Inspirational Quotes of Guru Nanak Dev Ji
- फोटो : AI
जातिगत भेदभाव का विरोध और सामाजिक समानता
मध्यकालीन भारतीय समाज जातिगत ऊँच-नीच और सामाजिक विषमता से ग्रस्त था। गुरु नानक ने इस व्यवस्था को चुनौती देते हुए उन लोगों के साथ खड़े होने की घोषणा की, जिन्हें समाज में निम्न समझा जाता था। उनकी प्रसिद्ध पंक्तियां हैं,
“नीचा अंदरि नीच जाति नीची हूँ अति नीच।
नानक तिन कै संगि साथि वडिआ सिउ किआ रीस॥”
वे आगे कहते हैं,
“जिथै नीच संभालियन तिथै नदरि तेरी बखसीस॥”
अर्थात् जहाँ समाज द्वारा उपेक्षित और निम्न समझे जाने वाले लोगों को सम्मान और संरक्षण मिलता है, वहीं परमात्मा की विशेष कृपा होती है।
इन पंक्तियों में गुरु नानक की सामाजिक दृष्टि का अत्यंत महत्त्वपूर्ण पक्ष दिखाई देता है। वे केवल जातिगत भेदभाव का विरोध नहीं करते, बल्कि समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के पक्ष में खड़े होकर समानता की नई नैतिक जमीन तैयार करते हैं। उनकी दृष्टि में मनुष्य की श्रेष्ठता जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, विचार और आचरण से निर्धारित होती है। आज भी जब जातिगत भेदभाव और सामाजिक विषमता विभिन्न रूपों में मौजूद हैं, तब गुरु नानक की यह वाणी सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा की प्रेरणा देती है।
श्रम की प्रतिष्ठा : भाई लालो और मलिक भागो का प्रसंग
गुरु नानक देव के जीवन-दर्शन में श्रम और ईमानदार आजीविका का विशेष महत्त्व है। उन्होंने शोषण, बेईमानी और अन्याय से अर्जित धन को अस्वीकार करते हुए श्रम की गरिमा स्थापित की। भाई लालो और मलिक भागो का प्रसंग इस संदर्भ में अत्यंत प्रसिद्ध है।
भाई लालो एक साधारण बढ़ई था, जो मेहनत और ईमानदारी से अपनी आजीविका अर्जित करता था। दूसरी ओर मलिक भागो एक धनी और प्रभावशाली व्यक्ति था। गुरु नानक ने भाई लालो के घर का सादा भोजन स्वीकार किया, जबकि मलिक भागो के भोज में सम्मिलित होने से इनकार कर दिया। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन और धन की वास्तविक पवित्रता उसके अर्जन के साधनों में निहित होती है। शोषण और दूसरों के अधिकारों का हनन करके अर्जित संपत्ति नैतिक दृष्टि से स्वीकार्य नहीं हो सकती।
गुरु नानक की वाणी में श्रम की महत्ता इस पंक्ति में अभिव्यक्त होती है,
“घालि खाइ किछु हथहु देइ।
नानक राहु पछाणहि सेइ॥”
अर्थात् जो व्यक्ति परिश्रम करके अपनी आजीविका कमाता है और उसमें से दूसरों को भी देता है, वही जीवन के सही मार्ग को पहचानता है।
सिख परंपरा में गुरु नानक के जीवन-दर्शन को तीन प्रमुख सिद्धांतों के रूप में अभिव्यक्त किया जाता है- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात् ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी और परिश्रम से आजीविका अर्जित करो तथा अपनी कमाई और संसाधनों को दूसरों के साथ बाँटो। ये तीनों सिद्धांत व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से जागरूक बनाने के साथ-साथ सामाजिक रूप से उत्तरदायी भी बनाते हैं। वर्तमान समय में भ्रष्टाचार, आर्थिक शोषण, अनैतिक प्रतिस्पर्धा और संसाधनों की असमानता के बीच इन सिद्धांतों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।
कर्मकांड और बाह्य आडंबर का विरोध
गुरु नानक देव ने धर्म के नाम पर प्रचलित पाखंड, रूढ़ियों और कर्मकांडों का विरोध किया। उनका मानना था कि धार्मिक प्रतीकों को धारण कर लेने मात्र से मनुष्य धार्मिक और पवित्र नहीं हो जाता। वास्तविक धार्मिकता मनुष्य के विचारों, व्यवहार और नैतिक आचरण में दिखाई देनी चाहिए।
उनके जीवन का जनेऊ संस्कार संबंधी प्रसंग इसी विचार को स्पष्ट करता है। परंपरागत मान्यता के अनुसार जब बालक नानक को जनेऊ पहनाने की तैयारी हुई, तब उन्होंने ऐसा जनेऊ धारण करने की इच्छा व्यक्त की, जो कभी मैला न हो, टूटे नहीं और नष्ट न हो। उन्होंने कहा,
“दइआ कपाह संतोखु सूतु जतु गंढ़ी सतु वटु।
एहु जनेऊ जीअ का हई त पांडे घतु॥”
अर्थात् दया इसकी कपास हो, संतोष इसका सूत हो, संयम इसकी गाँठ हो और सत्य इसका धागा हो। ऐसा जनेऊ ही आत्मा का वास्तविक जनेऊ है।
इस प्रसंग के माध्यम से गुरु नानक ने धर्म को बाहरी प्रतीकों से निकालकर आंतरिक शुद्धता, नैतिकता और मानवीय मूल्यों से जोड़ दिया। उनके अनुसार धार्मिक होने का अर्थ केवल धार्मिक अनुष्ठानों का पालन करना नहीं, बल्कि अपने जीवन में सत्य, दया, संतोष और संयम को अपनाना है। आज भी जब धर्म अनेक बार बाहरी प्रदर्शन और पहचान तक सीमित होता दिखाई देता है, तब गुरु नानक की यह दृष्टि आत्मनिरीक्षण की प्रेरणा देती है।
स्त्री की गरिमा और समानता का पक्ष
गुरु नानक की वाणी में स्त्री के प्रति सम्मान और समानता की भावना भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। मध्यकालीन समाज में स्त्री को अनेक प्रकार के सामाजिक बंधनों, रूढ़ियों और हीनताबोध का सामना करना पड़ता था। गुरु नानक ने इस मानसिकता का विरोध करते हुए स्त्री की गरिमा और सामाजिक महत्त्व को स्वीकार किया। वे लिखते हैं,
“सो किउ मंदा आखीए जितु जम्महि राजान॥”
अर्थात् उस स्त्री को बुरा क्यों कहा जाए, जिसके गर्भ से राजा और महान व्यक्ति जन्म लेते हैं?
