सिटिजन केन फिल्म का दृश्य
- फोटो : Twitter
‘सिटिजन केन’ फिल्म की शुरुआत और अंत दोनों एक ही दृश्य से होती है। तार से घिरे जानाडू के बाहर लटका क्लोजअप में ‘प्रवेश निषिद्ध है’ (नो ट्रेसपासिंग) का साइनबोर्ड। जानाडू जो चार्ल्स फोस्टर केन का विशाल महल और परिसर है और अंत में उसकी शरण स्थली भी। यह एक रूपक है, रूपक जो दिखाता है कि कैसे केन स्वयं को दूसरों से अलग करता जाता है, भावात्मक रूप से अंत में कोई भी उसके साथ नहीं है।
केन अमेरिका के राष्ट्रपति की भतीजी एमिली नोर्टन से विवाह करता है, विवाह जो कुछ सालों के लिए ही रहता है। इन कुछ सालों में बहुत कुछ बदलता है, दोनों के रिश्तों की पूरी कहानी का फिल्मांकन अपनी विशेषता के लिए सिनेमा के इतिहास में दर्ज है। गजब का मोंटेज है। दोनों ब्रेकफास्ट टेबल पर बैठे हैं, वक्त के साथ उनका रूप-रंग, व्यवहार, भाषा-बोली-बानी सब बदलती जाती है। बड़ी तेजी से सब घटित होता है। मेकअप मैन मॉरिस सैडरमैन के मेकअप का कमाल है कि बारह-सोलह साल के लंबे समय को हर दो साल के एक शॉट में समेटा गया है।
एक दिन में ही पूरे दृश्य का फिल्मांकन
इस पूरे दृश्य का फिल्मांकन मात्र एक दिन में हुआ था। आसान नहीं है हर दो साल में हुए व्यक्तित्व और वेशभूषा को भिन्न रूप में दर्शाना। हर बार दोनों पात्रों का मेकअप और ड्रेस बदल जाता है, लोकेशन वही डायनिंग टेबल रहता है। समय और स्थान को संपादन की कुशलता से साधा गया है। पूरा दृश्य केवल दो मिनट में समेटा गया है। यही दृश्य ऑफीशियली शूटिंग का पहला दृश्य था।
वेल्स सहित फिल्म के कई अभिनेता युवा थे लेकिन फिल्म की कहानी के अनुसार उनकी उम्र बढ़ती जाती है, वे बुढ़ापे तक कहानी का अंग हैं। युवाओं को कुशल मेकअप के सहारे वृद्ध बनाने का जटिल और कठिन काम मॉरिस सैडरमैन ने किया है। युवा और वृद्ध केन की भूमिका के लिए 25 साल के वेल्स को घंटों भारी-भरकम मेकअप करवाना पड़ता और काफी समय उसमें रहना पड़ता था। उन दिनों युवा अभिनेताओं को वृद्ध बनाते समय उनकी आंख की चमक कम करने के लिए लेंस का प्रयोग किया जाता था, जिसे लगाए रखना आसान न था। वेल्स आधी रात से मेकअप के लिए उपस्थित हो जाता था। फिर गई शाम तक काम करता रहता।
लगातार ‘साइट एंड साउंड’ के पांच साल के पोल में ‘सिटिजन केन’ महान फिल्म की श्रेणी में रही।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।