योग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे करने के लिए किसी विशेष उपकरण, सदस्यता शुल्क या लंबे प्रशिक्षण की जरूरत नहीं होती। घर, दफ्तर या खुले वातावरण में कुछ मिनट का अभ्यास भी मन को शांत और शरीर को ऊर्जावान बना सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, योग केवल शरीर को लचीला बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, शरीर और श्वास के बीच संतुलन स्थापित करने की कला है। जब हम तनावग्रस्त होते हैं, तो हमारी सांसें तेज और उथली हो जाती हैं। योग का एक महत्वपूर्ण पहलू इसकी श्वास तकनीकें हैं, जिनकी मदद से व्यक्ति गहरी और नियंत्रित सांस लेना सीखता है। इससे कॉर्टिसोल नामक तनाव हार्मोन का स्तर घटता है और मानसिक शांति बढ़ती है। साथ ही, फेफड़ों की क्षमता भी बढ़ती है।
सिर्फ पांच मिनट का योगाभ्यास भी सकारात्मक बदलाव ला सकता है। इसकी शुरुआत कुछ गहरी सांसों और माइंडफुलनेस से की जा सकती है। सुखासन, गर्दन और कंधों की स्ट्रेचिंग, मार्जरीआसन (कैट पोज), बितिलासन (काउ पोज), अधोमुख श्वानासन, ताड़ासन व बालासन जैसे सरल आसन शरीर की जकड़न दूर करने और मन को आराम देने में मदद करते हैं। वहीं, माइंडफुल ब्रीदिंग अभ्यास वर्तमान क्षण में स्थिर रखता है और चिंता को कम करता है। शोध बताते हैं कि नियमित योगाभ्यास तंत्रिका तंत्र को भी मजबूत बनाता है और शरीर की प्राकृतिक संतुलन प्रणाली को बेहतर बनाता है। इससे व्यक्ति तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना अधिक संयम और आत्मविश्वास के साथ कर पाता है। कुछ अध्ययनों में पाया गया कि योग कोशिकाओं को स्वस्थ रखने और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने में सहायक हो सकता है।
हर दिन कुछ मिनट का अभ्यास भी लंबे समय में बड़े बदलाव ला सकता है। यही वजह है कि आज दुनियाभर में करोड़ों लोग योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित जीवन और आंतरिक शांति का माध्यम मानते हैं।
-साथ में विल्सन और लारा एटेला