फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अकेले विराट कोहली नहीं और भी क्रिकेटर हैं श्रद्धा-भक्ति में लीन

सार

भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ वृंदावन स्थित बाबा नीम करोली के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आशीर्वाद लिया।
विज्ञापन
अनुष्का शर्मा की गोद में बेटी वामिका और पास बैठे विराट कोहली - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और धुरंधर क्रिकेटर विराट कोहली इन दिनों अपने खेल से ज्यादा श्रद्धा-भक्ति को लेकर चर्चाओं में हैं। विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा बाबा नीम करोली महाराज की भक्त हैं। पिछले साल नवंबर में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपनी बेटी वामिका को लेकर नैनीताल स्थित कैंची धाम आश्रम पहुंचे थे।

विज्ञापन


वहीं, अब विराट कोहली सपरिवार वृंदावन में बाबा नीम करोली के आश्रम पहुंचे और आशीर्वाद लिया। विराट ऐसे पहले बड़े क्रिकेटर नहीं हैं, जो अपनी श्रद्धा-भक्ति को लेकर चर्चाओं में हों। क्रिकेट के ‘भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर, लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर, पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, पूर्व गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद समेत कई क्रिकेटर भी अपनी भक्ति को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहते हैं।

सुनील गावस्कर सत्य साईं बाबा के बहुत बड़े भक्त

लिटिल मास्टर के नाम से प्रसिद्ध और टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे पहले 10,000 रन बनाने वाले सुनील गावस्कर सत्य साईं बाबा के बहुत बड़े भक्त हैं। वह अक्सर सत्य साईं बाबा के आश्रम पुट्टापर्थी में जाया करते हैं। यहां तक की उन्होंने अपना 60वां जन्मदिन सपरिवार इसी आश्रम में मनाया था। भजन संध्या में भाग लिया था।
 

गावस्कर ने तब कहा था, ‘मैं यहां आकर बहुत खुश हूं। अपना 60वां जन्मदिन मनाने के लिए यहां पहुंचकर बाबा के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने से बेहतर तरीका कोई और नहीं हो सकता। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं, जो मैं यहां हूं।‘

विज्ञापन

सुनील गावस्कर ने ही सबसे पहले सचिन तेंदुलकर को सत्य साईं बाबा से मिलवाया था। उसके बाद सचिन भी सत्य साईं बाबा के बहुत बड़े भक्त हो गए और अक्सर सत्य साईं के आश्रम में जाने लगे। ऐसा भी कहा जाता है कि वर्ष 2011 में जब सत्य साईं बाबा ने शरीर त्यागा तो उनके अंतिम दर्शनों के लिए सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर सपरिवार पुट्टापर्थी पहुंचे थे।

विज्ञापन

सचिन तेंदुलकर सत्य साईं बाबा के निधन की खबर से बेहद दुखी थी - फोटो : सोशल मीडिया

सचिन तेंदुलकर

अंतिम दर्शनों के दौरान सचिन तेंदुलकर की आंखों में आंसू थे, जो रुक नहीं रहे थे। हैदराबाद में जब सचिन को सत्य साईं बाबा के निधन की खबर मिली थी तो उन्होंने खुद को होटल के कमरे में बंद कर लिया था। सचिन की माताजी भी सत्य साईं बाबा की भक्त रही हैं। कहा जाता है कि सचिन को जब भी कोई परेशानी होती थी तो वह सत्य साईं बाबा से मिलने के लिए पुट्टापर्थी पहुंच जाते थे।

सुरेश रैना निजी जीवन में बेहद आध्यात्मिक

पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना निजी जीवन में बेहद आध्यात्मिक हैं। वह जब भी किसी शहर में जाते हैं तो वहां के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं। पिछले दिनों शिवभक्त सुरेश रैना ने रायपुर के वीर नारायण सिंह स्टेडियम में एक मैच से पहले शिवालय जाकर शिवलिंग पर जल अर्पित किया था। वह गाजियाबाद के प्रसिद्ध श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक भी करा चुके हैं। यहां वह अपने परिवार के साथ पहुंचे थे।

वेंकटेश प्रसाद

पूर्व क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद हिंदू धर्म को लेकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने सावन के पहले सोमवार पर शिवालय में शिव स्त्रोत का पाठ किया था और उसका अर्थ भी समझाया था। वेंकटेश प्रसाद हिंदू धर्म के प्रति अपनी आस्था को अक्सर खुलकर जाहिर करते हैं।

हार्दिक पांड्या

टी-20 टीम के वर्तमान भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में पिछले साल गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की ट्रॉफी जीती थी और ट्रॉफी के साथ सबसे पहले पांड्या ने मंदिर जाकर भगवान का आशीर्वाद लिया था। यहां तक कि हार्दिक ने अपने बेटा का नाम प्रसिद्ध ऋषि अगस्त्या के नाम पर रखा है।

आईपीएल टीम मुंबई इंडियन्स की मालकिन नीता अंबानी कृष्ण भक्त हैं। उन्हें मैच के दौरान भी मंत्रोच्चार करते देखा जा सकता है। मुंबई इंडियन्स ने जब भी आईपीएल ट्रॉफी जीती है, नीता अपने सभी खिलाड़ियों को लेकर सर्वप्रथम मंदिर पहुंची हैं और भगवान का धन्यवाद किया है। केएल राहुल, अंजिक्या रहाणे समेत कई क्रिकेटरों को अक्सर मंदिर की चौखट पर देखा जाता है।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें