फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोशनी के पन्नों से: भिखारी और वैभव से लेकर भूखी आत्मा के भय तक, कलमकारों की नजर में उजियारा; सोने के लायक कौन?

Sun, 08 Nov 2026 08:25 AM IST
ज्योति भास्कर अमर उजाला नेटवर्क।
विज्ञापन
दीपावली पर शब्दों और विचारों का उजियारा - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
विज्ञापन

'भिखारी और वैभव' पर प्रख्यात विचारक तिक न्यात हान्ह के विचार

हम अक्सर यह मान बैठते हैं कि समृद्धि बैंक खातों या भौतिक संग्रह से तय होती है, पर सच्ची संपन्नता केवल इस क्षण में पूरी तरह जाग जाने में है। बौद्ध परंपरा में इसे ‘संतोष’ कहते हैं-गहरा एहसास कि खुश रहने और स्वतंत्र जीने की तमाम शर्तें आपके पास इसी पल मौजूद हैं। जब आप सचेतन होकर एक सांस भीतर लेते हैं और अपने स्वस्थ शरीर, नीले आकाश या अपनों की मौजूदगी को महसूस करते हैं, तो उस पल पूरी धरती पर आपसे अधिक समृद्ध कोई नहीं होता। यदि आपके मन में 'पर्याप्त' होने का यह बोध नहीं है, तो आपके पास कितना भी वैभव क्यों न आ जाए, आपकी आंतरिक चेतना सदैव एक भिखारी की भांति अभाव में ही भटकेगी। वास्तविक ऐश्वर्य अपने समय का स्वामी होने, मन की शांति बनाए रखने और स्वतंत्रता से जीने की क्षमता ही है।

ब्राजील के उपन्यासकार पाउलो कोएल्हो की नजर में सोने के लायक कौन?

इन्सान जिस खजाने की तलाश में दुनियाभर की यात्राएं करता है, वह केवल सोना, धन या किसी मंजिल का नाम नहीं होता। असली समृद्धि उस यात्रा में छिपी होती है, जो उसे उसके अपने भीतर ले जाती है। जब हम अपने सपनों का पीछा करते हैं, तो रास्ते में मिलने वाली असफलताएं, डर और अनिश्चितताएं हमें धीरे-धीरे बदल देती हैं। अंत में हम केवल वह नहीं पाते, जिसकी तलाश में निकले थे, बल्कि यह भी सीख जाते हैं कि वास्तव में हमें क्या चाहिए। मेरे लिए सबसे बड़ा खजाना वही है, जिसे कोई चुरा नहीं सकता-अपने दिल की आवाज सुनने का साहस, संकेतों को समझने की दृष्टि और अपने सपने पर विश्वास। शायद सोने को पाना उतना महत्वपूर्ण नहीं, जितना स्वयं को उस यात्रा के योग्य बना लेना।

पैसे और फालतू चीजों पर अमेरिकी कवि व दार्शनिक हेनरी डेविड थोरो की राय क्या?

किसी भी चीज की असली कीमत पैसों से तय नहीं होती। उसकी असली कीमत आपकी जिंदगी का वह समय है, जो आपने उसे खरीदने या पाने में खर्च कर दिया। सोचिए, क्या कुछ आरामदेह चीजों के बदले अपनी आजादी, अपनी शांति और अपना कीमती समय गंवा देना समझदारी है? जरूरत से ज्यादा आराम इन्सान को अंदर से कमजोर बना देता है। जंगल में मुझे समझ आया कि जिंदगी की सबसे खूबसूरत चीजें पूरी तरह मुफ्त हैं। सुबह की ताजी हवा, शांत शामें और चिड़ियों की आवाज-इनका आनंद लेने के लिए किसी पैसे की जरूरत नहीं होती। आत्मा की खुशी कभी बाजार से नहीं खरीदी जा सकती; फालतू पैसे से सिर्फ फालतू चीजें ही मिलती हैं। अगर आपकी जरूरतें कम हैं, आपका मन आजाद है, तो आप दुनिया के किसी भी बड़े रईस से कहीं ज्यादा अमीर हैं। 

भूखी आत्मा के भय पर दार्शनिक नीत्शे का चिंतन?

जिसे हम दौलत कहते हैं, वह अक्सर सिर्फ एक भूखी आत्मा का भय है। असली समृद्धि भौतिक संचय में नहीं, बल्कि इन्सान के भीतर उफनती उस जीवन-ऊर्जा में है, जो छलक पड़ने को बेताब हो। सच्चा अमीर वह नहीं, जो केवल बटोरता रहता है, बल्कि वह है, जिसके भीतर शक्ति, सौंदर्य और रचनात्मकता इतनी प्रचुर मात्रा में हो कि वह खुद को लुटाने के लिए मजबूर हो जाए। जो केवल स्वर्ण जमा करते हैं, वे वास्तव में अपने भीतर के खोखलेपन को ढकने की कोशिश कर रहे हैं। मेरी समृद्धि पीड़ा और त्रासदियों से मुंह नहीं मोड़ती; जो अपने गहरे दुखों को भी जीवन के उल्लास और नए अर्थ में ढालने की कुव्वत रखता है, वही आत्मा से समृद्ध है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें