फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अगर एआई हो आपका ट्रैवल गाइड: सिर्फ यह न पूछें कि कहां घूमना चाहिए, उसे बताएं कि आप कैसी यात्रा करना चाहते हैं

Sat, 14 Nov 2026 06:00 AM IST
ज्योति भास्कर सेठ कुगल, द न्यूयॉर्क टाइम्स।

सार

यदि एआई चैटबॉट को सही दिशा-निर्देश दिए जाएं, तो वे एक भरोसेमंद ट्रैवल एजेंट बन सकते हैं।
विज्ञापन
एआई के सुझावों को परखें, गलतियों की गुंजाइश रखें और योजना में बदलाव करते रहें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आज ऐसे-ऐसे कमाल कर रहा है, जिसकी कुछ साल पहले कल्पना करना भी मुश्किल था। यह दस्तावेजों के ढेर में छिपी जरूरी जानकारी कुछ ही सेकंड में खोज लेता है। गणित की दशकों पुरानी अनसुलझी समस्याओं को पलक झपकते ही सुलझा देता है और 1980 के दशक की शानदार तस्वीरें बना देता है। लेकिन, हैरानी की बात यह है कि जब इससे एक हफ्ते की छुट्टियों के लिए एक शानदार योजना बनाने को कहा जाता है, तो यह अक्सर मात खा जाता है। क्या आपने सोचा है कि आखिर ऐसा होता क्यों है?

विज्ञापन


दरअसल, सारा खेल आपके ‘प्रॉम्प्ट’, यानी सवाल पूछने के अंदाज में छिपा है। सच तो यह है कि अगर एआई चैटबॉट को सही दिशा दिखाई जाए, तो वे आपकी उम्मीदों से कहीं बढ़कर परिणाम दे सकते हैं। पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल में एआई पर शोध करने वाले प्रोफेसर एथन मोलिक का मानना है कि एआई कोई अंतर्यामी भविष्यवक्ता नहीं है, जो आपके मन की बात पढ़ लेगा। इसे ऐसे समझें कि आप किसी समझदार व्यक्ति के साथ काम कर रहे हैं, जिसे आपकी जरूरतों के बारे में कुछ पता नहीं है। ऐसे में, जब तक आप उसे पूरी जानकारी नहीं देंगे, वह अपेक्षा के मुताबिक नतीजे नहीं दे पाएगा।

इस गुत्थी को सुलझाने के लिए मैंने एक दिलचस्प प्रयोग किया। मैंने रोम और न्यूयॉर्क में पांच-पांच दिन की दो काल्पनिक यात्राओं की योजना बनाने के लिए विभिन्न चैटबॉट का इस्तेमाल किया। इसके लिए मैंने चैटजीपीटी, जेमिनी और क्लॉड, तीनों के मुफ्त और पेड वर्जन को आजमाया। सही व बेहतर नतीजे पाने के लिए मैंने नए अकाउंट व अस्थायी चैट का इस्तेमाल किया, ताकि चैटबॉट को पुरानी यात्राओं और पसंद-नापसंद के बारे में पहले से कोई जानकारी न मिल सके। इस प्रयोग से एक बात साफ हुई कि एआई यात्रा की योजना बनाने में नए विकल्प सुझा सकता है, यात्रा कार्यक्रम को व्यवस्थित कर सकता है और शोध में लगने वाला काफी समय भी बचा सकता है। इस तरह मदद करके एआई आपका भरोसेमंद ट्रैवल एजेंट बन सकता है। 
विज्ञापन


अमूमन, एआई से ट्रैवल प्लानिंग कराते समय ज्यादातर लोग एक ही बुनियादी गलती करते हैं-वे बेहद सतही और सामान्य सवाल पूछते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आपका सवाल जितना साधारण होगा, जवाब भी उतना ही घिसा-पिटा मिलेगा। कई बार कंपनियों की मार्केटिंग रणनीतियां भी एआई के जवाबों को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में, जरूरी नहीं कि आपको मिलने वाला हर सुझाव आपकी पसंद के लिहाज से सबसे बेहतर हो। इस समस्या का आसान समाधान है कि चैटबॉट को अपनी यात्रा का पूरा संदर्भ दें। आपका बजट कितना है? आपकी दिलचस्पी इतिहास, कला, खानपान, खरीदारी या संगीत में है? आप सुबह जल्दी घूमना पसंद करते हैं या देर से? ऐसी छोटी-छोटी जानकारियां एआई के जवाबों की गुणवत्ता में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। 

हालांकि, एआई से जुड़े एक बड़े खतरे से सावधान रहना भी बेहद जरूरी है, जिसे तकनीकी भाषा में ‘हैलुसिनेशन’ कहते हैं। आसान शब्दों में कहें, तो एआई कई बार झूठ भी इतनी सफाई से बोलता है कि आप उस पर आंख मूंदकर भरोसा कर बैठते हैं। सोचिए, आप किसी ऐसे रेस्तरां के बाहर पहुंच जाएं, जो बंद हो चुका हो, या किसी ऐसे लाइव म्यूजिक कार्यक्रम के लिए निकल पड़ें, जिसका आयोजन ही न हो रहा हो। इससे न सिर्फ समय बर्बाद होगा, बल्कि आपकी यात्रा का मजा भी किरकिरा हो सकता है।

लोवो एआई
यह एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसकी मदद से लिखे हुए टेक्स्ट को प्राकृतिक और इन्सानों की आवाज में बदला जा सकता है। इसका प्रमुख टूल गेन्नी कंटेंट क्रिएटर्स, शिक्षकों, मार्केटिंग विशेषज्ञों और वीडियो निर्माताओं के लिए उपयोगी है। इसमें 100 से अधिक भाषाओं में एआई वॉयस जनरेट करने की सुविधा मिलती है। इसकी खासियत वॉयस क्लोनिंग है, जिसके जरिये किसी व्यक्ति की आवाज का डिजिटल रूप तैयार किया जा सकता है। इसके अलावा, यह वीडियो एडिटिंग, ऑटो सबटाइटल, एआई स्क्रिप्ट राइटिंग और एआई इमेज जनरेशन जैसी सुविधाएं भी प्रदान करता है।

मेरे अपने प्रयोग में भी जेमिनी ने पूरे विश्वास के साथ ऐसे रेस्तरां व लाइव म्यूजिक क्लब सुझाए, जो कब के बंद हो चुके थे। वहीं, क्लॉड ने जिन दो शानदार बेकरी का पता दिया, असल में वहां एक खाली पार्किंग लॉट व एक बंद पड़ा रेस्तरां निकला। इसलिए, एआई से मिले सुझावों पर सवाल उठाना और तथ्यों की दोबारा जांच करना आपकी अपनी जिम्मेदारी है। एआई से यात्रा की योजना बनवाने का मकसद अपनी पसंद के अनुरूप विकल्प तलाशना होना चाहिए, न कि उसे आपके लिए फैसले लेने की जिम्मेदारी सौंपना। सही प्रॉम्प्ट देने से वह आपको ऐसी जगहों के बारे में बता सकता है, जिनके बारे में शायद आपने पहले न सुना हो। 

इसलिए, अगली बार छुट्टियों पर जाने से पहले एआई से सिर्फ यह न पूछें कि कहां घूमना चाहिए। उसे यह भी बताएं कि आप कैसी यात्रा करना चाहते हैं। उसके सुझावों को परखें, गलतियों की गुंजाइश रखें और योजना में बदलाव करते रहें। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें