बहादुरगढ़। शहर में झज्जर रोड स्थित छोटूराम पार्क के पास किराये के मकान में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों को इसकी जानकारी बुधवार सुबह करीब पांच बजे जागने पर मिली। कमरे में किशोरी के नहीं मिलने पर पिता ने आसपास उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस को शिकायत देकर बेटी की तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस को दी शिकायत में संजय दास ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के बाजितपुर गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल बहादुरगढ़ में झज्जर रोड स्थित छोटूराम पार्क के पास किराये के मकान में रहते हैं। उनके दो बच्चे हैं। इनमें 15 वर्षीय बेटी रुकमणी छोटी है। संजय दास के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे जब परिवार सोकर उठा तो रुकमणी कमरे में नहीं मिली। उन्होंने आसपास और अपने जानकारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस शिकायत के आधार पर किशोरी की तलाश में जुटी है।