1940 के दशक में डोनाल्ड डक पूरी दुनिया के लिए आइकन बन चुके थे। यूरोप और अमेरिका में बच्चों की किताबों से लेकर द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अमेरिकी सरकार के घरेलू प्रचार तक में डोनाल्ड डक छाया रहा। डोनाल्ड को उन कार्टूनों में अभिनय करते हुए दिखाया गया, जो अमेरिकियों को युद्ध को समर्थन देने की खातिर प्रोत्साहित करने के लिए बनाए गए थे। इन लघु एनिमेशन फिल्मों में लोगों को अमेरिका के सरकारी बॉन्ड में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने से लेकर हिटलर को सनकी तानाशाह बताकर उसका उपहास उड़ाने तक की बातें शामिल हैं। बाद वाली लघु एनिमेटेड फिल्म डेर फ्यूहरर्स फेस ने डोनाल्ड को 1943 में पहला ऑस्कर दिलाया, हालांकि जापानी लोगों के व्यंग्यात्मक चित्रण के कारण उसकी तबसे काफी आलोचना होती रही है।
डोनाल्ड डक आज भी उतना ही लोकप्रिय है, जितना वह बीसवीं सदी के मध्य में था। मीडिया शोधकर्ता क्रिस रोजेक ने मशहूर हस्तियों के वर्गीकरण में डोनाल्ड डक का भी उदाहरण दिया है। डक एक आदर्श मशहूर हस्ती का प्रतिनिधित्व करता है, जो एक काल्पनिक किरदार है और 'लोकप्रिय संस्कृति (पॉपुलर कल्चर) की एक संस्थागत विशेषता है।' डिज्नी के अन्य किरदारों के विपरीत डोनाल्ड की कहानियां वर्तमान में घटित होती हैं और दर्शकों एवं पाठकों के लिए समकालीन होती हैं। महिला किरदारों के साथ उसके रिश्ते में यह बात साफ झलकती है।
डोनाल्ड के प्रारंभिक दिनों में महिला किरदारों को अक्सर सुंदरता, घरेलूपन और पितृसत्ता की अधीनता को दर्शाने तक ही सीमित रखा जाता था, जो दुनिया भर की महिलाओं के अनुभवों को दर्शाता था। उदाहरण के लिए, डेजी डक को मूल रूप से कभी भी अपनी नौकरी करते हुए या किसी कॅरिअर में नहीं दिखाया गया है, इसके विपरीत डोनाल्ड डक को कई तरह के रोजगार में दिखाया गया है, जिनमें निजी जासूस, डाक कर्मचारी और सेल्समैन सहित कई नौकरियां शामिल हैं। हालांकि हाल के वर्षों में आधुनिक दुनिया को प्रतिबिंबित करने के लिए महिला पात्रों का विकास हुआ है। इसमें डोनाल्ड की बहन डेला डक जैसे पात्रों को पहली बार कथानक में उपस्थित करना भी शामिल है। डेला एक कुशल पायलट है, जिसे अक्सर एक्शन दृश्यों के बीच में देखा जा सकता है और कॉमिक बुक सीरीज डकटेल्स (2018) के कथानक के साथ-साथ इसी नाम से बने टेलीविजन शो के लिए भी वह एक अनिवार्य किरदार है। इन कहानियों में डेला डक, डेजी डक और अन्य महिला किरदारों के पास एजेंसी है और वे मुख्य पात्र हैं और महज पुरुष पात्रों का समर्थन करने के लिए नहीं हैं।
इस बात में कोई दो राय नहीं कि डोनाल्ड डक सुदूर आकाशगंगा (दूसरी दुनिया) से आने वाले एलियन या 'एक समय की बात है' जैसी कहानियों के राजकुमार या राजकुमारियों की तुलना में ज्यादा भरोसेमंद किरदार है। इसकी वजह यह है कि डोनाल्ड या उसके दोस्त रोजमर्रा की उन्हीं चुनौतियों का सामना करते हैं, जिनसे हम दो-चार होते हैं और वे उन्हीं खुशियों का आनंद लेते हैं, जिनकी अनुभूति हमें होती है। उन्हें भी हमारी तरह ट्रैफिक जाम, नौकरी से असंतुष्टि का सामना करना पड़ता है और उन्हें भी हमारी तरह समुद्री इलाके में छुट्टी मनाना या उत्सव या समारोह में परिवार के लोगों के साथ मिलना-जुलना या इसी तरह की चीजें अच्छी लगती हैं। इसलिए डोनाल्ड जिस स्थिति में खुद को पाता है, दर्शकों के लिए उसके साथ सहानुभूति रखना, उसे पहचानना और उसकी भावनाओं को समझना मुश्किल नहीं लगता है। दर्शक उसके दुख-सुख के साथ अपने जीवन की घटनाओं को जोड़ने लगते हैं। पिछले 90 वर्षों से दर्शकों के साथ डोनाल्ड के अनुभवों का यही जुड़ाव इसकी सफलता और लोकप्रियता का महत्वपूर्ण कारण रहा है। डोनाल्ड डक के किरदार के लिए प्रासंगिक कुंठाएं उसकी कहानियों के महत्वपूर्ण विषय रहे हैं। 1930, 1940 और 1950 के दशक में जिन एनिमेटेड लघु फिल्मों में डोनाल्ड ने अभिनय किया था, उनमें डोनाल्ड ने रेडियो और टेलीविजन के तकनीकी विकास का आनंद उठाया। और डकटेल्स में उसके सबसे हालिया एनिमेडेट प्रदर्शन में डोनाल्ड के किरदार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म क्वैकचैट का उपयोग करते हुए दिखाया गया है, जो निश्चित रूप से स्नैपचैट की नकल है।
डोनाल्ड डक पूरी दुनिया में हमेशा से लोकप्रिय है, क्योंकि वह आम आदमी की तरह है, हर कोई उसे अपने निजी सुख-दुख से जोड़कर देखता है। दुनिया भर के लोग आज भी उससे अपना जुड़ाव महसूस करते हैं और जीवन की कठिनाइयों के प्रति गुस्से में उसके नखरे को देखकर उस पर हंसते हैं। वह हमें अपनी कुंठाओं को 'द सिम्पसन' के होमर सिम्पसन या 'फैमिली गाय' के पीटर ग्रीफिन जैसे वयस्क कार्टून के सितारों के साथ तुलनात्मक रूप से प्रस्तुत करने का एक तरीका प्रदान करता है। जब तक डोनाल्ड डक समाज के साथ अपना तालमेल बनाए रखेगा, और जब तक उस बदलती हुई दुनिया को प्रतिबिंबित करता रहेगा, जिसमें हम सब रहते हैं, तब तक इस डक (बत्तख) के हमारे जेहन से उड़कर कहीं और चले जाने की कोई आशंका नहीं है।