रोजमर्रा की आपाधापी में हम अक्सर उन छोटे-छोटे पलों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो हमारे चेहरे पर सहज मुस्कान ला सकते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि जीवन का असली सुकून इन्हीं साधारण चीजों में छिपा है। जब आपका पसंदीदा गाना बजे, तो दुनिया की परवाह किए बिना झूम उठिए। संगीत में पूरी तरह खो जाने की यह मासूम खुशी दिल का बोझ हल्का कर देती है।
दूसरों के साथ छोटी-सी खुशी साझा करना भी आपके दिन को खुशनुमा बना सकता है। इंटरनेट के कुछ कोने हमें अनोखे तरीके से लोगों से जोड़े रखते हैं। जैसे, ताश के पत्तों का वही पुराना खेल, जिसे हम कभी बोरियत मिटाने के लिए खेला करते थे। अगर उसे कुछ ऐसे खेला जाए कि आप अपने साथ-साथ दुनियाभर के अजनबियों को भी उसमें शामिल कर सकें, तो खेल का पूरा एहसास ही बदल जाता है। सब अपनी-अपनी जगह पर अकेले हैं, मगर एक ही जैसी छोटी-छोटी जीतों का जश्न एकसाथ मना रहे हैं। यह हमें एहसास दिलाता है कि हम अपने दायरों में अकेले होकर भी वास्तव में अकेले नहीं हैं। इसके अलावा, जिंदगी में आने वाले लोगों और मुलाकातों को किसी गेस्ट बुक या तस्वीरों के जरिये सहेजना हमें इस बात का आभास कराता है कि हमारा जीवन कितने आत्मीय रिश्तों से समृद्ध रहा है।
अकेलेपन के इस दौर में दोस्तों और परिवार के साथ मिलकर रहना, खाना खाना और खुशियां बांटना एक आदर्श जीवनशैली है, जो व्यावहारिक चुनौतियों के बावजूद, अपनापन महसूस कराती है। वहीं जब मन संदेह और उलझनों से घिर जाए, तो अमेरिकी उपन्यासकार ऐनी लैमॉट के ‘चार अटल नियम’ हमें स्वीकार्यता का गहरा सुकून देते हैं कि जो मौजूद हैं, वही सही लोग हैं, जो शुरू हुआ, वही सही वक्त था, जो हुआ, वही हो सकता था, और जो खत्म हुआ, वह पूरा हो चुका है। अंत में, हवाई जहाज की खिड़की से या जमीन पर रहकर बादलों व तारों को निहारना अपने आप में सुकून भरा है। यह हमें सिखाता है कि हमारी परेशानियां उनके सामने कितनी छोटी हैं।
शायद जिंदगी को खुशनुमा बनाने के लिए बहुत कुछ बदलने की जरूरत नहीं। कभी पसंदीदा गाना सुनिए, कभी किसी के साथ खुशियां बांटिए, यादें सहेजिए, कुछ चीजें छोड़ दीजिए और तारों को निहारना मत भूलिए।