स्वास्थ्य मनोवैज्ञानिक और हाउ टू विंटर
हार्नेस योर माइंडसेट टू थ्राइव ऑन कोल्ड, डार्क ऑर डिफिकल्ट डेज की लेखिका कैरी लेबोविट्ज कहती हैं, 'कई लोगों को सर्दी पसंद होती है, लेकिन अगर आप उनमें से नहीं हैं, तो 'आपको यह नहीं मानना चाहिए कि आप इस दौरान अधिक चिड़चिड़े हो जाएंगे।' वह बताती हैं कि अधिक सकारात्मक दृष्टिकोण रखने का मतलब कोहरे वाली सुबह या बर्फीली सड़कों को नकारना नहीं है। जब आप सर्दियों के मौसम को नजर अंदाज करते हैं, तो अपने जीवन के एक चौथाई हिस्से को नजर अंदाज कर रहे होते हैं।
उन्होंने और अन्य विशेषज्ञों ने भी मुझे बताया कि इस मौसम में खुलकर आनंद लिया जा सकता है। डॉ. लीबोविट्ज ने कहा कि वसंत का इंतजार करने के बजाय आरामदायक गतिविधियों की योजना बनाकर ठंडे मौसम का आनंद लें। उन्होंने सुझाव दिया कि आप उन किताबों की सूची बनाएं, जिन्हें आप इस मौसम में पढ़ना चाहते हैं। इसके अलावा, कुछ धीमी गति से किए जाने वाले शौक भी आजमा सकते हैं, जो आप घर बैठे कर सकते हैं, जैसे कि बेकिंग, बुनाई या पेंटिंग।
वर्मोंट विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान की प्रोफेसर और नैदानिक मनोवैज्ञानिक केली रोहन, जो मौसमी भावात्मक विकार का अध्ययन करती हैं, ने बताया कि वह गर्मियों की अवसादरोधी गतिविधियों को सर्दियों में शुरू करने के तरीके खोज रही हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर बाइक चलाना, लंबी पैदल यात्रा करना या समुद्र तट पर टहलना आपको खुशी देता है, तो सर्दियों में इसे आजमाएं।
प्रकृति को जरा प्यार से निहारने की आदत डालें। प्रकृति में सब कुछ ठंडा और मृत नहीं है! एडमॉन्टन के कॉनकॉर्डिया विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान की एसोसिएट प्रोफेसर होली-ऐनी पासमोर ने कहा कि अक्सर हम सर्दियों में प्रकृति को अनदेखा कर देते हैं। पर उन्होंने शोध में पाया है कि जब लोग प्राकृतिक परिवेश पर ध्यान देते हैं, तो यह उनके लिए बेहद सुकूनदेह होता है। उन्होंने कहा, जब आप टहलने जाएं या बस का इंतजार करें, तो पक्षियों और गिलहरियों पर ध्यान दें, या अपनी खिड़की के बाहर चांद या आकाश के बदलते रंग को देखें।