फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: मिलेना कैनेनेरो के नाम कॉस्ट्यूम के चार ऑस्कर

सार

  • बेरी लिंडन’ (1975) कुब्रिक के साथ मिलेना की दूसरी फिल्म थी और अपनी दूसरी फिल्म के लिए मिलेना को 1976 का सर्वोत्तम कस्ट्यूम डिजाइनिंग का ऑस्कर मिला।
  • स्पोर्ट ड्रामा फिल्म ‘चैरियट्स ऑफ फायर’ के लिए उन्हें एक बार फिर ऑस्कर मिला।
  • जल्द ही उन्हें अपना तीसरा ऑस्कर मिला, इस बार फिल्म थी ‘मारी एंटोनिएट'।
विज्ञापन
इटालियन कॉस्ट्यूम डिजाइनर मिलेना कैनेनेरो - फोटो : Instagram
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केवल प्रतिभा और प्रशिक्षण काफी नहीं होता है। प्रतिभा एवं प्रशिक्षण के साथ अवसर मिलना भी आवश्यक है। इटली की मिलेना कैनेनेरो को प्रतिभा और प्रशिक्षण दोनों के साथ अवसर भी प्राप्त हुआ। नतीजन उन्हें नौ बार अकादमी पुरस्कार हेतु नामांकित किया गया और वे 4 ऑस्कर की अधिकारिणी बनीं, 56 फिल्म के लिए कॉस्ट्यूम तैयार करने वाली को सब मिला कर कुल 36 पुरस्कार प्राप्त हुए। इसी कारण 67वां बर्लिन फिल्म फेस्टीवल (2017) इस कॉस्टूम डिजाइनर को समर्पित किया गया।

विज्ञापन

13 जुलाई 1946 को इटली के टुरिन में मिलेना कैनेनेरो का जन्म हुआ। भविष्य की इस कॉस्ट्यूम डिजाइनर, प्रोडक्शन डिजाइनर एवं फिल्म प्रड्यूसर का बचपन एवं युवावस्था जेनुआ में व्यतीत हुआ। वहीं उन्होंने डिजाइन एवं कॉस्ट्यूम की शिक्षा ली। इसके पश्चात वह आगे की पढ़ाई हेतु इंग्लैंड चली गईं। लंदन में मिलेना ने अपने दोस्तों के बुटीक डिजाइन किए और कई कमर्शियल में सहायता करने लगीं।

 

इस तरह कई फिल्म बनाने वालों से उनका परिचय हुआ। इसी बीच हग हडसन ने उन्हें एक लघु फिल्म बनाने का आमंत्रण दिया, इस फिल्म की शूटिंग सिसली में होनी थी। मिलेना प्रोडक्शन के साथ फिल्म के हर क्षेत्र में काम कर रही थीं। उन्हें सब कुछ बहुत मजेदार लग रहा था। इसी समय स्टेनली कुब्रिक अपनी प्रमुख फिल्म ‘2001: ए स्पेस ऑडिसी’ कर रहे थे। इस शूटिंग को देखने का अवसर मिलेना को मिला और कुब्रिक से उनका परिचय हुआ। यह 1968 का साल था।  


मिलेना का पहला ऑस्कर

कुब्रिक मिलेना कैनेनेरो बहुत से प्रभावित हुए, उन्होंने मिलेना को अपने अगले प्रोजेक्ट में काम करने के लिए बुलाया। यहीं से मिलेना कैनेनेरो की किस्मत चमक गई। उन्हें कुब्रिक की क्लासिकल फिल्म ‘ए क्लोकवर्क ऑरेंज’ के क्रेडिट में बतौर कॉस्ट्यूम डिजाइनर नाम मिला। उन्होंने इस फिल्म के लिए जो वॉर्डरोब तैयार किया था, उससे कई फैशन डिजाइनर एवं फैशन व्यक्तित्व प्रभावित हुए। इस फिल्म को चार ऑस्कर के लिए नामांकन मिला।

विज्ञापन

बेरी लिंडन’ (1975) कुब्रिक के साथ मिलेना की दूसरी फिल्म थी और अपनी दूसरी फिल्म के लिए मिलेना को 1976 का सर्वोत्तम कस्ट्यूम डिजाइनिंग का ऑस्कर मिला, जिसे उन्होंने उला-ब्रिट सोडेरलंड के साथ साझा किया। इस फिल्म ने चार ऑस्कर अपने नाम किए। मिलेना कभी भी ऐतिहासिक वस्त्रों को भी ज्यों-का-त्यों नहीं अपनाती हैं, वे उसमें अपनी सृजनात्मकता का पुट देती हैं। इस तरह वे पात्र के व्यक्तित्व को अपना खास स्पर्श दे कर विशिष्ट बनाती हैं।

 

चैरियट्स ऑफ फायर फिल्म के लिए मिला दूसरा ऑस्कर

एक बार नाम हो गया तो इसके बाद मिलेना कैनेनेरो के पास काम आते चले गए। उन्होंने कुब्रिक की ‘द शायनिंग’, हग हडसन की ‘चैरियट्स ऑफ़ फ़ायर’ के कस्ट्यूम डिजाइन किए। और लो! स्पोर्ट ड्रामा फिल्म ‘चैरियट्स ऑफ फायर’ के लिए उन्हें एक बार फिर ऑस्कर मिला। इस बार उन्होंने अकेले यह पुरस्कार अपने नाम किया। इस फिल्म को भी चार अकादमी अवॉर्ड मिले। जल्द ही उन्हें अपना तीसरा ऑस्कर मिला, इस बार फिल्म थी ‘मारी एंटोनिएट’। फिल्म की निर्देशक हैं, सोफ़िया कोपोला। इस फिल्म के लिए मिलेना ने पेस्टल एवं कैंडी रंगों का प्रयोग किया जिसे खूब पसंद किया गया।

विज्ञापन

इटालियन कॉस्ट्यूम डिजाइनर मिलेना कैनेनेरो - फोटो : Instagram
2015 में मिला चौथा ऑस्कर

वैश्विक फैशन परिदृश्य को प्रभावित करने वाली, पांच दशक से ऊपर कॉस्ट्यूम के क्षेत्र में काम कर रही मिलेना को अपना चौथा ऑस्कर फिल्म ‘द ग्रैंड बुदापेस्ट होटेल’ के लिए 2015 में मिला। स्टीफन स्वाइग की कहानी पर वेस एंडरसन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को चार ऑस्कर के साथ कई अन्य पुरस्कार मिले। इस फ़िल्म के लिए मिलेना ने ऐतिहासिक वस्त्र डिजाइन किए। उन्हें ऐतिहासिक कस्ट्यूम की गहरी समझ है, इसके लिए वे खूब शोध करती हैं। वे बारीकी से पैटर्न, टेक्चर के साथ-साथ उसके संग जाने वाले अन्य सहायक वस्तुओं जैसे आभूषण आदि का भी खूब ख्याल रखती हैं। ‘द ग्रैंड बुदापेस्ट होटेल’ के स्टाफ़ की यूनिफ़ॉर्म और मैडम डी के गाउन को कौन भूल सकता है।

ओपेरा के लिए भी किए कॉस्ट्यूम डिजाइन

इस बीच उन्होंने फ़्रांसिस कोपोला की ‘द कॉटन क्लब’, सिडनी पोलाक की ‘आउट ऑफ़ अफ़्रीका’, कुब्रिक की ‘द शाइनिंग’, रोमन पोलान्स्की की ‘डेथ एंड द मैडन’ आदि के लिए फिल्म के कॉस्ट्यूम बनाए। फिल्म के साथ मिलेना मंच के लिए भी वस्त्र विन्यास करती हैं। यहाँ भी उन्होंने कई दिग्गज निर्देशकों के साथ काम किया है। ऑपेरा निर्देशक ओटो शेन्क के ‘एज यू लाइक इट’, लुक बॉन्डी के ‘टोस्का’, ‘हेलेना’, जॉर्ज लुकास के ‘स्टार वार’ आदि के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग की। उन्होंने न्यूयॉर्क में मेट्रोपॉलिटन ऑपेरा, वियेना स्टेज ऑपेरा, मिलान में ऑपेरा के लिए काम किया और खूब प्रशंसा पाई। इसके साथ ही उन्होंने टीवी क्राइम ड्रामा श्रृंखला ‘मियामी वाइस’ के वस्त्र विन्यास का कार्य भी किया।


उन्होंने ‘रोमियो एंड जुलिएट’ फिल्म का सह-प्रोडक्शन किया है। अपने निर्देशन में कमर्शियल भी बनाए हैं। मिलेना कैनेनेरो को ऑस्कर के अलावा बाफ़्टा एवं कई अन्य पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इटली के कॉस्ट्यूम एवं प्रोडक्शन डिजाइनर पिएरो टोसी (10 अप्रैल 1927- 10 अगस्त 2019) के ऊपर एक डॉक्यूमेंट्री भी उन्होंने बनाई है। इस पुरस्कृत डिजाइनर पिएरो टोसी ने विटोरिओ डि सिका (‘यस्टरडे, टूडे एंड टुमारो’, ‘मैरिज इटैलियन स्टाइल’) तथा फ़ेडेरिको फ़ेलिनी (‘स्पिरिट ऑफ़ द डेड’) जैसे दिग्गज सिने-निर्देशकों के साथ काम किया था। मेलिनी कैनेनेरो अपने अलावा दूसरों को भी सम्मान देना जानती हैं। अगले साल वे 80 साल की हो जाएंगी। वे इस पकी उम्र में भी खूब सक्रिय हैं।

----------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें