हार्दिक हो सकते हैं बेहतर विकल्प
न्यूजीलैंड भेजी गई टीम को देखकर साफ लग रहा है कि बीसीसीआई भारत की टी-20 वर्ल्ड कप में शर्मनाक हार के बाद सबक नहीं ले रही। आखिर टीम मैनेजेंट के आगे क्या मजबूरी है, जो अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर चल रहे शिखर धवन को नेतृत्व दिया जा रहा है। क्या हार्दिक को वनडे की भी कमान नहीं सौंपी जा सकती? हार्दिक लंबे अर्से से बेहतरीन प्रदर्शन करते आ रहे हैं। टी-20 वर्ल्ड में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी।
पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में टीम की जीत में उनकी भूमिका रही। सेमीफाइनल में उनके अर्द्धशतक की बदौलत टीम सम्मानजनक स्कोर बना सकी। हार्दिक की नेतृत्व क्षमता इंडियन प्रीमियर लीग और टीम इंडिया को लीड करने के जो मौके उन्हें मिले हैं, उसमें देखी जा चुकी है।
टीम को स्थाई कप्तान की जरूरत
बीसीसीआई को अब आगे प्रयोगों से बचते हुए नया स्थाई कप्तान नियुक्त करने की आवश्यकता है। भले वो हार्दिक हो या ऋषभ पंत। कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा के प्रदर्शन में भी गिरावट आई है। कप्तानी से मुक्त होने पर निश्चित ही रोहित दोबारा अपने पुराने रंग में दिखेंगे। बीसीसीआई को सीनियर खिलाड़ियों की गैर हाजिरी पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।
रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, के.एल. राहुल जैसे खिलाड़ी कई दौरों से गायब रहते हैं। कुछ चोटिल हो जाते हैं, जबकि इंडियम प्रीमियर लीग के दौरान उनकी उपस्थिति सौ प्रतिशत रहती है। इस बात की आलोचना अक्सर होती है और ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड के दौरान इसे महसूस भी किया गया।
जहां तक न्यूजीलैंड दौरे की बात है तो मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना हमेशा से मुश्किल रहता है। न्यूजीलैंड की पिच तेज गेंदबाजों को सपोर्ट करती हैं। अत्यधिक ठंड होने के कारण में भारतीय खिलाड़ियों को थोड़ी मुश्किल आती है, क्योंकि उन्हें ऐसे मौसम में खेलने की आदत नहीं होती।
2019-20 में भारत ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था और टी-20 श्रृंखला को 5-0 से जीता था, जब न्यूजीलैंड 2021-22 में भारत आई थी, तब भी भारत 3-0 से विजयी रहा था। न्यूजीलैंड में 2019-20 में भारत को मेजबानों से 3-0 से शिकस्त मिली थी।
वैसे, न्यूजीलैंड में कोच राहुल द्रविड़ को भी आराम दिया गया है। द्रविड़ के पुराने साथी वी.वी.एस. लक्ष्मण कोच की जिम्मेदारी निभाएंगे। उम्मीद है कि न्यूजीलैंड में बीसीसीआई का कप्तानी को लेकर यह अंतिम प्रयोग होगा, इसके बाद टीम इंडिया को स्थायी कप्तान मिल जाएगा।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।