फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बधाई हो, काला धन आ रहा है

Tue, 04 Dec 2012 10:47 PM IST
पूरन सरमा
विज्ञापन
विज्ञापन
सरकारी सूत्रों से पता चला है कि काला धन भारत आ रहा है। सरकार ने उसे लाने की कवायद अब शुरू कर दी है। इस पर मेरे मित्र दीनदयाल जी बहुत खुश हैं। उनका मानना है कि काला धन एक बार देश में आ गया, तो फिर हर नागरिक का जीवन खुशहाल होगा। फिर न महंगाई सताएगी, न पेट्रोल-डीजल की बढ़ती हुई कीमत। तब आम आदमी इतना सक्षम होगा कि यदि वह धन जनता में बांट दिया गया, तो किसी को खाने-कमाने की चिंता नहीं सताएगी।
विज्ञापन


दीनदयाल जी ने जी मुझसे कहा, बधाई हो शर्मा, काला धन स्वदेश आ रहा है। लो, मुंह मीठा करो।
हलक से मिठाई नीचे उतारकर मैंने उनसे पूछा, आपको कैसे मालूम हुआ कि वह कलमुंहा आ रहा है?
गाली मत दो शर्मा उसे। गरीबी के दिन अब लद गए समझो। जहां तक मुझे पता चलने की बात है, तो क्या तुम अखबार नहीं पढ़ते? चूंकि इसे लाने का मुद्दा बाबा रामदेव और अन्ना हजारे ने उठाया था, इसलिए पहले उनको बधाई।

लेकिन काला धन तो वर्षों से आ रहा है। अब क्या वह खुद पैदल चलकर आएगा?
हां, वैसे ही, जैसे एफडीआई के लिए रास्ते खुल गए हैं। इससे चीजें सस्ती हो जाएंगी, खुशी-खुशी दीनदयाल जी बोले।
मैंने कहा, बैंगन तो सस्ता हुआ नहीं, जिससे गुरु जी ने परहेज करने के बारे में बताया है। फिर और क्या सस्ता होगा? काला धन काले लोगों की काली कमाई है, वे क्या यों ही लुटा देंगे अपना धन? थोड़ा भेजा फ्राई करो, तो पता चलेगा कि बहुतेरे नेताओं का पैसा पड़ा है विदेशी बैंकों में। उनको पागल कुत्ते ने काटा है क्या, जो वे अपना धन यों ही दे देंगे!
विज्ञापन


दीनदयाल जी पर मेरे कहने का कोई असर नहीं पड़ा। वह कह रहे थे, शर्मा और बताऊं! केजरीवाल सत्ता में आ रहा है। आम आदमी पार्टी का गठन हो चुका है। कांग्रेस और भाजपा का आगामी चुनाव में सूपड़ा साफ होगा। आम आदमी के पास चली जाएगी सत्ता। पूंजीपतियों की खैर नहीं। चुपचाप काला धन निकालकर दे देंगे केजरीवाल को। भलामानुस केजरीवाल वह धन जनता में बांट देंगे। अब मान भी जाओ कि काला धन वापस आ रहा है। मुझे भी लगने लगा है कि काला धन सचमुच स्वदेश आ रहा है। एक बार काला धन आ गया, तो किसी को कोई कष्ट ही नहीं रहेगा और हमारा देश वापस सोने की चिड़िया बन जाएगा।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें