फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

जरूरी सवाल: कार्यपालिका बनाम न्यायपालिका पर राष्ट्रपति के सवाल अभूतपूर्व; शासन के अंगों के बीच कुछ सीमा जरूरी

अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 16 May 2025 05:31 AM IST

सार

शीर्ष अदालत के तमिलनाडु में राज्यपाल की अनुमति के बगैर ही विधेयकों को पारित करने के फैसले पर अभूतपूर्व प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जो 14 सवाल उठाए हैं, वे बेहद जरूरी हैं और न्यायपालिका की भूमिका के मद्देनजर शासन के अंगों के बीच कुछ सीमाओं की जरूरत को भी रेखांकित करते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू - फोटो : ANI


उल्लेखनीय है कि संविधान का अनुच्छेद 143 (1) राष्ट्रपति को कानूनी और सार्वजनिक महत्व के मामलों में सर्वोच्च न्यायालय की राय लेने की अनुमति देता है। भारत का संविधान राष्ट्रपति और राज्यपालों को विधेयकों की समीक्षा और मंजूरी के लिए कुछ विवेकाधीन शक्तियां देता है, ताकि वे यह सुनिश्चित कर सकें कि विधायी प्रक्रिया परिसंघीय और सांविधानिक मूल्यों के अनुरूप हो। ऐसे में, राष्ट्रपति का यह सवाल बिल्कुल तार्किक है कि क्या न्यायिक आदेशों के जरिये राष्ट्रपति या राज्यपालों के विवेकाधीन अधिकारों को सीमित किया जा सकता है।


दरअसल, सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में कहा था कि राज्यपाल की तरफ से भेजे गए विधेयक पर राष्ट्रपति को तीन महीने के भीतर फैसला लेना होगा। इस पर राष्ट्रपति की यह आपत्ति बिल्कुल जायज है कि क्रमश: राज्यपालों और राष्ट्रपति पर लागू होने वाले संविधान के अनुच्छेद 200 और 201 में ऐसी किसी समय-सीमा का उल्लेख नहीं है। विधेयकों को मंजूरी देने में विलंब कोई आज की नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही समस्या है, खासकर उन राज्यों में, जहां केंद्र से भिन्न दलों की सरकारें रही हैं।


सर्वोच्च अदालत का तीन महीने की समय-सीमा वाला फैसला इस समस्या के समाधान का प्रयास बताया जा रहा था, लेकिन राष्ट्रपति के सवाल उचित ही इशारा करते हैं कि इस तरह के समाधान सांविधानिक ढांचे के भीतर होने चाहिए, न कि न्यायिक हस्तक्षेप के जरिये। तमिलनाडु के मामले में दो न्यायाधीशों की पीठ ने अनुच्छेद-142 की विशेष शक्तियों को आधार बनाते हुए राज्यपाल की अनुमति के बगैर ही जिस तरह से विधेयकों को मंजूरी दी थी, वह न्यायपालिका के कार्यपालिका से टकराव का स्पष्ट उदाहरण है।


राष्ट्रपति मुर्मू के 14 सवाल उन सीमाओं की जरूरत को इंगित करते हैं, जो इस टकराव की आशंकाओं के मद्देनजर जरूरी हो जाती हैं। इस संदर्भ में अब इन सवालों के जवाब देने के साथ यह भी जरूरी है कि नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गवई एक ऐसा रास्ता निकालें, जो संविधान के सिद्धांतों का सम्मान करे और विधायी प्रक्रिया में भी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करे। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next