फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

सीवेज से झांकता वह आदमी: अंतरिक्ष में जाने की बातें... और अपनी सांसें देकर आपकी गंदगी साफ करते इंसान

नंदितेश निलय Published by: शिव शुक्ला Updated Sun, 21 Sep 2025 07:19 AM IST

सार

जब बारिश अपने देश वापस चली जाएगी, तो सड़कें, कॉलोनी और वे तमाम शहर, जो हिमाचल, पंजाब और एनसीआर में हैं, अपने सीवेज सिस्टम को असहाय देखेंगे और आवाज लगाएंगे उन मैनहोल स्कैवेंजर्स को, जो सिर्फ आर्थिक और मानवीय जज्बा लेकर उन बंद पड़े सीवेज को खोलने और उन शहरों को बचाने उतरेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला


कुछ भी नहीं बदलता। कहानी वहीं खत्म होती है, जहां से शुरू होती है। हमेशा एक आदमी जमीन के नीचे गायब दिखता है और दूसरा सतह पर थोड़ा जमीन से बाहर नजर आता है। तीसरा आदमी उनके बीच सड़क पर कुछ उकड़ूं बैठा है, और फिर दो सीवर के गड्ढों के बीच उसके घूमने की छवि भी नजर आती है। यह भी मालूम पड़ता है कि वे सीवर में बिना किसी सहारे के चढ़ते-उतरते हैं। उनके हाथ-पैर मैल से सने हैं। उनके श्रम के साथी पास में बिखरे पड़े हैं: एक बाल्टी, कुछ छड़ें और एक जंग लगी जंजीर। जी हां, हम जिक्र कर रहे हैं उन असाधारण तस्वीरों की उस शृंखला की, जो सुधारक ओल्वे ने 1999 और 2000 के बीच मुंबई के सफाई कर्मचारियों की ली थीं। और आज 2025 में भी उनकी हकीकत को बयां करती वे तस्वीरें नहीं बदली हैं।


इसलिए हमें अपने आप से पूछना चाहिए कि एक तरफ तो हम अंतरिक्ष में जा रहे हैं, दूसरी तरफ मैनहोल की सफाई करते-करते कितने लोग मौत के मुंह में पहुंच चुके। वह मैनहोल, जिसमें से निकलता कार्बन मोनोऑक्साइड्स उनकी सांसों को चोक कर देता है, वह मैनहोल, जो कारखानों और मनुष्यों के कचरों और मल-मूत्रों को लेकर बहता रहता है। आजाद भारत में धर्म और जाति की दुहाई देते इस समाज को एक बार अपने आप से यह प्रश्न जरूर पूछना चाहिए कि इस मैनहोल की सफाई जैसे सबसे दुखद और सबसे बुरा काम उन मनुष्यों को क्यों करना पड़ता है, जिनको अपने जीवनयापन के लिए दुर्गंध से भरे सीवर में घुसना पड़ता है। सुलभ शौचालय के महान नायक स्वर्गीय बिंदेश्वर पाठक ने समाज और मनुष्य की गरिमा और स्वच्छता के लिए क्या-क्या नहीं किया, लेकिन इस देश में तो अब भी कोई न कोई सीवर को साफ करने उतरता है और फिर उससे यह आशा की जाती है कि वह सिर्फ कुछेक रुपये के बारे में सोचे, जो उसे सीवर की सफाई के बाद मिल सकते हैं।


मैनुअल स्कैवेंजिंग को 1993 में ही गैरकानूनी घोषित कर दिया गया, फिर भी भारत में यह जारी है। आईआईटी, मद्रास के प्रयासों से भारत का पहला मैनहोल सफाई रोबोट भी आ चुका है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता अभियान को मजबूती प्रदान कर रहा है। उधर मिशन गरिमा के नाम से टाटा ट्रस्ट व ग्रेटर मुंबई नगर निगम (एमसीजीएम) की एक संयुक्त पहल भी शुरू हुई है, जिसका उद्देश्य मुंबई के सफाई कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ और मानवीय कार्य परिस्थितियों को बढ़ावा देते हुए उनके जीवन में गरिमा लाना है।


2015 में कोझिकोड में मैनहोल साफ करने के लिए नियुक्त सफाई कर्मचारियों और उन्हें बचाने की कोशिश करने वाले एक ऑटोरिक्शा चालक की कहानी ने एमके विमल गोविंद नाम के युवा और उसके कॉलेज के दोस्तों के प्रयास से रोबोट बैंडिकूट आया। इस रोबोटिक मशीन में एचडी विजन कैमरे और गैस सेंसर हैं। मगर इतने बड़े देश में कुछेक मशीनों से क्या होगा?


‘फाइबर ग्रिपर का उपयोग करके मैनहोल सफाई मशीन का डिजाइन और निर्माण’ शीर्षक शोधपत्र के अनुसार, 50 फीसदी सीवर कर्मचारी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण 50 वर्ष की आयु से पहले ही मर जाते हैं। अगर हम 2023 तक के सरकारी आंकड़ों को देखें, तो पाएंगे कि 2018-23 तक मैनहोल की सफाई करने के दौरान करीब चार सौ लोगों की मृत्यु हो गई। अभी 2025 में ही देश के विभिन्न हिस्सों से और भी सीवेज सफाई करने वालों की मृत्यु की खबर आई। ‘मैनुअल स्कैवेंजर्स के रूप में रोजगार का निषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013’ के अनुसार,  किसी भी व्यक्ति द्वारा मानव मल को हाथ से साफ करने, या ले जाने, निपटाने पर प्रतिबंध है। फिर भी मैनहोल में उसे साफ करने को कोई न कोई उतर ही रहा है। अगर हम फ्रांस, स्वीडन, जापान को देखें, तो पाएंगे कि मशीनों के अलावा अगर मनुष्य भी किसी सीवर लाइन के जाम होने पर मैनहोल के अंदर उतरता है, तो वह किसी जाति की उम्मीदवारी के लिए नहीं उतरता, बल्कि वह एक पेशेवर प्रशिक्षित व्यक्ति होता है।


भारत में सबसे गरीब और सबसे हाशिये पर रहने वाले व्यक्ति को बिना किसी सुरक्षात्मक उपकरण के गंदे, बदबूदार सीवरों को खोलने या सेप्टिक टैंक साफ करने के लिए मैनहोल में भेजा जाता है। नतीजतन जहरीले धुएं के घुटन से उसकी मृत्यु हो जाती है। ऐसे सफाई कर्मचारियों का पुनर्वास किया जाना था। इस प्रथा से हर कोई वाकिफ है। चैतन्य तम्हाणे की कोर्ट जैसी पुरस्कार विजेता फिल्में सफाई कर्मचारियों की दुर्दशा को दर्शाती हैं। इस घृणित काम के लिए मशीनों का आविष्कार किया गया है। फिर भी हाथ से मैला ढोने की प्रथा जारी है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next