दरअसल, मनुष्य अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति में इतना व्यस्त हो गया है कि वह इस आंतरिक सौंदर्य को धीरे-धीरे भूलता जा रहा है। अपनी जरूरतों को पूरा करने के चक्कर में हम अक्सर जल्दबाजी में रहते हैं। वे हमें अधीर, असंवेदनशील और कभी-कभी कठोर बना देती हैं। हम केवल अपने लक्ष्य की प्राप्ति पर ध्यान केंद्रित करते हैं, और इस प्रक्रिया में हमारे व्यवहार की कोमलता और शिष्टता कहीं खो जाती है। मनुष्य केवल आवश्यकताओं का दास नहीं है, बल्कि उसके भीतर एक उच्च आदर्श और गहरी चेतना विद्यमान है, जो उसे पूर्णता और एकता की ओर प्रेरित करती है। बस उसे इसे पहचानने की जरूरत होती है।
जब हमारे विचार, भावनाएं और कर्म एक दूसरे के साथ संतुलन में होते हैं, तब हम सच्चे आनंद का अनुभव करते हैं। जब यह सामंजस्य भंग होता है, तब हमें दुख, तनाव और अशांति महसूस होती है। इस प्रकार जीवन की कठिनाइयां भी हमें यह सिखाती हैं कि सच्चा सुख हमारे भीतर ही निहित है। जब हम प्रेम, सहानुभूति और सहयोग के माध्यम से दूसरों के साथ संबंध स्थापित करते हैं, तब हमारा जीवन अधिक व्यापक और अर्थपूर्ण बन जाता है। इसके विपरीत, जब हम अपने आप को दूसरों से अलग कर लेते हैं, तब हमारे भीतर नकारात्मक भावनाएं उत्पन्न होती हैं, जो हमें संकीर्ण और सीमित कर देती हैं। संसार की सच्चाई वस्तुओं की अधिकता या उनके आकार में नहीं, बल्कि उनके आपसी संबंधों और सामंजस्य में निहित होती है। यही संबंध जीवन को सुंदर और सार्थक बनाते हैं। प्रकृति का प्रत्येक दृश्य, प्रत्येक परिवर्तन और प्रत्येक गति हमें इसी एकता और संतुलन का संदेश देता है। जब हम इस सत्य को समझते हैं और अपने जीवन में अपनाते हैं, तब हमारा जीवन केवल आवश्यकताओं की पूर्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह एक उच्च, सुंदर और आनंदमय अनुभव में परिवर्तित हो जाता है। - ‘पर्सनैलिटी’ के अनूदित अंश