द्वीपों और सीमांत क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड और इंटरनेट कनेक्टिविटी बेहतर होगी
- फोटो : FreePik
आर्थिक और सामाजिक लाभ
यह मिशन केवल रक्षा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। इससे दूरस्थ तटीय इलाकों, द्वीपों और सीमांत क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड और इंटरनेट कनेक्टिविटी बेहतर होगी। डिजिटल इंडिया, ई-गवर्नेंस और समुद्री शिक्षा जैसे क्षेत्रों को भी इस उपग्रह से लाभ मिलेगा।
इसरो की यह सफलता भारत को “स्पेस-टेक्नोलॉजी निर्यातक राष्ट्र” बनने की दिशा में और आगे ले जाएगी, जिससे वैश्विक उपग्रह संचार बाजार में भारत की हिस्सेदारी बढ़ेगी। CMS-03 जैसे उपग्रहों से सेना के “नेटवर्क-सेंट्रिक वॉरफेयर सिस्टम” को और बेहतर बनाया जाएगा।
आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाई
CMS-03 का सफल प्रक्षेपण केवल एक वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं है; यह “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य की दिशा में एक ठोस कदम है। अब भारत को किसी विदेशी उपग्रह या प्राइवेट नेटवर्क पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। LVM3-M5 रॉकेट की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत 4-5 टन से अधिक वजन वाले उपग्रहों को स्वदेशी तकनीक से अंतरिक्ष में भेज सकता है। इस उपग्रह को तीन चरणों वाला रॉकेट से अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया गया है।
पहला चरण दो ठोस रॉकेट बूस्टर (S200) का है , दूसरा चरण तरल ईंधन आधारित (L110) का है , तीसरा चरण क्रायोजेनिक अपर स्टेज (C25), जो उच्च ऊंचाई पर उपग्रह को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करता है। CMS-03 को पहले ट्रांसफर ऑर्बिट में भेजा गया और फिर अपने ऑनबोर्ड प्रोपल्शन सिस्टम की मदद से यह स्वयं जियोसिंक्रोनस कक्षा में पहुंचा। चार अलग-अलग आवृत्ति बैंडों में एक साथ संचार करने की क्षमता। इससे स्पीड, बैंडविड्थ और नेटवर्क विश्वसनीयता तीनों बढ़ती हैं।
भविष्य की ओर संकेत
इसरो की योजना आने वाले समय में CMS-04 (GSAT-20) और नेक्स्ट-जनरेशन नेविगेशन सैटेलाइट्स लॉन्च करने की है। इन मिशनों से भारत को एक एकीकृत अंतरिक्ष-आधारित कम्युनिकेशन और नेविगेशन नेटवर्क प्राप्त होगा। गगनयान मानव मिशन और भारतीय स्पेस स्टेशन जैसी परियोजनाओं के लिए भी LVM3 रॉकेट की सफलता एक भरोसेमंद आधार बन गई है।
कुलमिलाकर , CMS-03 का प्रक्षेपण इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भारत अब केवल “अंतरिक्ष तक पहुंचने वाला देश” नहीं रहा, बल्कि वह “अंतरिक्ष को साधने वाला राष्ट्र” बन चुका है। यह मिशन भारत की सामरिक सुरक्षा, डिजिटल संचार और तकनीकी क्षमता — तीनों को नई दिशा देता है। अब भारत को किसी विदेशी सैटेलाइट सिस्टम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। भारत अब वैश्विक स्तर पर “हाई-थ्रूपुट सैटेलाइट” सेवाएं देने में सक्षम है, जिससे भविष्य में वाणिज्यिक अनुबंध भी मिल सकते हैं।
यह उपग्रह अंतरिक्ष से भारत की रक्षा करेगा, और धरती पर करोड़ों भारतीयों को जोड़ेगा। यह केवल इसरो की सफलता नहीं है बल्कि यह हर उस भारतीय की सफलता है, जो मानता है कि विकसित भारत का युग अब शुरू हो चुका है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।