देखो जी, दुनिया में बच्चे तो लावारिस हो सकते हैं, पर फाइलें लावारिस नहीं हो सकतीं। देश का भविष्य तो लावारिस हो सकता है, पर भूत तथा वर्तमान से जुड़ी फाइलें लावारिस कैसे हो सकती हैं? अलबत्ता एक बार फाइलों के भी लावारिस होने का खतरा पैदा हो गया था। विपक्ष ने कोयला आवंटन संबंधी फाइलों के गायब होने पर प्रधानमंत्री से जवाब देने की मांग की थी। उस पर नाराज होकर उन्होंने कहा था कि मैं फाइलों की रखवाली करने के लिए नहीं हूं।
कायदे से वह देश की रखवाली करने के लिए हैं। पर लोग कहते हैं कि वह कर नहीं पा रहे। रखवाली की बात हो, तो जी, बात सिर्फ सीमा की नहीं होती। सीमा पर भी हालांकि घुसपैठ होती ही रहती है। हां, यह सच है कि कारगिल जैसी नहीं हुई है। पर रखवाली खजाने की भी होती है। और खजाने की तो खूब लूट हुई है-राजा और कलमाडी टाइप की। रखवाली प्राकृतिक संपदा की भी होती है। पर उनकी तो खूब लूट हुई है, जैसे कोयले की हुई। जब ये सब लूटें हो रही थीं, तो देश का रखवाला होने के नाते उन्होंने अपनी लाठी की ठक-ठक तक नहीं की। पर यह कहना भी गलत होगा कि वह सो रहे थे। और यह कहना भी गलत होगा कि उन्होंने आंखें बंद कर ली थीं। हां, यह जरूर हो सकता है कि उन्होंने आंखें फेर ली हों। तो रखवाली की बात हो, तो बात सिर्फ सीमा की ही नहीं होती। खजाने की, प्राकृतिक संपदा की और यहां तक कि फाइलों की भी होती है। और फिर कोयला मंत्रालय तो उनके ही अधीन था और कोयले की फाइलों की रखवाली उन्हें करनी ही थी। पर वह बोले कि मैं फाइलों का रखवाला नहीं हूं।
बस जी, इसी से फाइलों के लावारिस होने का खतरा पैदा हो गया। लावारिस होने का एक अर्थ तो यह है कि फाइलें अब फालतू हो गई हैं, जैसे कई बार भगवान जी भी लावारिस पाए जाते हैं, किसी पीपल के पेड़ के नीचे, जब उनकी कोई मूर्ति या तस्वीर घर में फालतू हो जाती है। दूसरा अर्थ यह कि फाइलें बोझ हो गई हैं, जैसे कई बार घर के बुजुर्ग हो जाते हैं और फिर लावारिस पाए जाते हैं। या फिर यह कि उनका माई-बाप नहीं है। जैसे फुटपाथ और रेलवे स्टेशनों पर पाए जानेवाले बच्चे होते हैं। पर फाइलों को ऐसा नहीं होना चाहिए था। फाइलें तो देश चलाती हैं। फिर भी पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं फाइलों का रखवाला थोड़े ही हूं। शुक्र है कि उन्होंने नाराज होकर कभी यह नहीं कहा कि मैं देश का रखवाला थोड़े ही हूं।