यह पंक्ति स्त्री के अस्तित्व, उसकी गरिमा और समाज में उसकी अनिवार्य भूमिका को प्रतिष्ठित करती है। गुरु नानक स्त्री को हीन समझने वाली दृष्टि का प्रतिरोध करते हैं और उसके प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार की प्रेरणा देते हैं। आज जब स्त्री-समानता, शिक्षा, स्वतंत्रता और अधिकारों की चर्चा सामाजिक विमर्श का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है, तब गुरु नानक की यह वाणी विशेष प्रासंगिक हो उठती है।
प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील दृष्टि
गुरु नानक देव की वाणी में प्रकृति के प्रति गहरा सम्मान और समस्त जीव-जगत के प्रति व्यापक संवेदनशीलता दिखाई देती है। जपुजी साहिब में वे कहते हैं,
“पवणु गुरु पाणी पिता माता धरति महतु॥”
अर्थात् वायु गुरु के समान है, जल पिता के समान है और धरती महान माता के समान है।
यह पंक्ति प्रकृति को केवल मनुष्य की उपयोगिता का साधन नहीं, बल्कि उसके जीवन का आधार और पूजनीय अस्तित्व मानती है। वायु, जल और धरती के प्रति गुरु नानक की यह दृष्टि मनुष्य और प्रकृति के बीच सह-अस्तित्व, संतुलन तथा उत्तरदायित्व का संबंध स्थापित करती है। आज जब प्रदूषण, जल-संकट, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी समस्याएँ गंभीर रूप ले चुकी हैं, तब गुरु नानक का यह संदेश पर्यावरणीय चेतना के लिए महत्त्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।
समकालीन विश्व के लिए गुरु नानक की वाणी का संदेश
गुरु नानक देव की वाणी का महत्त्व केवल मध्यकालीन भारतीय समाज तक सीमित नहीं है। उसमें ऐसे सार्वकालिक जीवन-मूल्य निहित हैं, जो आज के वैश्विक समाज की समस्याओं के संदर्भ में भी मार्गदर्शन करते हैं। वर्तमान समय में धार्मिक कट्टरता, सामाजिक विभाजन, जातिगत भेदभाव, आर्थिक असमानता, भ्रष्टाचार, स्त्री-असमानता और पर्यावरण संकट जैसी चुनौतियाँ हमारे सामने हैं। इन सभी परिस्थितियों में गुरु नानक की वाणी मनुष्य को सत्य, करुणा, विवेक और सामाजिक उत्तरदायित्व के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
उनका एकेश्वरवाद धार्मिक सहिष्णुता और मानवीय एकता का आधार प्रस्तुत करता है। जातिगत भेदभाव के विरुद्ध उनका चिंतन सामाजिक समानता की चेतना विकसित करता है। भाई लालो के प्रति उनका व्यवहार श्रम की प्रतिष्ठा और आर्थिक नैतिकता का आदर्श स्थापित करता है। स्त्री के सम्मान संबंधी उनका विचार लैंगिक समानता की प्रेरणा देता है तथा प्रकृति के प्रति उनकी संवेदना पर्यावरण संरक्षण का महत्त्व समझाती है।
विशेष रूप से आज के समय में गुरु नानक का यह आग्रह महत्त्वपूर्ण है कि धर्म मनुष्य को मनुष्य से जोड़ने का माध्यम बने, न कि विभाजन का आधार। धार्मिक आस्था तभी सार्थक है, जब वह मनुष्य के भीतर करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और दूसरों के प्रति सम्मान का भाव उत्पन्न करे। उनके लिए सच्ची भक्ति का संबंध केवल व्यक्तिगत मुक्ति से नहीं, बल्कि समूचे समाज के कल्याण से भी है।
समग्रतः कहा जा सकता है कि गुरु नानक देव की वाणी भारतीय संत परंपरा की अमूल्य धरोहर होने के साथ-साथ विश्वमानवता की साझा सांस्कृतिक विरासत भी है। उन्होंने मनुष्य को उसकी वास्तविक पहचान से परिचित कराया और बताया कि मानवता, सत्य, श्रम, सेवा, समानता तथा प्रेम ही जीवन के वास्तविक मूल्य हैं।
उनकी वाणी हमें यह समझाती है कि मनुष्य की श्रेष्ठता उसके जन्म, जाति, धर्म अथवा सामाजिक प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि उसके मानवीय आचरण में निहित है। पांच सौ से अधिक वर्षों के बाद भी गुरु नानक का संदेश अपनी पूरी प्रासंगिकता के साथ हमारे सामने उपस्थित है। आज के विभाजित और तनावग्रस्त विश्व को उनकी वाणी यही दिशा देती है कि मनुष्य की सबसे बड़ी पहचान उसकी मानवता है और धर्म का सर्वोच्च उद्देश्य इसी मानवता की प्रतिष्ठा करना है।
--------------------------
नोट- लेखक डॉ. अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा काॅलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।