यदि दो लोग इस बात पर सहमत हो जाएं कि उनका संबंध उनकी आध्यात्मिक साधना का माध्यम होगा, तो यह उनके जीवन को एक नई दिशा दे सकता है। ऐसे संबंधों में संवाद केवल शब्दों का आदान-प्रदान नहीं रहता, बल्कि यह आत्म-अभिव्यक्ति और आत्म-बोध का माध्यम बन जाता है। जब भी कोई विचार या भावना मन में उत्पन्न हो, उसे सहजता और ईमानदारी से व्यक्त करना आवश्यक होता है, ताकि कोई भी अनकही भावना भीतर जमा होकर दूरी या भ्रम का कारण न बने। भावनाओं को व्यक्त करते समय सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनमें आरोप या दोषारोपण का भाव न हो।
जब हम बिना किसी पर दोष डाले अपनी बात रखते हैं, तो संवाद अधिक स्पष्ट और स्वस्थ बनता है। उसी प्रकार, अपने साथी की बात को खुले मन से, बिना किसी बचाव या प्रतिक्रिया की जल्दबाजी के सुनना भी उतना ही आवश्यक है। सुनना केवल शब्दों को ग्रहण करना नहीं, बल्कि उस भावना को समझना है, जो कहे गए शब्दों के पीछे छिपी होती है। इसके अलावा, जब हम अपने साथी को अपने विचार और भावनाएं व्यक्त करने के लिए पर्याप्त स्थान और आजादी देते हैं, तब संबंधों में सहजता और विश्वास का विकास अपने आप होने लगता है। बिना स्वतंत्रता के प्रेम धीरे-धीरे सीमित और बोझिल हो जाता है। वर्तमान क्षण में उपस्थित रहना इस पूरी प्रक्रिया का मूल आधार है। जब व्यक्ति खुद को अपने विचारों या मानसिक मान्यताओं से जोड़कर नहीं देखता, तब उसके भीतर एक गहरी शांति और स्पष्टता उत्पन्न होती है। यदि दोनों साथी इस अवस्था को प्राप्त कर लें, तो उनका संबंध एक नई ऊंचाई पर पहुंच जाता है। तब वे एक-दूसरे में अपनी पीड़ा या अचेतनता का प्रतिबिंब नहीं देखते, बल्कि अपने भीतर के प्रेम को एक-दूसरे में पहचानने लगते हैं।
यह प्रेम किसी अपेक्षा या निर्भरता पर आधारित नहीं होता, बल्कि उस गहरी अनुभूति से जन्म लेता है कि हम सभी एक ही अस्तित्व का हिस्सा हैं। इस अवस्था में संबंध किसी आवश्यकता की पूर्ति का साधन नहीं रहता, बल्कि यह एक साझा विकास का मार्ग बन जाता है। ऐसे संबंध में दोनों व्यक्ति परस्पर विकास में सहायक बनते हैं। वे एक-दूसरे को बदलने की कोशिश नहीं करते, बल्कि एक-दूसरे को समझने और स्वीकार करने का प्रयास करते हैं। जब यह स्वीकृति आती है, तब संबंधों में सहजता और गहराई स्वतः विकसित होती है। यही वह प्रेम है, जिसका कोई विरोधी नहीं होता। यह न तो परिस्थितियों पर निर्भर करता है और न ही समय के साथ बदलता है। यह एक स्थायी अनुभूति है, जो तब प्रकट होती है, जब हम अपने भीतर और अपने संबंधों में सच्ची जागरूकता, स्वीकृति और उपस्थिति को स्थान देते हैं। -द पावर ऑफ नाउ : ए गाइड टू स्पिरिचुअल एनलाइटनमेंट के अनूदित अंश
दूसरों को दोष देने से बचें
जब दो लोग अपने संबंध को आध्यात्मिक साधना मानकर ईमानदारी से संवाद करते हैं, बिना दोष दिए एक-दूसरे को समझते हैं, और अहंकार से ऊपर उठकर प्रेम को पहचानते हैं, तब उनका रिश्ता अपेक्षाओं से मुक्त होकर गहरी शांति, विश्वास और जागरूकता का स्रोत बन जाता है। यही जीवन को संतुलित, सार्थक और सच्चे प्रेम से परिपूर्ण करता है।