फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

दूसरा पहलू: कुतुब मीनार के 1600 साल पुराने लौह स्तंभ में जंग क्यों नहीं लगती? जानिए भारतीय तकनीक का रहस्य

भूपेंद्र कुमार Published by: शिवम गर्ग Updated Wed, 25 Nov 2026 06:52 AM IST

सार

कुतुब परिसर में मौजूद लौह स्तंभ से जुड़ी हैं कई मान्यताएं और किंवदंतियां। लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत सदियों पुरानी जंगरोधी तकनीक है।
विज्ञापन
विज्ञापन
कुतुब मीनार लौह स्तंभ - फोटो : अमर उजाला प्रिन्ट/एजेंसी


13वीं शताब्दी के कुतुब मीनार परिसर में स्थित यह स्तंभ चौथी शताब्दी का माना जाता है। मान्यता है कि अगर कोई इससे पीठ सटाकर हाथों को स्तंभ के पीछे से पकड़ सके, तो उसकी मनोकामना पूरी हो जाती है। नवंबर 1986 में तत्कालीन सोवियत संघ के राष्ट्रपति मिखाइल गोर्बाचेव की पत्नी रईसा कुतुब मीनार देखने पहुंचीं, तो उनसे भी मनोकामना मांगने का आग्रह किया गया। इस पर उन्होंने कहा था, ‘मैं ये सारी खुशी और सौभाग्य अपने भारतीय मित्रों के लिए छोड़ती हूं।’ 1997 में एएसआई ने सुरक्षा के लिए इसके चारों तरफ रेलिंग लगवा दी और इसे बांहों से घेरने की प्रथा समाप्त हो गई।


इतिहासकारों के अनुसार, यह स्तंभ हमेशा से यहां नहीं था। सुल्तान शम्स अल दीन इल्तुतमिश इसे 1233 ईस्वी में विदिशा विजय के बाद सांची के निकट उदयगिरी की गुफाओं में स्थित वराह मंदिर से लाया था। स्तंभ पर संस्कृत व ब्राह्मी लिपि में लिखे लेख से पता चलता है कि इसका निर्माण चंद्रगुप्त द्वितीय (375-413 ईस्वी) ने कराया था। पहले इसके शीर्ष पर विष्णु के वाहन गरुड़ की प्रतिमा थी। यह भी माना जाता है कि गुप्त काल में इसका इस्तेमाल खगोलीय गणनाओं के लिए होता था।


मोरक्को के यात्री इब्ने बतूता ने लिखा है कि उन्हें बताया गया था कि यह स्तंभ सप्त धातु से बना है। जहां तक जंग न लगने की बात है, तो ऐसा नहीं है। 2003 में करंट साइंस  पत्रिका में छपी रिपोर्ट के अनुसार, इस पर मिसवाइट की परत होने के कारण जंग का असर दिखाई नहीं देता। यह परत लोहे, ऑक्सीजन और हाइड्रोजन का क्रिस्टलीय यौगिक है, जो धातु को नमी और ऑक्सीजन से बचाती है। स्तंभ को फोर्ज वेल्डिंग तकनीक से बनाया गया था। इसमें धातु को गर्म करके पीटकर आकार दिया गया। मध्यकालीन कवि चंदबरदाई ने पृथ्वीराज रासो में लिखा है कि जब तक लौह स्तंभ दिल्ली में रहेगा, इस पर शासन करने वाला सुरक्षित रहेगा। शायद इसी वजह से यह स्तंभ आज भी शान से अपनी आभा बिखेर रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next