आज दिल्ली का रामलीला मैदान विपक्षी राजनीति का केंद्र बना। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। इस आयोजन का केंद्र मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग रही।
सरकार की चुनौती या विपक्ष की परीक्षा?
रामलीला मैदान की रैली को केवल मोदी सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा। यह विपक्ष की अपनी राजनीतिक परीक्षा भी है। उसे यह साबित करना होगा कि वह केवल विरोध करने के लिए एकजुट नहीं हुआ है, बल्कि उसके पास लोकतांत्रिक संस्थाओं, चुनाव प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों पर साझा दृष्टिकोण भी है।
विपक्ष के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि रामलीला मैदान की ऊर्जा को देश के अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक सक्रियता में कैसे बदला जाए। सिर्फ दिल्ली में भीड़ जुटाने से राजनीतिक समीकरण नहीं बदलते। इसके लिए राज्यों में साझा रणनीति, स्थानीय नेतृत्व के बीच तालमेल और चुनावी मुद्दों पर सहमति जरूरी है।
रामलीला मैदान के बाद क्या?
आज की रैली ने कम से कम यह दिखाया कि विपक्षी दल चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर एक मंच पर आने के लिए तैयार हैं। लेकिन इस एकजुटता की उम्र कितनी होगी? क्या यह आंदोलन आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा? क्या सहयोगी दल अपने आपसी मतभेदों को पीछे रख पाएंगे? और सबसे महत्वपूर्ण, क्या इस विरोध से कोई संस्थागत या राजनीतिक परिणाम निकलेगा?
इन सवालों का जवाब आने वाला समय देगा रामलीला मैदान ने विपक्ष को अपनी एकजुटता दिखाने का अवसर दिया है। अब उसे यह साबित करना है कि यह एकजुटता केवल रैली की तस्वीरों, भाषणों और नारों तक सीमित नहीं है। क्योंकि लोकतंत्र में भीड़ जुटाना एक उपलब्धि हो सकती है, लेकिन जनसमर्थन को स्थायी राजनीतिक ताकत में बदलना उससे कहीं बड़ी चुनौती है।
--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।