फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

दुनिया की पहली कार्बन मुक्त राजधानी: 2050 तक शून्य उत्सर्जन का लक्ष्य… इस शहर के तरीकों से सीखना जरूरी

अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 10 Dec 2024 06:35 AM IST

सार

दुनिया के देशों का 2050 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य है, जबकि कोपेनहेगन शहर अगले साल इस लक्ष्य को हासिल कर लेगा। 2025 तक कोपेनहेगन की अधिकांश कारें बिजली, हाइड्रोजन या जैव ईंधन पर चलेंगी। इस शहर को साइकिल से घूमने के अनुकूल भी बनाया गया है, जिससे अधिकांश लोग साइकिल की यात्रा को प्राथमिकता देते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
शून्य कार्बन उत्सर्जन के मामले में डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन दुनिया के सामने मिसाल - फोटो : एनएनआई / रॉयटर्स


कोपेनहेगन एक कार्बन तटस्थ शहर के रूप में वैश्विक आदर्श प्रस्तुत कर रहा है। इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए हरित अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने, ऊर्जा आपूर्ति को टिकाऊ स्रोतों में बदलने, इमारतों में हरित प्रौद्योगिकी के समावेशन, अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार और परिवहन एवं सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे इस शहर की जलवायु परिवर्तन से मुकाबले और सतत विकास के लक्ष्य को हासिल करने में इसकी पूर्ण भागीदारी हो।


गौरतलब है कि कोपेनहेगन का जिला हीटिंग नेटवर्क दुनिया की सबसे बड़ी एकीकृत जिला हीटिंग प्रणाली है, जो इस शहर की 98 प्रतिशत इमारतों को गर्म करने का काम करता है। इस प्रणाली को चलाने के लिए कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त कर बायोमास (जैव ईंधन) का इस्तेमाल किया जा रहा है। दूसरी तरफ वहां की इमारतों को ठंडा करने के लिए बंदरगाह से पानी लिया जाता है, जिसके लिए व्यापक पाइपलाइन नेटवर्क स्थापित किया गया है।


इसके अतिरिक्त, 100 पवन टर्बाइन, हजारों वर्ग मीटर के सौर पैनल और जैविक अपशिष्टों का बायोगैसीकरण, जैसे कदम इस लक्ष्य को साकार कर रहे हैं। वहीं, कोपेनहेगन ने 2025 तक 100 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा का इस्तेमाल करने का लक्ष्य रखा है। कोपेनहेगन में पवन और भूतापीय ऊर्जा के इस्तेमाल पर भी विशेष जोर है। यही नहीं, वहां 75 प्रतिशत यात्राएं पैदल या सार्वजनिक परिवहन द्वारा की जाती हैं। वहां 2025 तक शहर की अधिकांश कारें बिजली, हाइड्रोजन या जैव ईंधन पर चलेंगी। इस शहर को साइकिल से घूमने के अनुकूल भी बनाया गया है, जिससे अधिकांश लोग साइकिल की यात्रा को प्राथमिकता देते हैं।


शहर की जलवायु योजना में हरित शिक्षा और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है। कर्मचारियों और श्रमिकों को भी पर्यावरण-अनुकूल कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों जैसे किंडरगार्टन और अस्पतालों में कम मांस परोसने जैसी नीतियां लागू की गई हैं, जिससे पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इन समग्र प्रयासों के माध्यम से कोपेनहेगन न केवल एक हरित और स्मार्ट शहर बनने की दिशा में बढ़ रहा है, बल्कि यह टिकाऊ विकास के लिए वैश्विक प्रेरणा भी बन रहा है। कोपेनहेगन का मॉडल यह स्पष्ट करता है कि शहरीकरण और सतत विकास परस्पर विरोधी नहीं हैं, बल्कि सही दृष्टिकोण और योजनाबद्ध प्रयासों के माध्यम से इन्हें एक-दूसरे का पूरक बनाया जा सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next