2010-11 में भारत में 95.6 फीसदी महिलाओं ने नसबंदी को अपनाया। जबकि पुरुषों में यह दर काफी कम रही।
2010-11 में भारत में 95.6 फीसदी महिलाओं ने नसबंदी को अपनाया। जबकि पुरुषों में यह दर काफी कम रही। यह विचारणीय है कि क्यों महिलाओं की अपेक्षा पुरुष नसबंदी से भागते हैं? यहां तक कि अस्थायी रूप से गर्भधारण को रोकने के लिए अपनी सेक्स लाइफ में कॉन्डोम तक का इस्तेमाल करने से परहेज करते हैं। जबकि यह दोनों ही साधन स्त्री और पुरुष दोनों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का आधार है। इस संबंध में पुरुषों के समाज मनोविज्ञान को समझने की आवश्यकता है, यह भी समझने की जरूरत है कि परिवार और स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारियों से सजग, समाज का यह वर्ग नसबंदी के प्रति इतना आतंकित क्यों है?
इस सवाल के जवाब के लिए हमें वापस समाज की जड़ों की ओर देखना होगा। जिनसे समाज और उसकी मनोवृति की निर्मिती हुई है। समाज में पुरुषों की नसबंदी को सामाजिक प्रतिष्ठा, पुरुषार्थ, नामर्दगी (मर्दानगी कमज़ोर हो जाएगी) जैसे विचारों के साथ अमूमन देखा गया है। जहां महिलाओं में जनसंख्या और परिवार कल्याण नियोजन के प्रति जागरुकता में आशा कार्यकताओं और सही परामर्श दाताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। वहीं पुरुषों के संदर्भ में सही परामर्श दाताओं का अभाव है।
पंचायत, जिलाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता जिन्हें यह जिम्मेदारी सौपी भी जाती है, वह सभी अधिकांशत: समाज की उसी मानसिकता के पोषक होते हैं जिसमें उन्हें पुरुषार्थ की रक्षा का पाठ पढ़ाया जाता है। इस कारण वह पुरुष नसबंदी की खुशहाल परिवार में उपयोगिता के संदर्भ में सही से समझा पाने में अक्षम होते हैं। इसके विपरीत महिलाओं को समझाने, उनके और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं को सुलझाने में महिलाएं स्वयं ही आगे आकर नसबंदी के विकल्प को अपनाती है। यह जानते हुए कि महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों की नसबंदी की शल्य चिकित्सा अधिक सरल है।
ऊपर से महिलाओं की नसबंदी में घोर स्वास्थ्य लापरवाही अलग से देखने को मिलती हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का मामला ही ले लीजिए यहां किस तरह नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर लिटाया गया। घटना के वीडियो के सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रशासन चेता।
यह अच्छी बात है कि सरकारी स्तर पर पुरुषों में नसंबदी के खिलाफ जागरुकता के लिए 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है, क्योंकि महिलाओं की तुलना में पुरुषों में नसबंदी को लेकर ज्यादा भ्रांतियां हैं। इन भ्रांतियों के लिए जरूरी है कि पुरुषों की उस सोच को बदला जाए जिसमें उन्हें लगता है कि नसबंदी के बाद शारीरिक कमजोरी आ जाती है। यौन क्षमता कमजोरी हो जाती है। जबकि ऐसा कुछ नहीं है। ऊपर से सही तथ्य तो यह है कि पुरुष नसबंदी की तुलना में महिला नसबंदी बेहद जटील है और इसके फेल होने की संभावना भी उतनी ही ज्यादा रहता है। इसके अलावा महिला नसबंदी की तुलना में पुरुष नसबंदी कम खर्चीली है।
हालांकि इस बीच भारतीय वैज्ञानिकों ने पुरुषों के लिए एक कॉन्ट्रासेप्टिव इंजेक्शन भी तैयार कर लिया है जिसके चलते अब पुरुषों को नसबंदी की जरूरत नहीं होगी। इस इंजेक्शन का क्लिनिकल ट्रायल भी हो चुका है। यह इंजेक्शन तेरह सालों तक प्रभावी रहेगा।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।