क्या चंद्रमा सच में हमारे मन और शरीर को प्रभावित करता है
- फोटो : Freepik
हिंदू पचांग के अनुसार महाशिवरात्रि का पर्व फाल्गुन महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इस समय सूर्य, कुंभ राशि में होता है और चंद्रमा क्षीण अवस्था में होता है। मान्यताओं के अनुसार इस तरह की विशेष स्थिति आध्यात्मिक साधनाओं के लिए काफी अच्छी होती है। इस दौरान आध्यात्मिक साधनाओं को करने से शरीर में प्राण ऊर्जा का प्रवाह बेहतर ढंग से होता है। यही नहीं महाशिवरात्रि के दौरान ग्रह और नक्षत्रों की जो स्थिति बनती है उसका एक विशेष प्रभाव शरीर के चक्रों पर भी पड़ता है।
पौराणिक ध्रमग्रंथों में शिव को एक योगी के रूप में दिखाया गया है और उनका तीसरा नेत्र छठे चक्र से जुड़ा हुआ है। यह आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक भी माना जाता है। मान्यता यह भी कहती है कि महाशिवरात्रि के दिन ग्रहों और नक्षत्रों का ऐसा योग बनता है, जो कि शरीर के चक्रों को सक्रिय करने का काम करता है। इससे कुंडलिनी ऊर्जा पूरे शरीर में प्रवाहित होने लगती है।
क्या चंद्रमा सच में हमारे मन और शरीर को प्रभावित करता है?
वहीं सदियों से चांद और उसका इंसान के मानसिक व्यवहार पर असर की कहानियां भी दुनियाभर की मान्यताओं का हिस्सा रही हैं। मान्यता थी कि चांद की स्थिति और उसके घटने बढ़ने के हिसाब से इंसान का स्वाभाव भी बदलता है। चंद्रमा के गुरुत्व का प्रभाव ज्वार जैसी प्राकृतिक घटनाओं पर पड़ता है यह तो हमें पता है। हालांकि, कई रिसर्च में इस बात का पता चला है कि चंद्रमा की स्थितियों के घटने बढ़ने का प्रभाव इंसानों के व्यवहार, उनके मानसिक स्वास्थ्य पर कितना पड़ता है इनमें से ज्यादातर विश्वास गलत हैं।
वहीं कुछ शोध में इस बारे में पता चला है कि चंद्रमा के घटने बढ़ने से बाइपोलर डिसऑर्डर के लक्षणों में जो बदलाव होते हैं उनके बीच एक संबंध हो सकता है। इसके अलावा पूर्णिमा की रात में गहरी नींद का कम आना और REM (रैपिड आई मूवमेंट) नींद में जानें में देरी होने के भी कुछ प्रमाण मिले हैं। कई अध्ययनों में इस बात का भी पता चला है कि पूर्णिमा के दिन हृदय संबंधी स्थितियों में भी थोड़ा बदलाव देखने को मिलता है। चंद्रमा का इंसानी शरीर पर क्या प्रभाव पड़ता है? वैज्ञानिक इसका अभी भी गहराई से अध्ययन कर रहे हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से इस क्षेत्र में अभी भी कई नई खोजों का सामने निकलकर आना बाकी है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।