रोडोडेंड्रॉन न केवल पारिस्थितिकीय रूप से बल्कि सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से भी महत्वपूर्ण हैं।
- फोटो : कार्तिक त्रिक्कादेरी
रोडोडेंड्रॉन पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव
हिमालयी रोडोडेंड्रॉन, जो कठोर पर्वतीय परिस्थितियों में भी अपनी दृढ़ता का प्रतीक माने जाते थे लेकिन अब अभूतपूर्व पर्यावरणीय बदलावों के प्रति संवेदनशील हो रहे हैं। जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, रोडोडेंड्रॉन ठंडी जगहों की तलाश में उच्च ऊंचाई की ओर बढ़ रहे हैं। बायोडायवर्सिटी एंड कंजर्वेशन में प्रकाशित माओ एट अल. द्वारा किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि सिक्किम हिमालय के कई रोडोडेंड्रॉन प्रजातियां ऊंचाई में हर साल 1.3 मीटर की दर से ऊपर की ओर स्थानांतरित हो रही हैं।
रोडोडेंड्रॉन के फूलने का समय तापमान संकेतों से जुड़ा हुआ है। इसी तरह, करंट साइंस में प्रकाशित शोध के अनुसार, उत्तराखंड हिमालय में रोडोडेंड्रॉन अर्बोरियम के फूलने के समय में 15 दिनों की अग्रता देखी गई है। प्लांट इकोलॉजी में प्रकाशित अध्ययन में बताया गया कि बढ़ते तापमान और बदलते वर्षा पैटर्न के कारण कुछ रोडोडेंड्रॉन प्रजातियों में विकास दर और फूलों के उत्पादन में कमी आई है।
सांस्कृतिक और आजीविका पर प्रभाव
रोडोडेंड्रॉन न केवल पारिस्थितिकीय रूप से बल्कि सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से भी महत्वपूर्ण हैं। इनके वितरण में बदलाव से हिमालयी समुदायों की आजीविका और परंपराओं पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है और आने वाले समय में पहाड़ों पर बढ़ते दबाव के कारण और प्रभाव पड़ने की आशंका है। रोडोडेंड्रॉन के खिलने का बदलता समय पर्यटन उद्योग को खासा प्रभावित कर सकता है।
रोडोडेंड्रॉन के फूलने के चक्र (फेनोलॉजी) पर किए गए अध्ययन यह साफ दर्शाते हैं कि इन पर जलवायु परिवर्तन का कितना असर पड़ रहा है। इनकी सजावटी उपयोगिता के अलावा, रोडोडेंड्रॉन का पैकेजिंग, लकड़ी के शिल्प, सुगंध और धार्मिक उद्देश्यों में भी उपयोग होता है। साथ ही, स्थानीय चिकित्सा पद्धतियों में इनका उपयोग सर्दी, खांसी, पुरानी ब्रोंकाइटिस और दस्त के उपचार में किया जाता है। रोडोडेंड्रॉन अर्बोरियम की पंखुड़ियां जूस, जैम और जेली बनाने के लिए व्यापक रूप से प्रयोग की जाती हैं।
इन फूलों का स्थानीय आजीविका को मजबूत बनाने में अहम योगदान है। यदि जलवायु परिवर्तन के कारण इनका फूलने का चक्र और वितरण प्रभावित होता रहा, तो यह न केवल स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को बल्कि उन समुदायों को भी गंभीर रूप से प्रभावित करेगा, जिनकी आजीविका और सांस्कृतिक परंपराएं इन पर निर्भर हैं।
हांलाकि भारत में कई शोध संस्थान रोडोडेंड्रॉन के संरक्षण का प्रयास तेजी से कर रहे हैं, जिनमें जी.बी. पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, जो रोडोडेंड्रॉन की आनुवंशिक विविधता पर शोध कर रहा है, तथा उत्तराखंड में नंदा देवी और फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रमुख हैं, फिर भी इन प्रयासों में तेजी लाने की आवश्यकता प्रतीत होती है।
आगामी दिशा
जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाना और टिकाऊ उपभोग की आदतें विकसित करना अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
रोडोडेंड्रॉन का भविष्य हमारे हाथों में है। अगर हम वैज्ञानिक ज्ञान का उपयोग करें, स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाएं और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए ठोस कदम उठाएं, तो हम सुनिश्चित कर सकते हैं कि ये जीवंत फूल आने वाली पीढ़ियों के लिए हिमालय की ढलानों को सजाते रहें।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।