अब स्वयं से भी पूछिए कि क्या आपने जो कुछ किया था, वह प्रेम से किया था या उसके बदले में कुछ पाने की इच्छा से? यदि आपने उसके लिए कुछ भी प्रेम से किया था, तो क्या सामने वाले का वैसा ही व्यवहार न करना आपके दिए हुए प्रेम का मूल्य समाप्त कर देता है? हरगिज नहीं। प्रेम को लेनदेन बना देने से तो संबंधों में हिसाब-किताब शुरू हो जाता है। फिर हम यह देखने लगते हैं कि किसने कितना दिया और किसने कितना लिया। जहां हिसाब-किताब बहुत बढ़ जाता है, वहां प्रेम का सहज प्रवाह कम होने लगता है। किसी से प्रेम करने का अर्थ यह नहीं कि वह हर समय आपकी इच्छा के अनुसार ही चले। आप चाहते हैं कि आपका जीवनसाथी आपकी भावनाओं को समझे। यह उचित अपेक्षा है। लेकिन, यह अपेक्षा करना कि वह बिना बताए आपकी हर भावना समझ जाए, शायद सही नहीं होगा।
प्रेम को किसी शर्त में नहीं बांधा जा सकता है। आपका मन, आपकी खुशी आप ही की जिम्मेदारी है। दूसरे लोग आपके जीवन में खुशी के कारण बन सकते हैं, लेकिन अपनी पूरी खुशी का आधार केवल उन्हें बना देना उचित नहीं है। यदि अपेक्षाएं हमें एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील बनाती हैं, तो वे संबंधों के लिए अच्छी हैं। पर, यदि वे हमें लगातार शिकायत करने वाला और हर समय निराश रहने वाला बना देती हैं, तो हमें अपनी अपेक्षाओं पर विचार करना चाहिए। प्रेम में अपेक्षाएं रखिए, लेकिन अपनी खुशी को अपेक्षाओं की कैद में मत डालिए। प्रेम दीजिए, लेकिन उसे सौदे में मत बदलिए। साथ मांगिए, लेकिन अधिकार मत जमाइए। और, सबसे बड़ी बात-दूसरे को प्रेम करते हुए स्वयं से प्रेम करना मत भूलिए।