भारत में स्कूल में पढ़ते हुए रॉम ने सपना देखा था कि एक बार मायामी सर्पेंटरियम अवश्य जाएंगे- अमरीका में स्थित सांपों को रखने कि जगह जिसे सुप्रसिद्ध सांपों के जानकार विलियम 'बिल' हास्ट चलाते थे। जब वे 1963 में 20 साल के हुए तो यह सपना सच हुआ और उन्हें तुरंत ही वहां नौकरी भी दे दी गयी।
यह ऐसा पहला मौका था जब रॉम कईं विषैले सांपों के साथ काम कर रहे थे। नए सांपों का आवागमन हमेशा रोमांचकारी रहता था। ऐसे ही एक बार प्रसिद्ध अफ़्रीकी सरीसृप विशेषज्ञ सी.जे.पी आयोनाइड्स (जिन्हें स्थानीय लोग 'आयोडीन' बुलाते थे) ने तंजानिया से कुछ भेजा। वो एक टिन का डब्बा था जैसे हमारे केरोसीन रखने के कनस्तर होते हैं जिसे ऊपर से सोल्डर कर दिया गया था और उसके ऊपर बड़े काले अक्षरों में लिखा था- "खतरा, ब्लैक माम्बा"।
जैसे ही डिब्बे को खोला गया उसमे से माम्बा सांप उछल पड़ा। उसे किसी बैग में नहीं डाला गया था। रॉम को याद है कैसे वो हतप्रभ होकर उस सांप को देख रहे थे - 3 फीट ऊंचा और पतला सा फन निकालता। हास्ट सांप के पास दबे पांव से चल रहे थे, पर सांप झट से उनकी ओर मुड़ते हुए धीरे धीरे अपने कैद से निकल रहा था। जब वो पूरी तरह बाहर आया वो लगभग 8 फ़ीट लम्बा था।
परिस्तिथि जैसी भी हो, हास्ट ऐसे व्यक्तियों में से नहीं थे जो अपने मनोभाव प्रकाशित करें। जैसा कि एक बार, उन्होंने एक पिंजरा खोला और वहां रहने वाला हरा माम्बा सांप एकदम से बाहर निकला और उनके जांघ पर दांत गढ़ा दिए। उनके सफेद पेंट पर खून के लाल निशान दिखने लगे। पर उन्होंने बिना तनाव में आये, सांप को पकड़ा, उसका विष निकाला और वापस उसे अपने डब्बे में डाल दिया।
हास्ट ने न कोई घबड़ाहट दिखाई न हड़बड़ाहट जबकि अंदर ही अंदर वे अवश्य ही बहुत पीड़ा में होंगे और अपने आप को कोस रहे होंगे। रॉम को तो उस समय ऐसा लगा मानो यह एक पीड़ादायक विलोम है और हास्ट को तुरंत अस्पताल में होना चाहिए जहां इस आपातकालीन घटना की खबर पंहुचा दी गयी थी। हास्ट सांप के विष के शरीर में फैलने के लक्षण की प्रतीक्षा कर रहे थे, पर जब उन्होंने पाया कि ऐसा नहीं हुआ क्यूंकि सांप ने कांटते समय कोई विष नहीं छोड़ा था, वे अपना काम करते रहे।
खुद को इम्मुनाई या विष के असर से विमुक्त करने के लिए हास्ट कई दशकों से अपने आप को विषैले सांपो के विष का एक छोटा सा मिश्रण सुई से लगा रहे थे जैसे की कोबरा, क्रैट और कोरल सांप के विष। इस तरीके को 'मिथ्रीदटाइजेशन' कहा जाता है तुर्क के राजा मिथ्रीडेट्स के नाम पर क्योंकि ऐसा माना जाता है की खुद को विष के असर से बचाव के लिए यह प्रयोग करने वाले वे प्रथम व्यक्ति थे।
1965 में एक दक्षिण अमरीकी स्कूल छात्र को कोरल सांप ने डस लिया। उस समय इसके लिए कोई भी विषरोधक मौजूद नहीं था और अमरीकी सरकार सद्भावना के नाते नाटकीय तरीके से बच्चे की जान बचाने में जुट गयी। सर्पेंटरियम के आसपास वाहनों की आवाजाही को रोका गया जिससे की हास्ट को तुरंत ही हेलीकॉप्टर से होमस्टेड वायु सेना बेस ले जाया जा सके।
जेट प्लेन पहले ही यहां उनकी प्रतीक्षा में खड़ा था जिससे उन्हें वेनेज़ुएला ले जाया गया जहां बच्चा मरने की कगार पर था। क्योंकि हास्ट का खून उस बच्चे से मिलता था, उसे तुरंत ही उनका खून दिया गया और उसे बचा लिया गया। ऐसा कहा जाता है कि अपने 'विषावरोधक खून' से हास्ट ने करीब 21 जाने बचायी।
रॉम ने विएतनाम युद्ध के लिए अनिवार्य रूप से सेना में भर्ती होने से पहले हास्ट के लिए दो वर्ष तक काम किया।
1990 में रॉम और मैं हास्ट और उनकी पत्नी नैंसी से मिलने उनके फ़ार्म फ्लोरिडा गए।सर्प विष के कारण उनके हाथ विकृत हो गए थे, फिर भी मैं हैरान होकर देखती रही कि कैसे वे हलके हाथों से कोरल सांपों को पकड़ कर उनका विष निकाल रहे थे। 87 की उम्र में भी वे फूर्ति से उधर-उधर घुमते, कभी 5 फुट ऊंची दीवार पार कर ईस्टर्न डायमंडबैक सांपो के बाड़े में जा घुसते।
रॉम और नैंसी उन पुराने दिनों को याद कर रहे थे जब एक बार बिल को बिना बताये रॉम नैंसी को सांपो की खोज के लिए ले गए थे और वापस आकर उनकी डांट सुननी पड़ी थी। हास्ट अब भी ये बात सुनकर उतने खुश नहीं थे इसका एहसास उन दोनों को हुआ जब वे पुरानी घटना को याद करके भी एक बार भी नहीं मुस्कुराये।
निसंदेह बिल हास्ट दुनिया के सबसे ज़्यादा सर्प दंष सहने वाले व्यक्ति थे। उनकी मौत 100 की आयु में 2011 में हुई।
"मेरी मां के बाद बिल हास्ट ने मेरे जीवन में सबसे ज़्यादा प्रभाव डाला," रॉम ने उस दिन अपनी आंखों को कई बार झपकाते हुए कहा। मैं यह सुनकर थोड़ी चौक गयी क्योंकि इतने सालो में मैंने ऐसा कभी नहीं सोचा था की हास्ट रॉम के जीवन में इतना महत्त्व रखते हैं।
“वह हमेशा सावधानी बरतते थे, शांत रहते थे, अतिशयोक्ति या आडंबर में नहीं पड़ते थे। सबसे महत्वपूर्ण काम था अपने काम को पूरा करना। मैंने हमेशा उनसे यही सीखा और अपनाया। हो सकता है कि यह उसी हद तक न हो...'' रॉम की आवाज धीमी हो गई।
-------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। जानकी लेनिन दक्षिण भारत के एक ऐसे अंचल में रहती हैं जो तेन्दुओं का भी घर है। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।