फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

रूस के ‘जुकरबर्ग’ और टेलीग्राम के रहस्य: पावेल डुरोव के सहयोग की कमी से अधिकारी निराश... अब खामियाजा भुगत रहे

पॉल मोजुर, द न्यूयॉर्क टाइम्स Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 28 Aug 2024 06:40 AM IST

सार

टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव की प्रतिबद्धता पर संदेह नहीं, लेकिन सत्ता विरोधी रवैये के चलते वह एक बार फिर मुश्किल में हैं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पैरोकार बेशक उनके बचाव में हैं, लेकिन जब उनके एक्स से भी ज्यादा उपयोगकर्ता हों, तो वह कंटेंट पर नियंत्रण की जिम्मेदारी से नहीं बच सकते।
विज्ञापन
विज्ञापन
टेलीग्राम प्रमुख पॉवेल डुरोव - फोटो : अमर उजाला


तेरह साल बाद, डुरोव की सत्ता-विरोधी प्रवृत्ति ने उन्हें अधिकारियों के साथ मुसीबतों के एक नए दौर में पहुंचा दिया है। बीते दिनों उन्हें टेलीग्राम पर आपराधिक गतिविधियों की जांच के लिए फ्रांस में गिरफ्तार कर लिया गया। टेलीग्राम एक ऑनलाइन संचार मंच है, जिसकी स्थापना उन्होंने 2013 में की थी, जो अब वैश्विक पहुंच बना चुका है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने डुरोव की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर रूप से प्रतिबद्ध है' लेकिन 'कानून का पालन करने वाले मुल्क में, सोशल मीडिया और वास्तविक जीवन, दोनों में स्वतंत्रता को कानूनी ढांचे के भीतर बरकरार रखा जाता है।'


डुरोव की गिरफ्तारी ने एक तूफान खड़ा कर दिया है, जिससे वह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सरकारी सेंसरशिप के बारे में चिंतित लोगों के बीच नायक बन गए हैं, खासकर तब, जब वैश्विक स्तर पर ऑनलाइन सामग्री की निगरानी बढ़ गई है। एक्स के मालिक एलन मस्क और एडवर्ड स्नोडेन उन लोगों में शामिल थे, जो डुरोव का बचाव करने के लिए आगे आए। इस दौरान एक्स पर हैशटैग फ्री पावेल #FreePavel छा गया। टेलीग्राम ने एक बयान में कहा कि वह यूरोपीय संघ के कानूनों का पालन करता है। कंपनी ने कहा, 'यह दावा बेतुका है कि कोई प्लेटफॉर्म या उसका मालिक उस प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार है।' टेलीग्राम लंबे समय से डुरोव के सत्ता-विरोधी लोकाचार और स्वतंत्र अभिव्यक्ति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर कायम है। इसने टेलीग्राम को रूस, ईरान और सत्तावादी सरकारों के अधीन रहने वाले अन्य लोगों के लिए एक लोकप्रिय चैट एप बनाने में मदद की। लेकिन प्लेटफॉर्म पर निगरानी नहीं करने के डुरोव के दृष्टिकोण ने आतंकवादियों, चरमपंथियों, बंदूक तस्करों, घोटालेबाजों और ड्रग डीलरों को भी आकर्षित किया है। उनका कहना है कि गोपनीयता ऑनलाइन अभिव्यक्ति की कड़ी निगरानी से ज्यादा महत्वपूर्ण है। हाल ही में एक पोस्ट में, उन्होंने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में उन्होंने शुक्राणु दाता के रूप में 12 देशों में 100 से अधिक जैविक बच्चों को जन्म दिया है। लेकिन डुरोव की सबसे बड़ी प्राथमिकता टेलीग्राम है। वर्ष 2014 में उन्होंने रूस की सुरक्षा सेवाओं की बढ़ती निगरानी के बीच रूस छोड़ दिया और दुबई का रुख किया, जहां उन्होंने कहा कि सरकार को उनके व्यवसाय में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। तब से उन्होंने कंटेंट पर नियंत्रण को लेकर एप्पल और प्रमुख सरकारों के साथ लड़ाई लड़ी है।


