अगर आपने ‘ह्युगो’ (2012) फिल्म देखी है और आप सिनेमाटोग्राफी का क-ख-ग नहीं जानते हैं फिर भी आप चकित हुए बिना नहीं रह सकते हैं। शुरुआत में पेनोरमिक फ़ोटोग्राफी में पूरे पेरिस और पेरिस के सेंट्रल रेलवे स्टेशन को समेटना, फिल्म के सारे पात्रों से परिचित कराते हुए फिल्म की थीम थमा देना कुशल सिनेमाटोग्राफी का नायाब नमूना है।
स्टेशन के क्लॉक टॉवर के भीतर की जटिल फोटोग्राफी, पात्रों के क्लोजअप्स, स्टेशन की भीड़, उसकी हलचल का दृश्यांकन दर्शक को आह्लाद से भर देता है। यह निर्देशक और सिनेमाटोग्राफर से डिजिटल का पहला परिचय था।
‘मैं अतीत, वर्तमान एवं भविष्य के मिश्रण में विश्वास करता हूं।’ कहने वाले रॉबर्ट रिचर्डसन को उनका तीसरा ऑस्कर भी मार्टिन स्कॉरसेसि की फिल्म ‘दि एविएटर’ (2005) की सिनेमाटोग्राफी के लिए मिला। ‘ह्युगो’ तथा ‘दि एविएटर’ दोनों फिल्में अपनी उच्च कोटि की टेक्निकल कुशलता के लिए जानी जाती हैं। बॉब सदा नई तकनीक के लिए तैयार रहते हैं। वे निरंतर परिवर्तित होती सिने-संसार के साथ कदमताल करने को तत्पर रहते हैं। वे लाइटिंग, डिजिटल, लेन्स के मामले में नवीनतम प्रयोग करते हैं।
क्वेंटीन टैरन्टीनो के साथ उन्होंने छ: फिल्में की हैं जिसमें से ‘इनग्लोरियस बास्टर्ड्स’ डेन्गो अनचेन्ड’ तथा ‘द हेटफ़ुल एट’ केलिए उन्हें ऑस्कर नामांकन मिला। यहां उन्होंने रिवाज समाप्त हो चुके अल्ट्रा पैनविजन लेंस का प्रयोग किया। वे वास्ट लैंडस्कोप्स, क्लोजअप्स, इन्सर्ट्स आदि का उपयोग करते हैं।
फिल्म ‘किल बिल: भाग 1’
क्वेंटीन टैरन्टीनो के साथ उन्होंने 2002 में फिल्म ‘किल बिल: भाग 1’ के लिए काम शुरु किया था। यह एक लंबी यात्रा थी 155 दिन चले फिल्मांकन ने निर्देशक एवं सिनेमाटोग्राफर को करीब ला दिया, दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने लगे। कहा जाता है रॉबर्ट इस फिल्मांकन द्वारा एक्शन फिल्मों को अपना सम्मान देना चाहते हैं। इसमें कुंग फू, समुराई तलवारबाजी, श्वेत-श्याम के साथ और बहुत कुछ है। दोनों ने मिल कर एक लम्बी सफल पारी खेली है।
एरोल मोरिस ने उनके साथ तीन डॉक्यूमेट्री और कई कमर्सियल बनाए हैं। मोरिस का कहना है, वे कई बार फोटोग्राफी डॉयरेक्टर को दो ग्रेड देते हैं, ऑपरेटिंग केलिए ए ग्रेड और लाइटिंग के लिए ए ग्रेड मगर वे बॉब को दोनों केलिए ए + देते हैं।
कोई आश्चर्य नहीं कुछ समय तक थियेटर मैनेजर का काम करने वाले ऐसे असाधारण सिनेमाटोग्राफ़र रॉबर्ट रिचर्डसन को अमेरिकन सोसायटी ऑफ सिनेमाटोग्राफ़र्स ने 2019 में लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया। इसके पहले ऑस्ट्रेलियन सिनेमाटोग्राफर्स सोसायटी ने उन्हें 2010 में ‘इनग्लोरियस बास्टर्ड्स’ के लिए इंटरनेशनल अवॉर्ड दिया था।
-----------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।