मार्कुस जुसक की ‘द बुक थीफ’ (2005) एक असाधारण साहित्यिक कृति है। यह एक ऐसी पुस्तक है जो यहूदियों के भयावह नरसंहार को उन जर्मन लोगों की नजरों से देखने का प्रयास करती है। नाजी जर्मनी के एक छोटे से कस्बे में घटित होने वाली मार्मिक कहानी। यह उन युवा किशोरों की कहानी है, जो यहूदियों की जान बचाना चाहते थे। उन्हें ब्रेड का एक टुकड़ा देना चाहते थे, भले ही इसके लिए उन्हें अपना सब कुछ दांव पर लगाना पड़ जाये।
यह युद्ध के भयावह परिणामों को बताने वाली पुस्तक है, जो मृत्यु को कथावाचक बनाती है। इससे पहले मैंने कभी ऐसी कोई कहानी नहीं पढ़ी थी, जिसमें ऐसा प्रयोग दिखा हो। इस वर्णन में एक गहरी विडंबना है, क्योंकि मृत्यु स्वीकार करती है, नाजी जर्मनी में क्रूरता के विशाल पैमाने से वह ‘थक चुकी’ है, अक्सर कुछ आत्माओं को ‘अपने साथ ले जाने’ में अपनी अनिच्छा व्यक्त करती है।
कितनी अद्भुत विडंबना है कि मृत्यु, जो जीवन के अंतिम सत्य के रूप में जानी जाती है, वह यहां मनुष्य की हिंसा, नफरत और विवेक-हीनता से भयभीत हो गयी है। ‘मृत्यु का भी हृदय है।’
यह कहानी 1939 की नाजी जर्मनी में बसे एक छोटे-से कस्बे मोलचिंग की है। जहां युद्ध की धमक, हिटलर की क्रूर छाया, और बालमन की कांपती, जिजीविषा से भरी धड़कनें हैं। एक जर्मन बच्ची लीसेल मेमिंगर जिसका छोटा भाई सर्दी और भूख से दम तोड़ देता है। पुस्तक शुरू होती है उसके अंतिम संस्कार के क्षण से।
कब्र के लिए ताजी खोदी गई मिट्टी के बीच, उसे एक छोटी, साधारण पुस्तक मिलती है- कब्र खोदने और दफनाने की एक पुस्तिका, ‘द ग्रेव डिगर’स हैंडबुक’। वह उसे चुरा लेती है। लीसेल की मां उसे पालक माता-पिता के पास छोड़ जाती है- 33 हिम्मल स्ट्रीट पर रहने वाले हैंस उबरमान दंपति के पास। यहीं से शुरू होती है द बुक थीफ की असली कथा।
यहां पर हैंस उबरमान, उसका पालक पिता, उसके जीवन में प्रवेश करता है, उसका प्यारा ‘पापा’ बन जाता है। पेशे से एक विनम्र दीवार पेंटर और जुनून से एक अकॉर्डियन वादक, हैंस कोमल लेकिन अडिग दयालुता का प्रतीक है। जो धैर्यपूर्वक लीसेल को शब्दों की दुनिया से परिचित कराता है। उसे पढ़ने के रहस्यों के बारे में बताता है।
बुक थीफ बनने की कहानी
लीसेल धीरे-धीरे किताबों से प्रेम करने लगती है, और नाजियों द्वारा सार्वजनिक रूप से जलायी जा रही पुस्तकों की राख से कुछ अक्षर, कुछ अर्थ चुरा लेती है। वहां से शुरू होता है उसका बुक थीफ बनना- एक ऐसा चोर जो ज्ञान और सत्य के पक्ष में खड़ा है। चोरी के अपने कृत्यों में उसे रूडी स्टीनर नाम का एक अटूट साथी मिलता है। उसका समवय और आत्मा का साथी।
रूडी, एक अदम्य, जीवंत और निडर लड़का लीसेल की विचित्र किताबों की चोरियों में उसके साथ खड़ा रहता है। रूडी की साहसी भावना और जेसी ओवेन्स के प्रति उसकी प्रशंसा उसके चारों ओर के परिवेश और उसकी नस्लीय घृणा के विपरीत खड़ी है।
यहूदी युवक मैक्स वैडनबर्ग का आगमन होता है। ‘पापा’ हैंस उबरमान उस यहूदी को अपने घर में छिपाने का जोखिम उठाता है। प्रतिरोध का यह गहरा कार्य, हैंस उबरमान की अत्यधिक गरीबी को देखते हुए अकल्पनीय जोख़िमों से भरा हुआ है।
मैक्स जो भूख और ठण्ड से लड़ता है, लेकिन लीसेल को कहानियां सुनाता है, मीन काम्फ (हिटलर की आत्मकथा) के पन्नों को रंगकर उनमें अपने शब्द सजाता है। यह एक सांकेतिक क्रांति है- घृणा और नस्लवाद के सबसे विकृत प्रतीक को बदल डालना। मैक्स उस परिवार की कठिनाइयों से अवगत है। मैक्स की उपस्थिति हुबेरमैन परिवार को बदल देती है, और लीसेल और मैक्स के बीच प्रेम और दोस्ती का एक गहरा रिश्ता खिलता है।