फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़ा सवाल: ‘दिवाली’ को ‘ईद’ जैसा बताने के पीछे असल मंशा क्या है?

सार

ईद और दिवाली में साम्य यह है कि इसे  सब मिलकर मनाते हैं। ये त्योहारों परिवारों और परिचितों को और करीब लाते हैं। दोनों जगह दान और शुभकामनाओं के आदान प्रदान का महत्व है। दोनो में मनोमिलन और दिलदारी का आग्रह है। दोनो त्यौहारों में ईश्वर के प्रति धन्यवाद का भाव उसके निरंतर कृपावंत रहने की प्रार्थना निहित है। 
 
विज्ञापन
भाजपा और एआईएमआईएम ने उठाए सवाल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में वोटों के लिए राजनेता किसी भी हद तक जा सकते हैं, इसका ताजा उदाहरण कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दिवाली और ईद को लेकर दिया गया वो बयान है, जो ऊपरी पर धार्मिक सौहार्द की नई इबारत लगता है, लेकिन उसके भीतर छिपी मंशा कुछ और है। यह सही है कि चाहे दिवाली हो अथवा ईद दोनों ही खुशियों के पर्व हैं, दोनो लंबी प्रतीक्षा के बाद आते हैं, लेकिन दोनों को मनाने के पीछे भावना, तासीर और तरीके अलग-अलग हैं।

विज्ञापन


जहां ईद महीने भर के कठिन संयम और इबादत के बाद जीवन की सामान्य दिनचर्या में प्रवेश का पर्व है, वहीं दिवाली मूलत: प्रकाश और आनंद का उत्सव है। यानी जी भर, जीयो, खाओ, पीयो, लक्ष्मी मां की आराधना करो और रिश्तों का सम्मान करो। दिवाली मूलत: समृद्धि की आकांक्षा का पर्व है। जबकि ईद के सेलीब्रेशन में भी सादगी का आग्रह निहित है।

दिवाली धन-धान्य, मनुष्य और मवेशियों के आपसी सम्बन्धों को  रेखांकित करने वाला त्यौहार भी है, जबकि ईद छोटे-बड़े सभी को गले लगाने का त्यौहार है। दिवाली नई फसल के स्वागत का उत्सव भी है, जबकि ईद का इससे कोई सीधा सम्बन्ध नहीं है। ईद साल में दो बार मनाई जाती है, लेकिन दोनो के संदर्भ अलग-अलग हैं। जबकि दिवाली साल में एक बार ही आती है। इसका सम्बन्ध साल के नए हिसाब-किताब से भी रहा है। लेकिन ईद खुशियों की साझेदारी के साथ कुर्बानी का भी पर्व है। 
विज्ञापन


दीपोत्सव बना दिवाली

दिवाली शब्द दीपोत्सव का बिगड़ा लेकिन ज्यादा प्रचलित शब्द है। दीपोत्सव मनाने के हिंदू सहित चार धर्मों में अलग-अलग कारण हैं, लेकिन सब में भाव एक-सा है। वह है उल्लास और मंगल कामना का। दीपावली अपने आप में असमाप्त आनंद का पर्व है। यह अकेला त्योहार है, जो पूरे पांच दिनों तक चलता है।

इसमें कहीं कोई उपवास नहीं, कहीं कोई वर्जना नहीं, कहीं कोई किंतु परंतु नहीं। आपकी हैसियत, आकांक्षा और मर्यादा के हिसाब से दिवाली मनाइए और जीवन में सतत प्रकाश की कामना करते रहिए। दिवाली एक मात्र पर्व है, जिसमें रोशनी के साथ पटाखों की गूंज की जुगलबंदी है। शायद इसलिए क्योंकि दिवाली खुशियों का उत्सव के साथ साथ उसका धमाकेदार सार्वजनिक ऐलान भी है (यह बात अलग है कि इससे पर्यावरण की चुनौतियां खड़ी हो गई हैं)।

दिवाली धन की देवी की आरती और उसके बारंबार आने की कामना का पर्व है। खरीदारी ईद पर भी होती है। लेकिन दिवाली जैसा आसमान छूता बाजार नहीं चमकता।

ईद और दिवाली में साम्य यह है कि इसे सब मिलकर मनाते हैं। ये त्योहार परिवारों और परिचितों को और करीब लाते हैं। दोनों जगह दान और शुभकामनाओं के आदान प्रदान का महत्व है। दोनो में मनोमिलन और दिलदारी का आग्रह है। दोनो त्यौहारों में ईश्वर के प्रति धन्यवाद का भाव उसके निरंतर कृपावंत रहने की प्रार्थना निहित है। 

यह तो हुई दोनों पर्वों की तुलना, धार्मिक और सामाजिक व्याख्या। लेकिन राजनीति इसे अपने नजरिए से देखती और उसकी अलग दृष्टि से व्याख्या करती है। मल्लिकार्जुन खरगे का बयान भी सियासी गुगली ही है। वरना अपने साठ साल के राजनीतिक जीवन में उन्होंने इस तरह से दोनो त्यौहारों की तुलना शायद ही कभी की हो,  जिस पर इतना सियासी बवाल मचा है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा?

