फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

चिप युद्ध की सबसे नाजुक कड़ी: क्या एनवीडिया का संकट एआई की चमक फीकी कर सकता है?

एंड्रयू कलन, प्रोफेसर मेलबर्न यूनिवर्सिटी Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 13 Nov 2026 04:16 AM IST

सार

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद और अब उनके इस्तीफे ने अमेरिका-चीन के चिप युद्ध में एक नया मोर्चा खोल दिया है। अगर इसकी आंच दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी की साख व तकनीकी शक्ति संतुलन तक पहुंचती है, तो वैश्विक एआई उद्योग के सामने बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
जेन्सन हुआंग, सीईओ एनवीडिया - फोटो : अमर उजाला/एजेंसी


एनवीडिया एआई और डाटा सेंटरों में इस्तेमाल होने वाली अत्यधिक उन्नत एआई चिप्स की दुनिया की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता है, और कुछ अनुमानों के अनुसार, इसका मार्केट शेयर 80 फीसदी से अधिक है। खरबों डॉलर की यह कंपनी शुरुआत में ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) नामक चिप्स बनाती थी, जिनका इस्तेमाल मुख्य रूप से वीडियो गेम के लिए किया जाता था। हालांकि, ये चिप्स और इनके बाद आए नए वर्जन एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने तथा उनके इस्तेमाल की खातिर जरूरी जटिल गणनाओं के लिए एकदम उपयुक्त साबित हुए। 


गूगल और एएमडी जैसी अन्य कंपनियों ने भी ऐसे चिप बनाने की कोशिश की है, जो गति और दक्षता के मामले में एनवीडिया को टक्कर दे सकें, लेकिन इनमें से कोई भी एआई बाजार में एनवीडिया के दबदबे को खत्म नहीं कर पाया है। चीन के एआई विकास को रोकने की अमेरिकी सरकार की रणनीति में एनवीडिया ने अहम भूमिका निभाई है। 2022 से चीन को एनवीडिया के सबसे शक्तिशाली चिप्स की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, पिछले साल इन पाबंदियों में कुछ ढील दी गई थी। चीनी कंपनियों ने बार-बार अमेरिकी प्रतिबंधों की सीमाओं का उल्लंघन करने की कोशिश की। दक्षिण-पूर्व एशियाई कंपनियों, जिनमें एलिस हुआंग की पूर्व नियोक्ता कंपनी ‘मेगास्पीड’ भी शामिल है, पर एनवीडिया से चिप्स खरीदकर उन्हें चीन भेजने का आरोप लगा है। जेनसन हुआंग ने अमेरिकी चिप निर्यात प्रतिबंधों में ढील देने के लिए पुरजोर पैरवी की। एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों के सामने आने के बाद, अब इस बात को एक नए नजरिये से देखा जा रहा है। व्यापार के आंकड़ों से पता चलता है कि एक ही साल में सिंगापुर से चीन में तीन अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य की चिप्स भेजी गईं और इतनी ही मात्रा में चिप्स मलयेशिया से भी भेजी गईं। प्रतिबंधित एनवीडिया चिप्स तक चीनी कंपनियों की पहुंच बनाना भी तेजी से बढ़ता कारोबार बन गया है। 


एआई के उछाल के साथ एनवीडिया का बाजार मूल्य काफी बढ़ गया है। हालांकि, ‘हुआंग घटना’ के सामने आने के बाद कंपनी के शेयरों की कीमत फिलहाल गिर गई है। कुछ विश्लेषकों ने सवाल उठाया है कि क्या कंपनी ने प्रतिबंधों को नजरअंदाज करके अपनी बिक्री के आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया है। ऐसी खबरें भी हैं कि एनवीडिया के एक अधिकारी ने अमेरिकी अधिकारियों पर दबाव डाला था, ताकि ‘मेगास्पीड’ के साथ कंपनी के संबंधों की हो रही जांच को रोका जा सके। खबरों के अनुसार, अब एनवीडिया कंपनी के खिलाफ आपराधिक जांच चल रही है। साथ ही, अमेरिकी तकनीकी नियामक भी सक्रिय हो गए हैं। अमेरिकी कांग्रेस ने जेनसन हुआंग से एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है, और यह भी पूछा है कि एनवीडिया खुद को विदेशी जासूसी से कैसे बचाता है। अगर एनवीडिया को इस बात की गारंटी देने के लिए मजबूर किया जाता है कि उसके चिप्स चीन में न जाएं, तो उसकी बिक्री प्रक्रिया पूरी तरह से ठप हो सकती है। और, अगर एनवीडिया मुश्किल में फंसती है, तो इसके वित्तीय परिणाम कहीं अधिक व्यापक हो सकते हैं।


एआई क्षेत्र में ‘सर्कुलर फाइनेंसिंग’ (एक-दूसरे में निवेश करने का चलन) काफी आम है, जहां कंपनियां अपने ही आपूर्तिकर्ताओं या ग्राहकों में निवेश करती हैं। इस चक्र में एनवीडिया एक अहम खिलाड़ी है। निवेशक पहले से ही इस बात को लेकर चिंतित हैं कि क्या एआई में लगाई गई भारी-भरकम रकम से कभी मुनाफा मिल पाएगा। एआई मॉडल बनाने वाली प्रमुख कंपनियां एंथ्रोपिक और ओपनएआई, पब्लिक लिस्टिंग या नई फंडिंग राउंड की ओर बढ़ रही हैं, लेकिन इन दोनों को ही कठोर वास्तविकताओं का सामना करना पड़ रहा है। ओपनएआई ने अपनी प्रस्तावित स्टॉक मार्केट लिस्टिंग को टाल दिया है। एंथ्रोपिक की संभावित शेयर मार्केट लिस्टिंग को लेकर चर्चा है कि इसे ‘जंक बॉन्ड’ (निम्न श्रेणी की) रेटिंग मिल सकती है, जिसका मतलब है कि यह एक उच्च जोखिम वाला निवेश है। डाटा सेंटर कंपनियों की कीमत भी घट रही है, क्योंकि उन्हें स्थानीय समुदायों के विरोध और ऊर्जा की बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है।


साफ है कि एनवीडिया एक गहरे संकट का सामना कर रही है। अमेरिका में एआई और डाटा सेंटरों के खिलाफ विरोध की लहर चल रही है, अमेरिकी जांचकर्ता मामले पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं, और कंपनी का अपना बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स भी इसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की जांच कर रहा है। इसके अलावा, दशकों से एनवीडिया, जेनसन हुआंग के निजी ब्रांड से अभिन्न रूप से जुड़ा रहा है और अब यह ब्रांड कुछ हद तक धूमिल हो गया है। अब तक, निवेशकों ने पूरे एआई इकोसिस्टम के दूरदर्शी वित्तीय जोखिम का आकलन करने वाले के रूप में कंपनी और जेनसन का समर्थन किया है। अगर इसमें कोई बदलाव आता है, या कंपनी किसी तरह अपनी राह से भटक जाती है, तो एआई उद्योग के सामने आने वाली समस्याओं में जीपीयू की कमी शायद सबसे छोटी समस्या होगी।

    -द कन्वर्सेशन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next