टेलीग्राम को 31 देशों में अस्थायी या स्थायी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा है। डुरोव ने एफबीआई पर एक टेलीग्राम प्रोग्रामर को काम पर रखने की कोशिश करने का आरोप लगाया, ताकि अमेरिकी सरकार उपयोगकर्ताओं के डाटा तक पहुंच बना सके। एफबीआई ने इस पर टिप्पणी करने के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया। वर्ष 1984 में सोवियत संघ में जन्मे डुरोव चार साल की उम्र में ही अपने परिवार के साथ उत्तरी इटली चले गए। 1990 के दशक की शुरुआत में सोवियत संघ के पतन के बाद वह सेंट पीटर्सबर्ग लौट आए। कॉलेज में एक दोस्त ने डुरोव को फेसबुक का शुरुआती संस्करण दिखाया, जिसकी स्थापना मार्क जुकरबर्ग ने की थी। इससे प्रेरित होकर डुरोव ने अपना खुद का संस्करण बनाने का फैसला किया। उन्होंने वीके (Vkontakte) की शुरुआत 2006 में की थी, जो कुछ ही वर्षों में रूस में छा गया। इसने क्रेमलिन का भी ध्यान आकर्षित किया, जिसने इसके उपयोगकर्ताओं के बारे में जानकारी मांगी।


डुरोव ने कहा कि उन्होंने 2011 के आसपास रूसी सुरक्षा बलों को अपने अपार्टमेंट के आसपास देखने के बाद टेलीग्राम का निर्माण शुरू किया था। सरकार ने अंततः उन्हें एक अल्टीमेटम दिया था कि या तो वे वीके के उपयोगकर्ताओं से संबंधित डाटा सौंप दें या देश छोड़कर चले जाएं। रूस से नाता तोड़ने के बाद से डुरोव टेलीग्राम इंजीनियरों से घिरे हुए घुमक्कड़ जीवन जीने लगे। पूर्व कर्मचारियों ने बताया कि वह हर कुछ महीनों में अपनी जगह बदलते रहते हैं। उन्होंने बार्सिलोना, बाली, बर्लिन, हेलसिंकी और सैन फ्रांसिस्को में समय बिताया है, जबकि दुबई को टेलीग्राम का औपचारिक मुख्यालय बनाया है। डुरोव के पास संयुक्त अरब अमीरात और फ्रांस की नागरिकता है। हालांकि वह निजी जेट से यात्रा करते हैं, लेकिन चीजें खरीदने से बचते हैं। वह अपने बैंक खाते में करोड़ों डॉलर और बिटकॉइन रखते हैं, ताकि आजाद रह सकें। ब्लूमबर्ग ने अनुमान लगाया है कि उनकी कुल संपत्ति नौ अरब डॉलर से ज्यादा है।


टेलीग्राम अब दुनिया भर में एक अरब उपयोगकर्ताओं के करीब पहुंच रहा है, जो इसे एक्स से बड़ा बनाता है। जैसे-जैसे टेलीग्राम का इस्तेमाल बढ़ता गया, डुरोव द्वारा कंटेंट की निगरानी के लिए अपनाए गए हल्के-फुल्के तरीके की आलोचना होने लगी। नीति निर्माताओं, कानून प्रवर्तन और सुरक्षा शोधकर्ताओं ने कहा कि यह एप गलत सूचना, आतंकवाद के प्रचार, दक्षिणपंथी उग्रवाद, ड्रग डीलिंग, चाइल्ड पोर्नोग्राफी और हथियारों की बिक्री का अड्डा बन गया है। वर्षों तक डुरोव ने सिलिकॉन वैली के अपने साथियों की तरह सार्वजनिक जांच से काफी हद तक परहेज किया, जबकि जुकरबर्ग, गूगल के सुंदर पिचाई और टिकटॉक के शू च्यू को अमेरिकी कांग्रेस के समक्ष गवाही देने के लिए बुलाया गया है, डुरोव और उनके इंजीनियरों ने चलते-फिरते टेलीग्राम को बनाए रखा और अपडेट करते रहे। एक बार तो उन्होंने अपने एक प्रोडक्ट के बारे में अपडेट तब जारी किया, जब वे दक्षिण पूर्व एशिया के समुद्र में एक नाव पर सवार थे। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में टेलीग्राम ने कुछ सामग्री हटाई है, जैसे कि बाल यौन शोषण सामग्री या हिंसा भड़काने के उद्देश्य से किए गए पोस्ट। लेकिन अधिकारी हमेशा ही डुरोव के सहयोग की कमी से निराश रहे, जिसका खामियाजा डुरोव अब भुगत रहे हैं।

-साथ में एडम सटेरियानो।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next