फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र: बिना चुनाव लड़े भाजपा के खिलाफ प्रचार कर रहे राज ठाकरे, भाषण सुनने पहुंच रहे हजारों लोग

Sun, 21 Apr 2019 04:06 PM IST
सोनू शर्मा सोनू शर्मा, अमर उजाला
विज्ञापन
कोल्हापुर में चुनावी रैली को संबोधित करते राज ठाकरे - फोटो : Twitter
विज्ञापन

2014 के लोकसभा चुनाव में जो व्यक्ति भाजपा और नरेंद्र मोदी की तारीफें करते नहीं थकता था, आज वही पार्टी और प्रधानमंत्री दोनों को घेरने में लगा हुआ है। इतना ही नहीं, उस समय वह शख्स कांग्रेस और राहुल गांधी की बखिया उधेड़ता फिरता था, लेकिन अब वही लोग उसे अच्छे लगने लगे हैं। हम बात कर रहे हैं मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) प्रमुख राज ठाकरे की, जो 2019 का लोकसभा चुनाव तो नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन लगातार रैलियां जरूर कर रहे हैं और नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर आक्रामक तरीके से हमला बोल रहे हैं। 

विज्ञापन


गौर करने वाली बात ये है कि इस बार की उनकी रैलियां कुछ अलग हैं। अलग इसलिए क्योंकि इसमें नरेंद्र मोदी को घेरने के लिए पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है। यानी नरेंद्र मोदी के 2014 के चुनाव से पहले के भाषणों और अख़बारों की कटिंग दिखाई जा रही है और बताया जा रहा है कि भाजपा ने उस समय क्या वादे किए थे और उन वादों पर वो कितना खरा उतर पाई। 

राज ठाकरे जिस तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे हैं, ऐसा शायद ही पहले कभी हुआ हो। यह चुनावी प्रचार का एक नया तरीका है, जिसमें कोई नेता प्रेजेंटेशन दिखाकर रैली कर रहा हो। यही कारण है कि राज ठाकरे के भाषणों की डिमांड भी अब बढ़ गई है।  
विज्ञापन


स्थानीय मीडिया के मुताबिक, राज ठाकरे के दमदार भाषण को देखते हुए महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी के उम्मीदवार तो उन्हें अपनी रैली में बुलाने को उतावले हुए जा रहे हैं। उनके पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए भीड़–भाड़ वाली जगहों पर एलईडी लगाने की प्लानिंग भी चल रही है। सुनने में आया है कि कांग्रेस के उम्मीदवार तो राज ठाकरे के वीडियो ग्रामीण इलाके में चलाने के लिए वीडियो वैन भी हायर करने की सोच रहे हैं। 

नरेंद्र मोदी के झूठ गिना रहे राज ठाकरे 

राज ठाकरे जहां भी चुनावी रैली करने जा रहे हैं, वहां लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वो अपने भाषणों में न सिर्फ मोदी सरकार के चुनावी वादों की पोल खोल रहे हैं बल्कि नरेंद्र मोदी के झूठ भी गिना रहे हैं। एक रैली के दौरान उन्होंने कहा, 'मोदी कहते हैं कि एक हफ्ते में 8.5 लाख टॉयलेट बनाए गए। यानी कि 5 सेकेंड में 7 टॉयलेट? इतनी देर में तो होता भी नहीं है।'

राज ठाकरे ने मोदी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, 'मैंने चार साल पहले ही चेतावनी दी थी कि मोदी युद्ध जैसी स्थिति पैदा करके चुनाव जीतने की कोशिश करेंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी खतरनाक है।' पिछले महीने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, 'अब मेरा एकमात्र लक्ष्य है भाजपा की हार सुनिश्चित करना।' 

किसी पार्टी को समर्थन नहीं देंगे राज ठाकरे 

राज ठाकरे का कहना है कि वो नरेंद्र मोदी और अमित शाह को बिना चुनाव लड़े ही चुनौती देंगे। हालांकि वो किसी भी पार्टी को अपना समर्थन नहीं देंगे। उनकी कहना है कि अगर उनके भाषण से किसी भी पार्टी को फायदा पहुंचता है, तो हो। वो न तो कांग्रेस में मिलेंगे और न ही एनसीपी के साथ जाएंगे। हालांकि सुनने में आ रहा है कि वो कांग्रेस और एनसीपी के लिए रैलियां करेंगे, लेकिन इसमें वो किसी भी पार्टी के नेता के साथ मंच साझा नहीं करेंगे। 
विज्ञापन

राज ठाकरे क्यों बोल रहे मोदी पर हमला

राज ठाकरे के मोदी विरोध में बयान देने के पीछे एक कारण है। दरअसल, उनकी पार्टी मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) ने साल 2009 में हुए विधानसभा चुनावों में 288 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी की सत्ता आने से पार्टी का आधार छिन्न-भिन्न हो गया है। नरेंद्र मोदी की लहर ने महाराष्ट्र में उनकी पार्टी का प्रभाव काफी हद तक कम कर दिया है। यही वजह है कि साल 2014 में महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को महज एक सीट पर ही जीत मिली थी। ठीक यही हाल म्यूनिसिपल चुनाव में भी रहा। कुल मिलाकर उनकी पार्टी का हाल खराब ही रहा। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें