खुर्जा। जमीन विवाद में गोली मारने के मामले में कोतवाली पुलिस ने वाछिंत चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि 23 अप्रैल को गांव शाहपुर निवासी हरेंद्र पुत्र जहान सिंह को दो लोगों ने खडंजा बनने के विवाद में गोली मार दी थी। गोली लगने से हरेंद्र घायल हो गया था। मामले में पीडि़त के भाई अमित ने गौरव और सौरव पुत्रगण नानकचंद के खिलाफ तहरीर देकर धारा 307 और 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस दोनों वांछितों की तलाश में जुटी थी। बुधवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गौरव शाहपुर गेट के निकट खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी गौरव ने भागने लगा। लेकिन पहले से सतर्क पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। कोतवाली प्रभारी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।