History of Italian Cinema
- फोटो : Istock
कार्लोस सौरा के निर्देशन की फिल्में
कार्लोस सौरा ने स्पैनिश गृह युद्ध और उसके बाद के समय पर ‘द हंट’ बनाई जिसमें फ़्रैंको के शासन की खुल कर आलोचना की गई, साथ ही बूर्जुआ, चर्च, सेना तथा यौन निषेधों की आलोचना भी इसमें है। उसने इसमें पहली बार अपनी होने वाली पत्नी जेराल्डाइन चैपलिन को अभिनय का अवसर दिया है। आगे चल कर कार्लोस सौरा ने बाल अभिनेत्री आना टोरेंट को लेकर आठ पुरस्कार प्राप्त हुए। बाद में अनूठी आना टोरेंट ने ‘द स्पिरिट ऑफ़ द बीहाइव’ में काम किया।
1973 की ‘द स्पिरिट ऑफ़ द बीहाइव’ का निर्देशन विक्टर एरिस ने किया था। विक्टर एरिस ने अपने तीन दशक के फ़िल्मी जीवन में मात्र तीन फ़िल्में बनाई। ‘द स्पिरिट ऑफ़ द बीहाइव’ के अलावा ‘एल सुर’ एवं ‘क्विन्स ट्री ऑफ़ द सन’ उसकी दो अन्य फ़िल्में हैं। उसकी ये फ़िल्में सिने-कला का बेहतरीन उदाहरण हैं। ऐसा नहीं था कि केवल स्पेन के निर्देशक ही स्पेन में फ़िल्म बना रहे थे। इटली के निर्देशक मार्को फ़ेरेरी ने स्पेन में एक ब्लैक कॉमेडी फ़िल्म ‘द व्हीलचेयर’ बनाई।
अभी फ़्रैंको की मृत्यु में दो महीने बाकी थे तभी होसे लुई बोरा ने 1975 में 12 पुरस्कार पाने वाली फ़िल्म ‘फ़ुर्टिवोज’ बनाई। ‘पोचर्स’ नाम से भी उपलब्ध इस फ़िल्म में फ़्रैंको काल के स्पेन की कठोर वास्तविता को दिखाने के लिए फ़िल्म में एक स्थानीय गवर्नर को अपने पिछलग्गुओं के साथ जंगल में शिकार करते दिखाया गया है, जहां उसकी पूर्व प्रेमिका एक सराय चलाती है। जबकि फ़्रैंको के प्रचार के अनुसार स्पेन ‘शांत जंगल’ था। यह पहली फ़िल्म थी जो बिना सेंसर के लाइसेंस के स्पेन में प्रदर्शित हुई।
पेड्रो अल्माडोवा के अवतरण के साथ स्पेन में सिने-सृजन में अचानक बहुत अधिक गति आ गई। उसकी ‘ऑल अबाउट माई मदर’ (1999) कॉमेडी ने सर्वोत्तम विदेशी फ़िल्म का ऑस्कार जीता। कुछ साल पहले उसने 2002 में ‘टॉक टू हर’ बनाई है और सर्वोत्तम स्क्रीनप्ले का ऑस्कर अपने नाम कर लिया है तथा सर्वोत्तम स्क्रीनप्ले एवं सर्वोत्तम फ़िल्म का बाफ़्टा भी उसकी झोली में आया है।
गरीबी और स्पेन में सिने-शिक्षा बंद होने के कारण पेड्रो अल्माडोवा प्रशिक्षण प्राप्त न कर नौकरी करने लगा तथा किसी तरह एक कैमरा खरीद कर फ़िल्म बनाने लगा। जुनून आदमी से क्या नहीं करवाता है और जुनून अक्सर रंग भी लाता है। पैड्रो ने अब तक 172 पुरस्कार जीते हैं। इसी दशक में फ़ेर्नांडो ट्रूएबा (बेले एपोक), एलेक्जांड्रो एमेनाबार (द सी इनसाइड) ने भी ऑस्कर जीता।
इसी काल में बिगास लुना तथा जुलिओ मेडेम जैसे प्रसिद्ध निर्देशक भी स्पेन में हुए। ‘बैड एजूकेशन’ (2004) तथा ‘वोल्वर’ (2006) स्पेन में बनी इस सदी की कुछ बेहतरीन फ़िल्में हैं। हॉलीवुड में चमकने वाला अभिनेता एंटोनिओ बैंडेरस तथा ऑस्कर पुरस्कृत अभिनेत्री पेनीलोपी क्रूज़, पेनीलोपी क्रूज़ का पति अभिनेता जेवियर बार्डेम सब स्पेन से ताल्लुक रखते हैं। अमेरिका के प्रसिद्ध निर्देशक कार्लोस औरा, मारियो कामू भी स्पेन से ही आते हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।