फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टीम इंडिया को रिंकू सिंह के रूप में मिलेगा एक और जोगिंदर शर्मा!

सार

2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू को 80 लाख रुपये में खरीद लिया, जबकि पहला सीजन उनके लिए अच्छा नहीं रहा था। वर्ष 2018 में मात्र 4 मैचों में 29 रन बनाने के बावजूद केकेआर ने रिंकू को रिटेन रखा।
विज्ञापन
रिंकू सिंह की साल 2017 में आईपीएल में एंट्री हुई थी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

क्रिकेट अनिश्चितताओं से भरा खेल है। ये अनिश्चितताएं किसी को जीरो से हीरो तो किसी को हीरो से जीरो बना देती हैं। ऐसी ही अनिश्चितता ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑल राउंडर रिंकू सिंह को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का नया पोस्टर ब्वॉय बना दिया है। 25 वर्षीय रिंकू सिंह ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच की अंतिम 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाकर कुछ वैसा ही करिश्मा किया है, जैसे वर्ष 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में टीम इंडिया के बॉलर जोगिंदर शर्मा ने किया था। पाकिस्तान के खिलाफ करीब-करीब हार चुके मैच को जोगिंदर शर्मा ने 6 गेंदों में भारत की झोली में डाल दिया था।

विज्ञापन


पहले बात रिंकू सिंह की

रिंकू बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के ऑफब्रेक गेंदबाज हैं। वर्ष 2017 में रिंकू की आईपीएल में एंट्री हुई थी। किंग्स इलेवन पंजाब ने 10 लाख रुपये के बेस प्राइज पर रिंकू को खरीदा था। तब यह खबर खूब चली थी कि 19 वर्षीय एलपीजी गैस डिलीवरी ब्वॉय की आईपीएल में एंट्री हुई। उस समय रिंकू यूपी टीम के लिए खेलते हैं और किंग्स इलेवन पंजाब के वीरेंद्र सहवाग ने उनकी प्रतिभा को पहचाना था।

हालांकि, अगले ही साल 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू को 80 लाख रुपये में खरीद लिया, जबकि पहला सीजन उनके लिए अच्छा नहीं रहा था। वर्ष 2018 में मात्र 4 मैचों में 29 रन बनाने के बावजूद केकेआर ने रिंकू को रिटेन रखा। शायद केकेआर टीम मैनेजमेंट को पता था कि एक दिन यह लड़का 5 छक्के लगाकर टीम को जीता देगा।
विज्ञापन


रिंकू सिंह दोबारा ऐसा ही करिश्मा दोहरा पाएंगे या नहीं, यह कहना बेहद जल्दबाजी होगा, लेकिन यदि जोगिंदर शर्मा के उस पाकिस्तान के मैच के बाद करियर को देखें तो उस एक ओवर की बदौलत वह लंबे समय तक क्रिकेट की दुनिया में बने रहे।

खासकर तब के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें न केवल टीम इंडिया में बनाए रखा, बल्कि चेन्नई सुपरकिंग्स में भी वह उनके लाडले गेंदबाज थे। तो क्या रिंकू सिंह को भी जोगिंदर शर्मा जैसा मौका आगे मिलेगा, क्योंकि हर एक खिलाड़ी की एक तमन्ना होती है कि वह टीम इंडिया के लिए खेले। टीम इंडिया की नीली जर्सी पहने। हालांकि, इंडियन प्रीमियर लीग का मौजूदा सीजन अभी शुरू ही हुआ है। सभी टीमों को कई मैच खेलने हैं। इस सीजन में जो तीन मैच रिंकू सिंह ने खेले हैं, उसमें उसका प्रदर्शन अच्छा है। तीन मैचों में उन्होंने 98 रन बनाए हैं।

आगे हो सकता है दबाव

आगे आने वाले मैचों में रिंकू सिंह पर परफॉर्मेंस का दबाव रहेगा। अब केकेआर की टीम और क्रिकेट प्रेमी हर मैच में रिंकू से ऐसे ही धुआंधार छक्कों की अपेक्षा करेंगे। अगले मैचों में दर्शक स्टैंड से रिंकू-रिंकू चिल्लाते नजर आएंगे। ऐसे स्टारडम को पचा पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता। पूर्व में ऐसे कई उदाहरण हैं, जब रातों-रात स्टार बने खिलाड़ी अगले कुछ मैचों बाद गायब हो गए थे। 

रिंकू सिंह को इस सफलता को संभालने और पचाने की भी आवश्यकता है। इसके लिए वो महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर या मैच विनर विराट कोहली से सबक ले सकते हैं। यदि यहां से रिंकू सिंह 5 गेंदों पर 5 छक्कों की सफलता को अपने सिर पर चढ़ाए बिना आगे निकल गए तो 4-5 आईपीएल सीजन खेलने से उन्हें कोई रोक नहीं पाएगा। जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सिलेक्टर्स टीम इंडिया के लिए खिलाड़ी चुनेंगे तो रिंकू सिंह को नजरअंदाज आसान नहीं होगा।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें