ईमानदार लोगों को राजनीति में आने का आह्वान
एनटीआर की राजनीति का आधार कांग्रेस का विरोध ही रहा। आजादी के बाद से आंध्र प्रदेश की सत्ता पर लगातार काबिज कांग्रेस को हटाने के लिए एनटीआर ने जो रणनीति बुनी, उसी राह पर चलकर बहुत बाद में अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी खड़ी की। एनटीआर ने तेलुगू देशम के गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले सदस्य बनाए, इन सदस्यों ने अपने अपने ग्राम अथवा वार्ड के नेता चुने और इन नेताओं ने क्रमश: जिले और राज्य के नेता चुने। पहले चुनाव में एनटीआर ने ईमानदार और कुशल उम्मीदवार चुनने को अपना तुरुप का पत्ता बनाया और पहले ही चुनाव में विधानसभा की 294 सीटों में से 202 सीटें जीत लीं। इस चुनाव में संजय विचार मंच का भी उन्हें साथ मिला और वह राज्य के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बने।
राजनीति की पहली रथयात्रा
एनटीआर से ही भारतीय राजनीति में रथ यात्रा की शुरुआत हुई। अपने पहले चुनाव में ही उन्होंने जो टोटका अपनाया, उसे बाद में लालकृष्ण आडवाणी ने राम जन्मभूमि आंदोलन में कॉपी किया। एनटीआर से पहले खुली कार से प्रचार की शुरुआत एमजी रामचंद्रन ने की तो थी, लेकिन अपने शेवरले कार को ‘चैतन्य रथ’ में बदलकर पीतवर्ण ध्वजों के साथ पूरे प्रदेश को कारों के काफिले के साथ मथने का काम एनटीआर ने ही शुरू किया। इस रथ के सारथी थे, उनके बेटे नंदमूरि हरिकृष्ण जिनकी अभी पांच साल पहले एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। जूनियर एनटीआर इन्हीं के बेटे हैं। इस रथयात्रा को लेकर देश की राजनीति में इतनी हलचल रही है कि दिल्ली के तमाम पत्रकारों को खासतौर से इसकी कवरेज करने भेजा गया। मामला और बड़ा होता दिखा तो तमाम अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने भी बढ़-चढ़कर इसे कवर किया।
जब इंदिरा को बदलना पड़ा राज्यपाल
आमतौर पर केंद्र में काबिज सरकार अपने विपक्षी दलों की सरकारों वाले राज्यों में ऐसे राज्यपाल भेजती है, जिन पर कई बार पक्षपात के आरोप लगते रहे हैं। अभी महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार के गिरने के मामले में सर्वोच्च न्यायालय की तत्कालीन राज्यपाल को लेकर की गई टिप्पणी भी इसी संदर्भ में है। लेकिन, इंदिरा गांधी सरकार के समय में आंध्र प्रदेश में तैनात राज्यपाल राम लाल की रामाराव ने ईंट से ईंट बजा दी थी।
हुआ यूं था कि मुख्यमंत्री बनने के बाद एनटी रामाराव दिल के इलाज के लिए अमेरिका में थे और उनकी पार्टी में कांग्रेस से आए भास्कर राव को राज्यपाल ने ये कहते हुए मुख्यमंत्री बना दिया कि तेलुगू देशम पार्टी के अधिकतर विधायक उनके साथ हैं। रामाराव लौटे और भारतीय राजनीति में पहली बार विधायकों की परेड हुई। दिल्ली में हंगामा हुआ।
विधायकों को खरीद फरोख्त से बचाने के लिए होटल में सुरक्षित रखने का पहला प्रयोग भी एनटीआर के समय में ही हुआ। तब कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े ने मैसूर के एक होटल में टीडीपी के विधायकों को रखने में एनटीआर की मदद की थी। इंदिरा गांधी को हठ छोड़ना पड़ा। राज्य में नए राज्यपाल को भेजना पड़ा और एनटीआर फिर से मुख्यमंत्री बन गए।
1984 की लहर में भी करिश्मा कायम
जिस साल एनटीआर दोबारा मुख्यमंत्री बने उस साल 1984 को देश की राजनीति की दिशा बदलने वाला साल कहा जाता है। पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन को इलाज के लिए विदेश जाना पड़ा और उनका गठबंधन कांग्रेस के साथ होने के बावजूद एनटीआर ने अपने मित्र की पार्टी के लिए तमिलनाडु जाकर डीएमके उम्मीदवारों का प्रचार किया।
इसी साल इंदिरा गांधी की हत्या हुई। कांग्रेस के पक्ष में पूरे देश मे सहानुभूति लहर दिखी, लेकिन आंध्र प्रदेश में टीडीपी का परचम ही लोकसभा में भी लहराया। बाद के दिनों में एनटीआर गैर कांग्रेसी पार्टियों की एकता के सूत्रधार बने और राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी धमक बनाने में कामयाब रहे।
नंदमूरि तारक रामाराव (एनटीआर)
- फोटो : Amar Ujala
दो रुपये किलो चावल वाली लोकप्रिय योजना
गरीबों को हर महीने दो रुपये प्रति किलो की दर से 25 किलो चावल मुहैया कराने की एनटीआर की योजना देश के दूसरे तमाम दलों ने कॉपी की और अब भी सस्ता अनाज बांटने की इस अकाट्य रणनीति से कई राजनीतिक दल अपने वोट बैंक को साधते रहते हैं। गरीबों को घर बनाने के लिए आर्थिक मदद करने की योजना भी एनटीआर की ही देन मानी जाती है।
अपने कार्यकाल के पहले ही साल में उन्होंने 10 हजार घर गरीबों के लिए बना दिए थे, यही नहीं हर गांव में पीने के पानी का कम से कम एक स्वच्छ स्रोत बनाने की एनटीआर की योजना भी अब देश की राजनीति में अक्सर परिलक्षित होती रहती है।