राज ठाकरे बेगानी शादी में दीवाने अब्दुल्लाह की तरह हैं। -सीएम देवेंद्र फणनवीस
- फोटो : फाइल फोटो
क्या है भाजपा और कांग्रेस का हाल?
मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी खेमे का कहना है कि राज्य में अंडरकरंट मोदी वेव है, जिसके चलते भाजपा राज्य में इस बार भी 2014 के लोकसभा चुनाव की पुनरावृत्ति कर सकती है। पार्टी के आला नेता दावा कर रहे हैं कि पार्टी की जीत का आंकड़ा इस बार 40 को भी पार कर जाएगा। दूसरी ओर पिछले लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हारने वाली कांग्रेस का मानना है कि इस बार पार्टी कम से कम 24 सीटों पर विजय दर्ज करेगी।
मीडिया में भी किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं, इसे लेकर इस बार सही आंकलन नहीं हो पा रहा है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत का कहना है कि इस बार उनके गठबंधन को 24 से 28 सीट मिलेगी। वे कहते हैं कि इस बार कांग्रेस ने पेशेवर ढंग से चुनाव का संचालन किया है, जिसका लाभ मिलेगा।
क्या कहते हैं पत्रकार और राजनीतिक पंडित?
राज्य की राजनीति पर गहरी पकड़ रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार सचिन परब का मानना है कि राज्य में भाजपा 32 से 34 सीट पर जीत दर्ज कर सकती है। परब का कहना है कि मुंबई उत्तर की सीट भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी के लिए एकदम सेफ मानी जाती थी पर उर्मिला मातोंडकर ने चुनाव मैदान में कूदकर शेट्टी को बेचैन तो कर ही दिया। यहां तक कि उत्तर मुंबई में पिछली बार शेट्टी के प्रतिद्वंद्वी रहे कांग्रेस के संजय निरुपम की भी उनके सामने चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं पड़ी। लिहाज़ा, निरुपम ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़कर मुंबई उत्तर पश्चिम में कांग्रेस का टिकट हासिल किया।
किसी कांग्रेस नेता के चुनाव न लड़ने की स्थिति में उत्तर मुंबई से कांग्रेस ने गोपाल शेट्टी के सामने मराठी, हिंदी, उर्दू, गुजराती और अंग्रेजी फर्राटे से बोलने वाली उर्मिला मातोंडकर को चुनाव मैदान में उतारा। ‘रंगीला गर्ल’ने ‘तुमची मुलगी’और ‘मराठी मुलगी’का ऐसा अभियान चलाया कि गोपाल शेट्टी खेमे में बेचैनी होने लगी।
यहां की मराठी बाहुल्य दहिसर और मागाठाणे की सीटों पर भारी मतदान हुआ है। इसी आधार पर कई लोग 23 मई को उत्तर मुंबई में अप्रत्याशित नतीजे की उम्मीद कर रहे हैं। ठीक वैसा नतीजा, जैसे 2004 में गोविंदा ने राजनीति के धुरंधर राम नाईक को हरा दिया था।
उर्मिला मातोंडकर का नेता अवतार चुनौती तो बना है।
- फोटो : PTI
मुंबई और महाराष्ट्र में जीत और हार का गणित
इसी तरह मुंबई उत्तर मध्य की सीट किसके हिस्से जाएगी, इसे लेकर भी बड़ा सस्पेंस है, क्योंकि इस बार यहां दो धुरंधर राजनेताओं की बेटियों के बीच मुकाबला था। भाजपा की ओर से प्रमोद महाजन की बेटी और मौजूदा सांसद पूनम महाजन मैदान में थीं, तो कांग्रेस की ओर से सुनील दत्त की बेटी और पूर्व सांसद प्रिया दत्त चुनाव मैदान में उतरी थीं। दोनों के बीच बहुत कड़ा मुकाबला है। पिछली बार यहां 49.40 फीसदी वोट पड़े थे।
इस बार 4.15 फीसदी ज्यादा यानी 54.05 फ़ीसदी मतदान हुआ है। कांग्रेस विधायक नसीम खान के विधानसभा क्षेत्र चांदिवली में भारी मतदान हुआ है, इसीलिए लोकसभा में यहां की जनता का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, इस पर कोई भी कुछ कहने से कतरा रहा है। वैसे दक्षिण मुंबई को छोड़ दें तो बाक़ी पांच सीटों पर 2014 की तुलना में अधिक मतदान हुआ है। दक्षिण मुंबई में इस बार 2.33 फ़ीसदी कम मतदान हुआ है।
महाराष्ट्र की सभी 48 लोकसभा सीटों के लिए करीब 61.40 फीसदी वोटर्स ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है। पहले चरण में 63.04 फीसदी मतदान हुआ था, दूसरे चरण में 62.88 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला था। इसी तरह तीसरे चरण में राज्य के 62.36 फीसदी मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाया तो चौथे और अंतिम चरण में 57.32 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य की 25 सीटों पर 2014 की तुलना में मतदान का प्रतिशत अधिक रहा है, जबकि 23 सीट पर पिछली बार के मुक़ाबले में कम मतदान हुआ है।
इस बार यहां से हाईप्रोफाइल नागपुर सीट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, नांदेड़ से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, हंसराज अहीर, राजू शेट्टी, सुप्रिया सुले, मिलिंद देवड़ा, अनंत गिते, सुनील तटकरे, नवनीत कौर राणा और उदयन राजे जैसे नेता चुनाव मैदान में हैं।
मराठा क्षत्रप शरद पवार इस बार चुनाव मैदान में नहीं उतरे, क्योंकि उनके भतीजे अजित पवार ने अपने बेटे पार्थ पवार को मावल सीट से चुनाव मैदान में उतार दिया। इसके बाद पवार ने यह कहते हुए चुनाव न लड़ने का फैसला किया, कि लोग उनकी तुलना मुलायम सिंह यादव से करने लगेंगे। जो पवार नहीं चाहते।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) : यह लेखक के निजी विचार हैं. आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है. आप भी अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं. लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें.