दक्षिण अफ्रीका को उसी के घर में तीसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने 11 रनों से शिकस्त दी। सांसें थाम देने वाले इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने जोरदार जवाब दिया और भारत के 219 रन के मुकाबले 208 रन तक बना डाले। भारत की जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने मात्र 56 गेंदों पर नाबाद 107 रनों की पारी खेली। छोटे से करियर में तिलक वर्मा टी-20 के एक स्थापित बल्लेबाज बन गए हैं, जो मैच-दर-मैच खुद के प्रदर्शन को और बेहतर करता चला आ रहा है।
22 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज और सीधे हाथ से ऑफब्रेक गेंदबाज तिलक वर्मा का क्रिकेट का सफर आसान नहीं रहा है। उनकी कहानी बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण है। तिलक वर्मा तेलंगाना के रहने वाले हैं और उनका जन्म हैदराबाद में हुआ। पिता एक मामूली इलेक्ट्रीशियन थे, जिनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वो तिलक को क्रिकेट की प्राइवेट कोचिंग दिला सकें।
11 वर्षीय तिलक के पहले कोच सलाम बायश ने ही तिलक की फीस और क्रिकेट के साजो-सामान की व्यवस्था की। बायश स्वयं स्कूटर पर रोजाना 40 किलोमीटर का सफर तय कर तिलक को एकेडमी लेकर जाते थे। फिर तिलक का परिवार बेटे की कोचिंग के लिए एकेडमी के पास शिफ्ट हो गया।
वर्ष 2018-19 में तिलक ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कदम रख दिया था। एक साल बाद वो साल 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दक्षिण अफ्रीका खेलने चले गए।
अपने प्रदर्शन से जीता प्रशंसकों का दिल
वर्ष 2021-22 की सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तिलक दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। सात पारियों में उन्होंने 147.26 के स्ट्राइक रेट से 215 रन बनाए। उनकी प्रतिभा को देखते हुए वर्ष 2022 के आईपीएल ऑक्शन में मुंबई इंडियंस टीम ने तिलक को 1.70 करोड़ रुपए में खरीदा। तभी से वो मुंबई इंडियंस के एक अहम खिलाड़ी बन चुके हैं।
अपने पहले आईपीएल टूर्नामेंट में तिलक में 14 मैचों में 397 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 131.02 था। वर्ष 2023 के आईपीएल में उन्होंने अपने प्रदर्शन को सुधारा और 11 मैचों में 343 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट बढ़कर 164.1 हो गया। वर्ष 2024 के आईपीएल में तिलक ने 13 मैचों में 416 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 149.6 रहा।
तिलक वर्मा को टीम इंडिया में टी-20 के अलावा वनडे में भी खेलने का मौका मिला है। उन्हें अगस्त 2023 में टी-20 और सितंबर 2023 में वनडे टीम में शामिल किया गया। वो अब तक चार वनडे में 68 रन, जबकि टी-20 के 19 मुकाबले में 496 बना चुके हैं, जिसमें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली 107 रन की पारी भी शामिल है। टी-20 में उनका स्ट्राइक रेट 148.05 है, जो बेहद आकर्षक है।
टी-20 में फिलहाल वो विराट कोहली की तीन नंबर वाली पोजिशन पर बल्लेबाजी करने आ रहे हैं। हर मैच के बाद तिलक वर्मा अपनी अलग छाप छोड़ते जा रहे हैं। यह भविष्य का खिलाड़ी है और टी-20 में भारत को ऊंचाई देने वाले खिलाड़ियों में शामिल है।
कमाल की बात यह है कि क्रिकेट में ऊंचाइयों को बढ़ रहे तिलक ने पढ़ाई भी जारी रखी है, वो आंध्र यूनिवर्सिटी से बीबीए भी कर रहे हैं।
--------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।