गौरतलब है कि  दीपावली के पर अपनी बधाई में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- "दीपावली की शुभकामनाएं सभी को मैं देता हूं। ये एक बहुत बड़ा त्योहार हमारे हिंदुस्तान में सभी लोग मनाते हैं। इसका एक ही कारण है कि ये ‘खुशियों की एक ईद’ है। बहुत दिनों तक चलने वाली ईद यही है। लोगों को सुख-शांति से रहने के लिए और अपने लोगों से मिलने के लिए ये एक अच्छा त्योहार है। मैं अपने देश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।" खरगे के बयान पर भाजपा तुरंत हमलावर हुई।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने खरगे और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- "दिवाली के मौके पर भी कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति चुनी। कांग्रेस अध्यक्ष ने दीपावली को "खुशियों की ईद" कहा। याद कीजिए, सोनिया गांधी "बाबरी" के लिए रोई थीं। पहले जब सनातन को "डेंगू-मलेरिया और एड्स" कहा गया, तब कांग्रेस चुप रही।"

दूसरी ओर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा- "खुशी की बात जब आती है तो 'ईद' से मिसाल दी जाती है। अगर मल्लिकार्जुन खरगे ने ऐसी बात कही है, तो यह एक सेक्युलर आदमी ही बोल सकता है।‘ खरगे के बयान पर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल की प्रतिक्रियाएं संतुलित थीं। जबकि केंद्रीय मंत्री और दलित नेता रामदास आठवले ने कहा कि खरगे सीनियर नेता हैं। इसके बावजूद वो दिवाली और ईद को 'मिक्स' करते हैं, ये ठीक नहीं हैं. उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

बहरहाल खरगे जी ने दिवाली और ईद को मिक्स-अप करते हुए यह स्पष्ट नहीं किया कि वो दिवाली के साथ कौन-सी ईद की बात कर रहे हैं। माना जा रहा है कि वो यह बात ईदुल फितर के संदर्भ में ही कह रहे होंगे। वरना साल में एक बार ईदुज्जुहा भी आती है, जब धार्मिक कारणों से पशु बलि (कुर्बानी) दी जाती है।

आश्चर्य नहीं कि कल को कोई नेता ईदु्ज्जुहा की तुलना दिवाली के दौरान होने वाली गोवर्धन पूजा के साथ की जाने वाली ‘बलि पूजा’ से कर दे, क्योंकि दोनो में बलि शब्द है। देखने की बात यह है कि खरगेजी आगामी ईद पर अपनी बधाई किन शब्दों में देते हैं, क्या वो ईद को ‘खुशियों की दिवाली’ कहने का साहस दिखाएंगे? क्योंकि हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का इससे बेहतर शाब्दिक भाव और सदिच्छा कुछ और नहीं हो सकती।

मुस्लिम वोटरों को खींचने की होड़

जाहिर है कि वो ऐसा कभी नहीं करेंगे। वैसे भी उनकी ताजा बधाई का संदर्भ उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। जहां कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में मुस्लिम वोटों को अपनी तरफ खींचने की होड़ लगी है। लिहाजा नए-नए टोटके, व्याख्याएं और प्रतीक खोजे जा रहे हैं। जो दांव चल जाए।

यहां तर्क दिया जा सकता है तो अगर भाजपा हिंदू-मुस्लिम खाई को चौड़ा करने के लिए हर हथकंडा अपना रही है तो खरगेजी ने ‘ईद की खुशी’ को ‘दिवाली के आनंद’ से जो़ड़ दिया तो क्या गुनाह किया? वैसे भी इन त्योहारों पर हिंदू- मुसलमान एक दूसरे को बधाई तो देते ही हैं। ऐसे में खरगेजी ने भी लगे हाथ सियासी अरमानों के दीप जला दिए तो गैर क्या है? उसका स्वर तो सकारात्मक ही था। असर चाहे कुछ भी हो।

सही है, लेकिन धार्मिक पर्वों की ऐसी गैर जरूरी तुलना और व्याख्या की जरूरत ही क्या है? हर धर्म के अपने-अपने त्यौहार और अपने संदर्भ हैं। एक मोहर्रम को छोड़ दें तो हर त्यौहार खुशियों का इजहार ही है। लेकिन इसके चलते रमजान के रोजे और नवरात्रि के उपवास की तुलना करना अनावश्यक है, भले ही दोनो में संयम का आग्रह हो। जहां तक आपसी भाईचारे की बात है तो इसके लिए आम लोग ही काफी हैं। उन्हें नेताओं से सबक लेने की जरूरत नहीं है।

आम नागरिक को न तो हिंदू व्यापारी और न ही मुसलमान दुकानदार से मनचाहा सामान खरीदने में कोई गुरेज है। दिवाली मनाने वाला अगर प्रजापति से दीए खरीदता है तो पूजा के पांच फल मुस्लिम फलवाले से खरीदने में उसे कोई संकोच नहीं होता। 

देवी की चुनरी, कृष्ण की पोशाक और पवित्र कलावा बनाने वाले ज्यादातर मुसलमान ही हैं। उसी तरह ईद पर जरूरत का हर सामान तमाम हिंदू दुकानदारों से खरीदने में किसी मुसलमान को कभी संकोच शायद ही हुआ हो। परस्पर विश्वास का यह रिश्ता अंतर्निहित है। इससे कभी किसी का धर्म भ्रष्ट नहीं होता।

यकीन न हो तो त्योहार के दिन बाजारों का चक्कर लगा लीजिए। यह साम्प्रदायिक सौहार्द लोगों के भीतर रचा बसा है, जिसकी व्याख्या के लिए किसी मल्लिकार्जुन की जरूरत नहीं है।



--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें