुभवों से दूसरे विकासशील देश भी सबक ले सकते हैं।


भारत का अनुभव जल संकट से जूझ रहे देशों को यह समझने में मदद कर सकता है कि बड़े जनसमूह तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकारी इच्छाशक्ति, पर्याप्त वित्तीय संसाधन और जनभागीदारी का समन्वय कितना आवश्यक है। हालांकि इस सराहना से संतुष्ट होने के बजाय देश के समक्ष मौजूद जल प्रबंधन संबंधी चुनौतियों का समाधान तलाशने की जरूरत है।


अब भी देश के अनेक हिस्सों में पेयजल संकट, भूजल का अत्यधिक दोहन, सीवेज प्रबंधन और नदियों में बढ़ते प्रदूषण जैसी समस्याएं बरकरार हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति के बावजूद पानी की गुणवत्ता, नियमित आपूर्ति और रखरखाव की चुनौती बनी हुई है। ऐसे में जल संरक्षण को सामाजिक व्यवहार का हिस्सा बनाने की जरूरत है।


इसके लिए वर्षा जल संचयन, तालाबों और पारंपरिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन, जलग्रहण क्षेत्रों का विकास, उपचारित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग, कृषि में सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों का विस्तार और भूजल पुनर्भरण पर विशेष रूप से जोर देने की जरूरत है। इसके अलावा, स्थानीय निकायों को जल प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाने के लिए पर्याप्त अधिकार और संसाधन सुलभ कराने की भी जरूरत है।


नदियां हमारी सभ्यता, संस्कृति और आजीविका का आधार हैं, इसलिए जल प्रबंधन को केवल विकास और बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिहाज से ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और भावी पीढ़ियों के अधिकारों की दृष्टि से भी देखना होगा। पानी केवल उपभोग की वस्तु नहीं, बल्कि जीवन के लिए अमूल्य प्राकृतिक विरासत है, जिसका संरक्षण एवं उचित प्रबंधन जरूरी है।


जल संरक्षण महज सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सामूहिक जनभागीदारी से ही इस उत्तरदायित्व को निभाया जा सकता है। बुनियादी ढांचा खड़ा करने के बाद अब भारत का ध्यान जल प्रणालियों के दीर्घकालिक रखरखाव और टिकाऊ संचालन पर केंद्रित हो रहा है, जो भविष्य की सही दिशा का संकेत है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next