झज्जर। झज्जर जिले के औरंगपुर गांव में करंट लगने से 22 वर्षीय रवि की मौत हो गई। रवि मूल रूप से सोनीपत जिले के मटिंडु गांव का निवासी था और पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी मौसी के घर रोहतक जिले के बालंद गांव में रह रहा था। वह औरंगपुर स्थित एक गोदाम में काम करता था। बारिश के बाद गोदाम के टीन शेड पर जमा पानी हटाने के लिए वह छत पर चढ़ा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे झज्जर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्फाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। रवि अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और उसकी मां का निधन करीब 10 वर्ष पहले हो चुका था।