फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हवा में उड़ने वाले

Thu, 04 Apr 2013 11:15 PM IST
प्रकाश पुरोहित
विज्ञापन
विज्ञापन
आप कभी हवाई जहाज में बैठे हैं? मैं भी नहीं बैठा, मगर वहां क्या-क्या होता है, क्या-क्या किया जाता है और क्या-क्या करना पड़ता है, मुझे सब पता है। मैं उन लोगों को जानता हूं, जो कभी न कभी हवा में उड़े हैं। अंतरंग पलों में ये सारे हवा में उड़ने वाले अपनी-अपनी हरकतें इतने मजे लेकर सुनाते हैं कि मुझे मजा आ जाता है।
विज्ञापन


वही-वही बातें सुन-सुन कर कई बार तो मुझे वहम होने लगता है कि मैं सही में हवाई जहाज में बैठ तो नहीं गया। बताने वाले के पास उसकी अपनी निजी बातें हैं, मगर मेरे पास तो न जाने कितने लोगों की, न जाने कितनी हवाई बातें हैं।

इस बात को आम तौर पर पसंद नहीं किया जाता कि आप हवाई जहाज में पहली बार बैठ रहे हैं, इसलिए हर नया और पहलोट यात्री इसी कोशिश में रहता है कि उसके आसपास वाले कहीं यह न भांप लें कि बंदा पहली बार उड़ रहा है।
विज्ञापन


इसके लिए जरूरी हरकत यह होती है कि आप हवाई जहाज में घुसते ही ऐसा जाहिर करें, जैसे अपने बेडरूम में आ गए हों। जितनी लापरवाही आप टपका सकते हैं, टपका दें, आपकी सारी ताकत इसी में लगनी चाहिए कि आप किसी की नजर में पकड़े न जाएं।

जब एयर होस्टेस यह बता रही हो कि दुर्घटना के समय क्या-क्या उपाय हो सकते हैं, तो आप उजबक की तरह सुनने न बैठ जाएं। वहां पड़े मुफ्त के अखबार में नजरें ऐसी गड़ाएं कि छेद हो जाए... इतनी भी जोर से नहीं कि हवाई जहाज के पेंदे तक असर हो जाए। आपके हाव-भाव से यह लगना चाहिए कि मोहतरमा जो प्रवचन दे रही हैं, वह उन लोगों के लिए है, जो पहली बार सीट बेल्ट बांधने की कोशिश कर रहे हैं, अपन को तो सब पता है।

जब खाने-पीने को कुछ आए, तो लपकने की जरूरत नहीं है। ‘नो थैंक्स’ कहते हुए चेहरे को इतना सड़ा हुआ बनाएं, जिसका अर्थ हो कि आपको इन चीजों की जरूरत नहीं है। नजर मिलाकर बात नहीं करने वाला ही आदतन हवाई यात्री समझा जाता है। जहाज उतर रहा हो या चढ़ रहा हो, आपके चेहरे पर परमहंस वाला भाव होना चाहिए।

वैसे, मैं यह आपको बता क्यों रहा हूं, क्योंकि जब आप पहली बार बैठेंगे, तो यह सब अपने आप आ जाएगा, क्योंकि सहज दिखने के चक्कर में असहज वही शख्स नजर आता है, जो पहली-पहली बार उड़ान के लिए तैयार है। क्या जरूरी है कि हवाई जहाज में बैठकर ही वहां की बातें की जाएं। मैं भी तो कर रहा हूं, बगैर बैठे। आप भी करिएगा, बड़ा मजा आता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें