फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन का संदेश: प्रकृति, साधना और सामूहिकता का जीवंत पर्व

सार

Shravan Month Lord Shiva Worship: श्रावण मास केवल शिव आराधना और धान की रोपनी का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के संरक्षण, जल संचयन, सह-भोजन, सेवा भाव और सामाजिक समरसता के जरिए जीवन को पुनर्जीवित करने का पावन संदेश देता है।
विज्ञापन
सावन 2026 - फोटो : AdobeStock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Indian Cultural Heritage Philosophy: श्रावण मास भारतीय जन-जीवन, संस्कृति और चेतना में केवल एक महीने का कालखंड मात्र नहीं है, बल्कि यह वह समय है जब समूची सृष्टि एक नए नव-सृजन के चक्र में प्रवेश करती है। ग्रीष्म की तीव्र तपन के बाद जब आकाश में नीले-काले बादलों की घटाएं उमड़ती हैं और मरुभूमि सी तपी धरती पर स्वाति नक्षत्र की बूंदें गिरती हैं, तो ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रकृति स्वयं अपने समस्त क्लेशों को धोकर एक नवजीवन की शुरुआत कर रही हो। इस समय चारों ओर फैली हरियाली केवल आंखों को ठंडक ही नहीं पहुंचाती, बल्कि वह मनुष्य के मन को भी इस शाश्वत सत्य का अहसास कराती है कि जीवन अंतहीन क्षरण का नाम नहीं, बल्कि पुनरुत्थान और सृजन का अविरल प्रवाह है। इसी नव-सृजन के बीच शिव आराधना की गूंज भारतीय मानस के अंतरंग तारों को झंकृत करती है। 

विज्ञापन


भगवान शिव, जिन्हें हम कल्याण और लय के देवता मानते हैं, उनका श्रावण मास से अटूट संबंध है। शिव केवल मंदिर में विराजमान कोई प्रतिमा नहीं हैं, वे प्रकृति के मूलाधार हैं, वे स्वयं नीललोहित हैं, वे जल, वायु, आकाश, पृथ्वी और अग्नि के समेकित रूप हैं। जब साधक श्रावण में शिव का जलाभिषेक करता है, तो वास्तव में वह केवल एक शिवलिंग पर जल की धारा अर्पित नहीं कर रहा होता, बल्कि वह संपूर्ण चराचर जगत के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर रहा होता है। शिव की आराधना का सच्चा अर्थ ही यही है कि हम उस चेतना से जुड़ें जो सृष्टि के कण-कण को धारण किए हुए है। वह चेतना जो हमें सिखाती है कि विष को भी अपने कंठ में धारण करके संपूर्ण संसार को अमृत कैसे प्रदान किया जाए। श्रावण का यही शिवत्व हमें यह संदेश देता है कि जब प्रकृति अपने चरम सौंदर्य और सृजन के भाव में हो, तब मानव मन को भी अपनी तुच्छ संकीर्णताओं से ऊपर उठकर समष्टि के कल्याण के लिए तत्पर होना चाहिए।


प्रकृति का नव-सृजन और शिव तत्व
इसी नव-सृजन और साधना के भाव को यदि हम भारत के ग्रामीण अंचलों में देखें, तो श्रावण मास की वास्तविक सजीवता वहां के खेतों की सोंधी माटी में जीवंत हो उठती है। गांव की सीमा में प्रवेश करते ही खेतों में लहराता जल और उसमें घुटनों तक कीचड़ में सने किसानों के हाथ एक नए जीवन के रोपण में व्यस्त दिखाई देते हैं। धान की रोपनी का यह दृश्य किसी उत्सव से कम नहीं होता। जब ग्रामीण महिलाएं और पुरुष पंक्तिबद्ध होकर खेत में धान के छोटे-छोटे पौधों को रोपते हैं, तो उनके कंठ से फूटते कजरी और लोकगीत केवल मनोरंजन के साधन नहीं होते, वे श्रम की वंदना और प्रकृति के साथ मनुष्य के रागात्मक संबंध के प्रामाणिक दस्तावेज होते हैं। 
विज्ञापन


यह धान की रोपनी ही है जो आगामी महीनों में देश की अन्नपूर्णा बनने का आधार तय करती है। खेत में जब एक-एक पौधा रोपा जाता है, तो उसमें केवल अन्न की उम्मीद नहीं छिपी होती, बल्कि उसमें संपूर्ण समाज के जीवन का ताना-बाना छिपा होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोपनी के दौरान जो सामूहिकता देखने को मिलती है, वह आधुनिकता के इस दौर में दुर्लभ होती जा रही है। एक-दूसरे के खेतों में मिलकर काम करना, बिना किसी पारिश्रमिक के भावना से प्रेरित होकर एक-दूसरे का हाथ बटाना-यह भारत की उस प्राचीन सहकारी व्यवस्था का जीवित प्रमाण है जो हमारी संस्कृति की रीढ़ रही है। धान रोपने का यह कार्य हमें यह भी सिखाता है कि सृजन कभी एकाकी नहीं होता, उसके लिए जल, माटी, धूप और मानव श्रम का सामंजस्य आवश्यक है। जब यह सामंजस्य बनता है, तभी धरती मुस्कुराती है और अनाज के दाने के रूप में अपना वात्सल्य बिखेरती है।


ग्रामीण अंचल, धान की रोपनी और कजरी का लोक-संगीत
धान की इसी रोपनी के बीच दोपहर के समय जब पीपल या बरगद की घनी छांव तले किसान और मजदूर एक साथ बैठकर अपने-अपने घरों से लाया हुआ साधारण भोजन साझा करते हैं, तो वहां सह-भोजन की वह साझी संस्कृति साकार हो उठती है जो किसी भी सामाजिक भेदभाव को पल भर में निरस्त कर देती है। एक रुमाल या केले के पत्ते पर फैला हुआ मक्के का सत्तू, आम का अचार, हरी मिर्च और साधारण रोटी-जब ये सब मिलकर एक साझी थाली का रूप लेते हैं, तो वहां न कोई बड़ा होता है और न कोई छोटा, न कोई धनी होता है और न कोई निर्धन। यह सह-भोजन केवल पेट भरने की शारीरिक क्रिया नहीं है, यह मन के द्वेष को मिटाने का एक पावन अनुष्ठान है। 

श्रावण का यह सह-भोजन हमें सिखाता है कि जब हम मिलकर खाते हैं, तो केवल भोजन का बंटवारा नहीं होता, बल्कि सुख-दुख का बंटवारा भी होता है। आधुनिक जीवनशैली ने जहां मनुष्य को उसकी चारदीवारी के भीतर बंद कर दिया है, वहीं ग्रामीण संस्कृति का यह सह-भोजन हमें याद दिलाता है कि हमारी असली ताकत हमारी सामूहिकता में है। जब हम अपनी रोटियां साझा करते हैं, तो हम अपनी संवेदनाएं भी साझा करते हैं। यही साझी संस्कृति भारत के उस सामाजिक ताने-बाने को संजोकर रखती है, जिसे कोई भी बाह्य आघात आसानी से तोड़ नहीं सकता। श्रावण का यह सह-भोजन वास्तव में सामाजिक समरसता की वह अनकही परिभाषा है, जो किसी पुस्तक से नहीं, बल्कि जीवन के सीधे अनुभवों से सीखी जाती है।

सह-भोजन: सामाजिक समरसता की साझी थाली
इसी सामूहिकता और समरसता का एक और अनुपम रूप हमें श्रावण मास में कांवड़ यात्रा और भक्तों की निरंतर चलने वाली धाराओं में दिखाई देता है, जहां 'सेवा' शब्द अपने सबसे निश्छल रूप में प्रकट होता है। सड़कों पर मीलों पैदल चलते कांवड़ियों के लिए जगह-जगह लगाए गए शिविर केवल भोजन या विश्राम के स्थान नहीं होते, वे निस्वार्थ मानवीय संवेदना के केंद्र होते हैं। वहां सेवा करने वाला व्यक्ति यह नहीं पूछता कि सेवा पाने वाले की जाति क्या है, उसका धर्म क्या है या उसकी सामाजिक हैसियत क्या है। वहां केवल एक ही भाव होता है- 'शिवभक्त की सेवा ही शिव की सेवा है।' पसीने से लथपथ पैरों के छालों पर मरहम लगाना, थके हुए राहगीरों को ठंडा जल पिलाना और बिना किसी फल की आकांक्षा के दिन-रात तत्पर रहना- यह श्रावण की वह सेवा-साधना है जो हमें आत्म केंद्रित जीवन से निकालकर परोपकार के मार्ग पर अग्रसर करती है। यदि इस सेवा भाव को हम केवल कांवड़ शिविरों तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का स्थायी अंग बना लें, तो हमारा संपूर्ण समाज एक संवेदनशील और करुणामय परिवार में परिवर्तित हो सकता है। श्रावण का यह सेवा पर्व हमें यह स्मरण कराता है कि भक्ति केवल मंत्रों के जाप में नहीं, बल्कि किसी थके हुए पांथ को विश्राम देने और किसी पीड़ित के आंसू पोंछने में है।


कांवड़ यात्रा और निस्वार्थ सेवा-साधना
लेकिन, इस पावन मास में जब हम भक्ति, सेवा और नव-सृजन की बात करते हैं, तो एक कड़वा सच हमारे सामने आकर खड़ा होता है- प्रकृति के प्रति हमारी बढ़ती उपेक्षा। जिस जल से हम भगवान शिव का अभिषेक करते हैं, जिस प्रकृति के सौंदर्य पर हम कविताएं लिखते हैं, आज वही जल और प्रकृति मनुष्य के असीमित लालच के कारण संकट में हैं। इसीलिए, श्रावण मास में स्वच्छता और जल संरक्षण केवल नैतिक उपदेश नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व की रक्षा के लिए अनिवार्य संकल्प बनने चाहिए।

शिव को 'जलधर' कहा जाता है, वे जल के रक्षक हैं। लेकिन आज हमारी नदियां, हमारे पोखरे और भूजल के स्रोत प्रदूषित और क्षीण हो रहे हैं। यदि हम मंदिर में जाकर शिव पर जल चढ़ाते हैं और मंदिर के बाहर निकलते ही उसी जल के स्रोत को प्रदूषित करते हैं या जल की बर्बादी करते हैं, तो हमारी वह पूजा आधी-अधूरी और दिखावा मात्र है। श्रावण का सच्चा संदेश तो यह है कि हम वर्षा की एक-एक बूंद को सहेजने का संकल्प लें। जल संरक्षण के पारंपरिक तरीकों जैसे पोखरों, तालाबों और कुओं का पुनरुद्धार करें तथा आधुनिक रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। जब तक हमारे जीवन में जल के प्रति पूज्य भाव नहीं जागेगा, तब तक हम शिव आराधना के वास्तविक मर्म को नहीं समझ सकते। जल ही जीवन का आधार है, और उसका संरक्षण ही सबसे बड़ी शिव-पूजा है।


सच्चा शिव-अभिषेक: जल संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प
जल संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता भी इस मौसम की पहली आवश्यकता बन जाती है। श्रावण में जहां एक ओर वर्षा की बूंदें पूरी धरती को धोकर स्वच्छ कर देती हैं, वहीं आद्रता बढ़ने के कारण बीमारियों और गंदगी के फैलने का खतरा भी सबसे अधिक होता है। ऐसे में अपने आसपास की स्वच्छता केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं रह जाती, वह हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जिम्मेदारी बन जाती है। जहां स्वच्छता है, वहीं शिवत्व का वास है। शिव का एक नाम 'सुंदरम' भी है, और जो सुंदर है, वह कभी अस्वच्छ नहीं हो सकता। अपने घर, अपनी गली, अपने गांव और अपने पूजा स्थलों को स्वच्छ रखना वास्तव में ईश्वर के प्रति हमारी श्रद्धा का प्रकटीकरण है। अगर श्रावण के इस महीने में प्रत्येक नागरिक अपने परिवेश को स्वच्छ रखने का दृढ़ संकल्प ले ले, तो न सिर्फ अनगिनत बीमारियों से बचाव होगा, बल्कि हमारी पावन नदियां और जल स्रोत भी प्रदूषण के भारी बोझ से मुक्त हो सकेंगे। स्वच्छता कोई एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह एक जीवन शैली है जिसे हमें श्रावण की इस पावन ऋतु में अपने आचरण में गहराई से उतारना होगा।

जब स्वच्छता और जल संरक्षण हमारी आदत बन जाते हैं, तो अगला स्वाभाविक कदम होता है- पर्यावरण संवर्धन। श्रावण मास को यदि हम 'पौधारोपण का पर्व' कहें तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। यह वह समय है जब मिट्टी में नमी होती है, हवा में अनुकूलता होती है और प्रकृति का प्रत्येक तत्व पौधे के अंकुरण और विकास में सहायक होता है। इस मौसम में लगाया गया एक छोटा सा पौधा कल का विशाल वटवृक्ष बन सकता है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्राणवायु और छाया प्रदान करेगा। हमारी प्राचीन संस्कृति में वृक्षों को देवता माना गया है- पीपल में वासुदेव, बरगद में शिव और नीम में दुर्गा का वास देखा गया है। यह केवल एक धार्मिक अवधारणा नहीं थी, बल्कि हमारे पूर्वजों का पर्यावरण को बचाने का एक अत्यंत वैज्ञानिक और दूरदर्शी दृष्टिकोण था।

आज जब जलवायु परिवर्तन का संकट संपूर्ण मानवता के द्वार पर दस्तक दे रहा है, जब असामयिक वर्षा, भीषण गर्मी और प्राकृतिक आपदाएं आम बात होती जा रही हैं, तब श्रावण का यह पर्यावरण संवर्धन का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाता है। हमें केवल अपनी आवश्यकताओं के लिए प्रकृति का दोहन करने की प्रवृत्ति को छोड़ना होगा और 'प्रकृति का पोषण' करने की नीति को अपनाना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को इस श्रावण में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी संतान की भाँति देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। यही हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार होगा और यही शिव के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पौधारोपण और सामाजिक सहभागिता
यह संपूर्ण विचार- चाहे वह शिव आराधना हो, धान की रोपनी हो, सह-भोजन हो, सेवा हो, जल संरक्षण हो या पर्यावरण संवर्धन हो-तब तक अधूरा है जब तक इसमें 'सामाजिक सहभागिता' का सूत्र न जुड़े। कोई भी बड़ा परिवर्तन केवल सरकारी नीतियों या व्यक्तिगत प्रयासों से नहीं आ सकता, उसके लिए पूरे समाज को एक साथ आना होता है। जन-भागीदारी ही वह शक्ति है जो किसी साधारण अभियान को एक जन-आंदोलन में बदल देती है। जब गाँव का हर व्यक्ति, नगर का हर नागरिक, युवा, वृद्ध और बच्चे सब मिलकर यह तय कर लें कि वे अपने क्षेत्र के जल स्रोतों को बचाएंगे, अपने आसपास पेड़ लगाएंगे और अपने समाज में समरसता का वातावरण बनाएंगे, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता। सामाजिक सहभागिता का अर्थ है - अपनी व्यक्तिगत स्वार्थपरता से बाहर निकलकर 'समष्टि' के लिए सोचना। श्रावण मास हमें इसी समष्टि भाव से जोड़ता है। जब लाखों लोग एक साथ कांवड़ उठाकर चलते हैं, तो वह सामाजिक सहभागिता का ही एक रूप है; जब पूरा गाँव मिलकर खेत में रोपाई करता है, तो वह भी सहभागिता है। अब समय आ गया है कि इस सहभागिता का उपयोग हम अपने पर्यावरण, अपनी नदियों और अपनी सामाजिक एकता को बचाने के लिए करें।

श्रावण मास हमें जीवन को एक नए दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा देता है। यह महीना केवल कैलेंडर की एक तारीख से दूसरी तारीख तक बदलने का नाम नहीं है, यह हमारी अंतरात्मा के पुनर्जागरण का समय है। यह हमें सिखाता है कि भक्ति केवल बंद आँखों से ध्यान लगाने में नहीं है, बल्कि खुली आँखों से अपने आसपास की प्रकृति, अपने समाज और अपने साथी मनुष्यों के दुखों को देखने और उन्हें दूर करने में है। जब हम शिव के मस्तक पर सुशोभित चंद्र और गंगा को देखते हैं, तो हमें समझ आता है कि शिव स्वयं प्रकृति के संतुलन के प्रतीक हैं। यदि हमें शिव का अनुग्रह प्राप्त करना है, तो हमें उस संतुलन को पुनर्स्थापित करना होगा जिसे हमने अपने आधुनिक जीवनशैली के मोह में बिगाड़ दिया है।

आइए, इस श्रावण मास में हम अपनी जड़ों की ओर लौटें। हम खेतों में लहराती धान की बालियों में जीवन का संगीत सुनें, साझी थाली में बैठकर प्रेम का स्वाद लें, कांवड़ियों की सेवा में अपने अहंकार को गलाएं, वर्षा की हर बूंद को धरती की कोख में सहेजें, हर खाली जगह पर एक नया पौधा रोपें और अपने समाज को स्वच्छता तथा समरसता के सूत्र में बांधें। जब साधना और सेवा का यह संगम हमारे जीवन में उतरेगा, जब प्रकृति का नव-सृजन हमारे विचारों का नव-सृजन बनेगा, तभी श्रावण का यह पावन पर्व अपने पूर्ण अर्थों में सार्थक होगा। यही श्रावण का वास्तविक संदेश है, यही शिव का संदेश है और यही हमारी संस्कृति का अजर-अमर जीवन-दर्शन है।

---------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें