एक इंटरव्यू में क्रिकेटर विराट कोहली ने खुलासा किया था कि रोहित शर्मा बेहद भुलक्कड़ हैं और अक्सर अपनी चीजें भूल जाते हैं। भले रोहित भुलक्कड़ हैं, लेकिन एक बात वो नहीं भूलते हैं, वो है क्रिकेट के मैदान पर रन बनाना। शायद यही कारण है कि उन्हें क्रिकेट का हिटमैन कहते हैं। यही हिटमैन आज 37 वर्ष का हो गया है और आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का नेतृत्व करने जा रहा है।
रोहित शर्मा की कहानी बॉलीवुड फिल्म के स्क्रिप्ट की तरह है। आज जिस मुकाम पर वो खड़े हैं, उसकी कल्पना उनके बचपन में नहीं की जा सकती थी। एक बेहद निम्न आय वर्ग के परिवार में रोहित का जन्म 30 अप्रैल 1987 को नागपुर में हुआ। उनके पिता गुरुनाथ शर्मा की आय इतनी कम थी कि वो रोहित का पालन-पोषण भी नहीं कर सकते थे। इसलिए उन्हें मुंबई के बोरीवली में दादा और चाचा के पास भेज दिया गया। शायद किस्मत उन्हें मुंबई खींच लाई और यही उन्होंने क्रिकेट का क, ख, ग सीखा।
रोहित क्रिकेट में बतौर ऑफ स्पिनर करियर बनाना थे और उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत भी स्पिनर के तौर पर की, लेकिन उनके कोच दिनेश लाड ने उनकी बैटिंग की प्रतिभा को पहचाना। उस समय रोहित अपने स्कूल की टीम में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते थे, लेकिन लाड ने रोहित को ओपनिंग करने के लिए भेजना शुरू किया। बतौर ओपनर अपने पहले ही मैच में रोहित ने शतक जड़ दिया। फिर कभी रोहित ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
घरेलू क्रिकेट में रोहित ने मात्र 19 साल की उम्र में पदार्पण किया। उनकी प्रतिभा को देखते हुए आयरलैंड के खिलाफ 23 जून 2007 को टीम इंडिया में शामिल किया गया। हालांकि, इस मैच में उनको बैटिंग या बॉलिंग का मौका नहीं मिला। रोहित शर्मा भारतीय टीम के तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे व टी-20 में खेलते हैं और तीनों की कप्तानी कर चुके हैं। रोहित ने अब तक 59 टेस्ट मैच खेलकर 4137 रन बनाए हैं।
उनका टेस्ट में अधिकतम स्कोर 212 रन है। उन्होंने 262 वनडे मैचों में 10,709 रन बनाए हैं और उनका अधिकतम स्कोर 264 रन है। वो एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जो वनडे में तीन दोहरे शतक लगा चुके हैं। टी-20 में भी उन्होंने 151 मैच खेलकर 3974 रन बनाए हैं और उनका अधिकतम स्कोर 121 रन है। हिटमैन रोहित टेस्ट में 84, वनडे में 323 और टी-20 में 190 छक्के लगा चुके हैं। एक वनडे मैच में 16 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बन चुके हैं।
रोहित वर्तमान में एकमात्र ऐसे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खिलाड़ी भी हैं, जो 6 आईपीएल टूर्नामेंट जीतने वाली टीमों में शामिल रहे हैं। उन्होंने डेक्कन चार्जर्स में रहते हुए टीम को कप जिताया था। मुंबई इंडियंस के कप्तान रहते हुए पांच बार टीम को आईपीएल टूर्नामेंट जिताया। हालांकि, वर्ष 2024 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें कप्तानी से हटा दिया, जिसे लेकर भारी विवाद भी हुआ। उन्होंने मुंबई इंडियंस की 11 साल कप्तानी की। रोहित आईपीएल के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने 10 आईपीएल सीजन में 50 से ज्यादा के एवरेज से रन बनाए हैं।
आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा भारत की कप्तानी करने जा रहे हैं और संभवतः इस हिटमैन के लिए यह आखिरी इंटरनेशनल टूर्नामेंट होगा, लेकिन अपने छक्के मारने की कला को लेकर उन्हें सदैव क्रिकेट प्रेमी याद रखेंगे। रोहित ने यह संदेश भी दिया है कि मेहनत और काबिलियत से ऊंचे से ऊंचा मुकाम हासिल किया जा सकता है। भले उनका परिवार गरीब रहा हो, लेकिन अपनी प्रतिभा से आज वो दुनिया की क्रिकेट पर राज करते हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।