फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल डायरी: तिनका तिनका रेडियो और उस पार की आवाज

सार

हरियाणा की 19 में से 12 जेलों में रेडियो का काम अपनी गति से चल रहा है। 47 बंदी रेडियो जॉकी बन चुके हैं। वे तिनका तिनका के जेल पत्रकार हैं। इन सबके पास कलम, कागज और आवाज है। आजादी की कमी के बावजूद इन बंदियों ने अपने लिए एक टुकड़ा आकाश बनाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।
विज्ञापन
शेरू जब जेल से बाहर निकला, तो वह गायक था और था - एक रेडियो जॉकी। - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शेरू उस समय केंद्रीय जेल अंबाला की अपनी बैरक के एक कोने में सिमटा हुआ था जब उसे एकाएक यह सूचना मिली कि उसके गाने को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट किया है। शेरू ट्विटर को नहीं जानता। उसने फेसबुक के बारे में सुना है, लेकिन उसके बारे में भी वह ज़्यादा नहीं जानता है।

विज्ञापन


अपनी जेल की सज़ा के दौरान उसने कई ऐसे शब्द सुने हैं जो बाहर की दुनिया से प्रचलित हैं, लेकिन उसका उनसे कोई ताल्लुक नहीं है। वह कमियों के इस संसार में रहता है और यह उसकी काबिलियत है कि अब वह तिनका जेल रेडियो का एक रेडियो जॉकी यानी आरजे है। पूरी जेल उसे अब आरजे ही कहकर बुलाती है। वह केंद्रीय जेल, अंबाला के उन 6 बंदियों में शामिल है जिनका चयन दिसंबर 2020 में तिनका जेल रेडियो के लिए किया गया था।


हाल के दिनों में शेरू तब चर्चा में आया, जब उसने कोरोना पर गाना लिखा और गाया। तिनका तिनका फाउंडेशन ने उस गाने को रिलीज़ किया और रिलीज़ होने के कुछ समय बाद उसका गाना एक राष्ट्रीय पहचान बन गया। कहने को कहानियां खत्म हो सकती हैं, लेकिन असल में शुरू यहां से होती है। वैसे भी किसी भी कहानी के 3 हिस्से होते हैं।

विज्ञापन


कहानी की शुरुआत से पहले, कहानी के दौरान और कहानी के अंत में। आमतौर पर हम किसी भी कहानी की सफलता को सुनने के बाद यह सोचते हैं कि कहनी वहां खत्म हो गई, लेकिन ऐसा होता नहीं है।

विज्ञापन

गाना रिलीज़ होने से लेकर अब तक शेरू के लिए लगातार फोन आ रहे हैं। - फोटो : अमर उजाला

शेरू की कहानी, जेल में आने से पहले की ज़िंदगी की उलझनों की कहानी है। जेल में आने के बाद बहुत दिनों तक उसे इस बात का अंदाज़ा नहीं था कि वह जेल में अपने समय को कैसे काटेगा। उसने साढ़े तीन साल गुमनामी में काटे लेकिन बाकी के साढ़े छह साल ऐसे नहीं होंगे। वह जेल के रेडियो में जॉकी के तौर पर अपनी जिंदगी की नई कही लिखेगा। कहानी का एक हिस्सा यह भी हो सकता है कि अब यह रेडियो उसे एक नई पहचान देगा। उसका वो गांव, जिसके परिचय को वो भूलने लगा था अब जानेगा कि शेरू जब जेल से बाहर निकला, तो वह गायक था और था - एक रेडियो जॉकी।

गाना रिलीज़ होने से लेकर अब तक शेरू के लिए लगातार फोन आ रहे हैं। बहुत से लोग शेरू से मिलना चाहते हैं। हाल में अंबाला की सीजेएम शेरू से मिलने जेल में पहुंची। जेल के रेडियो के कमरे से ही उन्होंने शेरू और बाकी बंदियों को अपना संदेश दिया जिसमें कहा गया कि प्रशासन, कानून और फाउंडेशन तीनों यह चाहते हैं कि शेरू की तरह बाकी बंदियों की प्रतिभा भी सबके सामे आए।

वैसे मज़े की बात यह भी है कि शेरू ने बाहर की दुनिया में कोरोना की हो रही हलचल को अपनी आंखों से देखा भी नहीं है, क्योंकि इस पूरे दौर में वह जेल के अंदर ही रहा है। इसलिए यह महसूस करना भी काफी संवेदना जताता है कि जेल के अंदर हुए एक बंदी ने बाहर के लोगों की सुरक्षा और एहतियात के लिए कुछ सोचा है। इसे पलटकर ऐसा भी सोचा जा सकता है कि बाहर के लोग कितनी आसानी से उन लोगों को भूल जाते हैं जो इस समय जेल के अंदर हैं।

बहरहाल जेल का रेडियो अब सिर्फ आवाज़ का रेडियो नहीं है। अब वह सरोकार का रेडियो भी बन गया है। अंबाला की ही जेल से बंदियों को जेल रेडियो के जरिए कोरोना को लेकर टीके लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पहले जो बंदी टीका लगाने में हिचकिचा रहे थे, अब खुलकर सामने आ रहे हैं।

जेल का रेडियो कानून का सलाहकार बन रहा है और बंदियों के अवसाद में कमी लाने के लिए पूरी तरह से कारगर सिद्ध हो रहा है। यह आवाज़ें सीखचों के अंदर हैं। बाहर की दुनिया यह सुन नहीं सकती कि जेल के बंदी रेडियो पर क्या और कैसे कहते हैं और मेरा ख्याल है कि इसी में काफी हद तक भलाई भी है, क्योंकि कम से कम कोई ऐसी जगह बाकी होनी चाहिए जो पूंजी के दबावों से दूर हटकर अपने छोटे से दायरे में अच्छी नीयत के साथ काम रहा हो।

यह सिर्फ एक शुरुआत है। हरियाणा की 19 में से 12 जेलों में रेडियो का काम अपनी गति से चल रहा है। 47 बंदी रेडियो जॉकी बन चुके हैं। वे तिनका तिनका के जेल पत्रकार हैं। इन सबके पास कलम, कागज और आवाज है। आजादी की कमी के बावजूद इन बंदियों ने अपने लिए एक टुकड़ा आकाश बनाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।


(डॉ. वर्तिका नन्दा जेल सुधारक हैं। वे देश की 1382 जेलों की अमानवीय स्थिति के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका की सुनवाई का हिस्सा बनीं। जेलों पर एक अनूठी श्रृंखला- तिनका तिनका- की संस्थापक। दो बार लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल। तिनका तिनका तिहाड़ और तिनका तिनका डासना- जेलों पर उनकी चर्चित किताबें। 2019 में आगरा की जिला जेल और 2021 में हरियाणा के में रेडियो की शुरुआत की।)

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें