वैज्ञानिकों के अनुसार, इसके पीछे समुद्र की विभिन्न परतों के बीच पानी के बेहतर मिश्रण (ओशन वेंटिलेशन) और महासागरीय परिसंचरण में आए बदलाव की प्रमुख भूमिका है। समुद्र की सतह का पानी जब गहरे हिस्सों तक पहुंचता है, तो वहां ऑक्सीजन की आपूर्ति भी बढ़ती है। इस प्रक्रिया को वेंटिलेशन कहा जाता है।
यह अध्ययन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि दक्षिणी महासागर वैश्विक महासागरीय व्यवस्था का एक अहम हिस्सा है और गर्मी, कार्बन, पोषक तत्वों तथा ऑक्सीजन के वितरण को प्रभावित करने में बड़ी भूमिका निभाता है। ऐसे समय में, जब दुनिया जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, वनों की कटाई और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है, तब दक्षिणी महासागर के भारतीय क्षेत्र में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ना पर्यावरणीय संतुलन के लिहाज से एक अच्छी खबर है। समुद्र में घुलित ऑक्सीजन की उपलब्धता केवल जलीय जीवों के जीवन के लिए ही आवश्यक नहीं है, बल्कि यह समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के स्वास्थ्य का भी महत्वपूर्ण संकेतक है।
महासागर पृथ्वी के तापमान को नियंत्रित करने और वातावरण से कार्बन अवशोषित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए समुद्र की गहरी परतों में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ने का अर्थ केवल एक वैज्ञानिक उपलब्धि तक सीमित नहीं है। यह महासागरीय पारिस्थितिकी और पृथ्वी की जलवायु व्यवस्था को समझने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। हालांकि, इस खोज को वैश्विक पर्यावरणीय संकट के कम होने या महासागरों के स्वस्थ होने का संकेत मानकर निश्चिंत नहीं हुआ जा सकता।
महासागरों का व्यवहार अनेक प्राकृतिक और जलवायवीय कारकों से प्रभावित होता है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों और गहराइयों में होने वाले परिवर्तनों का लगातार अध्ययन करना जरूरी है। दक्षिणी महासागर के भारतीय क्षेत्र में ऑक्सीजन की बढ़ती मात्रा एक उत्साहजनक संकेत जरूर है, लेकिन इसे प्रकृति के साथ मनुष्य के टकराव का समाधान नहीं समझना चाहिए। प्रकृति के भीतर संतुलन कायम रखने वाली प्रक्रियाएं सक्रिय हैं, पर उनकी अपनी सीमाएं भी हैं। जरूरत इस बात की है कि हम इन संकेतों को समझें और अपनी विकास संबंधी प्राथमिकताओं तथा जीवनशैली में पर्यावरण के अनुकूल बदलाव लाएं। आखिरकार, महासागरों की सेहत भी पृथ्वी की सेहत से जुड़ी है।