हारिस रऊफ ही वो खिलाड़ी है, जो भारत को लेकर अपनी नफरत के लिए प्रसिद्ध है। हारिस रऊफ ही वो खिलाड़ी है, जो मैदान पर प्लेन गिरने के बेहूदा इशारे कर रहा था। भारतीय टीम ने इस पाकिस्तानी बिगड़ैल खिलाड़ी को अच्छा सबक सिखाया है।
हारिस रऊफ की गिनती पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों में होती है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स तो हारिस रऊफ की प्रशंसा में बड़ी-बड़ी बातें करके उसका खौफ बनाना चाहते थे, लेकिन वर्ष 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने लगातार दो छक्के लगाकर हारिस रऊफ की हवा निकाल दी थी।
विराट कोहली बनाम हारिस रऊफ
स्ट्रेट ड्राइव वाले छक्के को तो आज तक पाकिस्तानी भूले नहीं हैं, जबकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा दावा करते थे कि हारिस रऊफ की 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली गेंद पर दुनिया का कोई बल्लेबाज स्ट्रेट ड्राइव पर छक्का नहीं लगा सकता है।
विराट कोहली ने जो खबर हारिस रऊफ की ली थी, उसका असर यह है कि जब भी मैदान पर फैन्स हारिस रऊफ को देखते हैं, वो कोहली-कोहली के नारे लगाने लगते हैं। यहां तक की जब हारिस रऊफ एशिया कप फाइनल के बाद बाद अपना मैडल लेने आ रहा था, तब भी फैन्स ने कोहली-कोहली के नारे लगा दिए।
हारिस रऊफ की बदतमीजियों पर कथा लिखी जा सकती है। हारिस रऊफ ने वर्ष 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान एक क्रिकेट फैन से बदतमीजी की थी। हुआ यूं था कि जब हारिस रऊफ अपनी पत्नी के साथ होटल में चहलकदमी कर रहा था, तब एक फैन ने उसके साथ सेल्फी लेने की गुजारिश की, लेकिन हारिस रऊफ उल्टा फैन पर बिगड़ गया था। उसने बिना किसी आधार के फैन को भारतीय बता दिया था, जबकि वो फैन पाकिस्तानी था।
मैदान पर किया था विवादित इशारा
साफ है कि हारिस रऊफ के मन में भारत को लेकर जहर भरा हुआ है। एशिया कप के एक मैच में हारिस रऊफ ने बाउंड्री पर प्लेन गिरने का इशारा करके भारत को चिढ़ाने वाला काम किया था, जिसकी एवज में उसकी 30 प्रतिशत मैच फीस काटी गई है।
हद तो यह है कि हारिस रऊफ की पत्नी मुजना मसूद मलिक ने भी इंटाग्राम पर पति का फोटो लगाकर लिखा दिया था, 'मैच तो हार गए, लेकिन युद्ध जीत लिया', लेकिन जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, मुजना ने पोस्ट डिलीट कर दी।
विवादों से हारिस रऊफ का नाता नया नहीं है। जनवरी 2020 में ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग के दौरान एक विकेट लेने के बाद हारिस रऊफ ने गला काटने जैसा जश्न मनाया था, जब विवाद बढ़ा, तब उसने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।
फरवरी 2022 में पाकिस्तान सुपर लीग के एक मैच के दौरान हारिस रऊफ को यह कहते देखा गया कि उसने साथी खिलाड़ी कमरान गुलाम को थप्पड़ मारा है। दिसंबर 2023 में हारिस रऊफ ने ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट श्रृंखला न खेलने को प्राथमिकता दी, क्योंकि वो बिग बैश लीग खेलना चाहते थे। नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उसका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया था, जो स्पष्टीकरण के बाद मार्च 2024 में बहाल किया गया। देखा जाए तो हारिस रऊफ अंदर से बेहद कमजोर आदमी है, क्योंकि हर बार तुच्छ हरकत के बाद वो माफी मांग लेता है।
हारिस की घटिया हरकतें
एशिया कप के फाइनल से पहले भी हारिस रऊफ अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जब भारत का राष्ट्रगान बज रहा था, तब उसने साथी खिलाड़ी शाहीन शाह अफरीदी से बातचीत शुरू कर दी, जो एक घटिया हरकत है। वैसे, फाइनल मैच में टीम इंडिया ने हारिस रऊफ जैसे बददिमाग पाकिस्तानी क्रिकेटर को अच्छा सबक सिखाया।
पहले भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने हारिस रऊफ को क्लीन बोल्ड कर उसी की भाषा में प्लेन वाला का इशारा करके जवाब दिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल है। फिर बल्लेबाजी के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने हारिस रऊफ की जमकर धुनाई की। हारिस रऊफ की फेंकीं 22 गेंदों पर तीन छक्के और चार चौके लगाए।
अंतिम ओवर में हारिस रऊफ को 9 रन बचाने थे, लेकिन तिलक वर्मा और रिंकू सिंह ने 4 गेंदों पर 13 रन ठोक डाले। भारत के खिलाफ अहम मुकाबलों में हारिस रऊफ का प्रदर्शन भारतीय फैन्स को खुश करने वाला था। इसलिए हर भारतीय फैन हारिस रऊफ का आभार जता रहा है।
---------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।