कुद्रेमुख की पहाड़ियों पर नीलकुरिंजी के फूलों के असमय खिलने से बेशक सैलानी उत्साहित हैं, लेकिन पर्यावरणविद व वनस्पति वैज्ञानिक हैरान हैं। नीलकुरिंजी के फूल पिछली बार 2018 में खिले थे। 12 वर्षीय चक्र के मुताबिक इन्हें 2030 में खिलना था, लेकिन चार साल पहले ही खिल उठे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कर्नाटक के कुद्रेमुख की पहाड़ियों पर इन दिनों नीलकुरिंजी के फूलों की बहार है। ये फूल अपने तय समय से चार साल पहले खिल उठे हैं। असल में कुद्रेमुख एक राष्ट्रीय उद्यान है, जिसकी दो पहाड़ी ढलानों गंगडिकल्लु और चिट्कलगुड्ड पर खिले नीलकुरिंजी के नीले-बैंगनी फूलों की कतारें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। सैलानी उत्साहित हैं, पर पर्यावरण व वनस्पति वैज्ञानिक हैरान हैं। यहां नीलकुरिंजी के फूल पिछली बार 2018 में खिले थे। बारह साल में एक बार खिलने के प्रचलित चक्र के हिसाब से अगली बार इन्हें 2030 में खिलना था। लिहाजा, चार साल पहले खिले ये फूल सवाल पैदा कर रहे हैं।
विज्ञापन
स्ट्रोबिलैन्थेस कुंथियाना नामक ये फूल प्राकृतिक रूप से केवल दक्षिण-पश्चिम भारत के पहाड़ों में 1,300 से 2,600 मीटर की ऊंचाई पर पाए जाते हैं। करीब 11 साल तक केवल पत्तियां व तने बढ़ते हैं। बारहवें साल के आसपास ये एक साथ खिलते हैं। बीज बनने के बाद झाड़ियां सूखकर खत्म हो जाती हैं व बीजों से नई पौध तैयार होती है।
तमिलनाडु की पलियन जनजाति में उम्र गिनने की परंपरा भी इन फूलों के पुष्पन चक्र से जुड़ी रही है। स्थानीय वनस्पति विज्ञानियों का मत है कि यह पूरी प्रजाति का सामूहिक पुष्पन न होकर पौधों के किसी स्थानीय समूह का या किसी ऐसी पीढ़ी का पुष्पन हो सकता है, जो 2018 में नहीं खिले थे। मुन्नार के आसपास भी अलग-अलग पुष्पन चक्र दर्ज किए गए हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रकृति की घड़ियां हमारे तय समय-चक्रों से कहीं अधिक विविध और लचीली हैं।
विज्ञापन
कुद्रेमुख में नीलकुरिंजी के असमय खिलने को जलवायु परिवर्तन से जोड़ने का अभी कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है। असल जरूरत व्यवस्थित निगरानी और आंकड़ों की है। फूलों के खिलने के समय से बड़ा सवाल उनके घर का है। नीलकुरिंजी शोला ग्रासलैंड का हिस्सा है। ये घास के मैदान मानसून का पानी सोखकर साल भर झरनों और नदियों को जीवित रखते हैं। पर, चाय, यूकेलिप्टस के बागानों, सड़कों और निर्माण के लिए इनका लगातार विनाश हुआ है।
2024 में आईयूसीएन ने नीलकुरिंजी को असुरक्षित श्रेणी में रखा। पर्यटन का बढ़ता दबाव भी इनके पौधों और अगली पीढ़ी के लिए खतरा है। जिस पौधे को फूल खिलाने में 12 साल लगते हैं, उसे एक आग या पर्यटक की छोटी-सी लापरवाही पलभर में नष्ट कर सकती है।
नीलकुरिंजी का असमय खिलना बताता है कि पहाड़ों की यह नीली चादर आने वाली पीढ़ियों तक तभी पहुंचेगी, जब उसे एक मौसमी तमाशे के बजाय एक जीवित विरासत की तरह देखा जाएगा।