सार
लखनऊ के महिगवां क्षेत्र में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में चाचा अजय मिश्रा ने भतीजे अधिवक्ता दिव्यांशु मिश्रा पर बांके से हमला कर दिया। बचाव में अजय के बेटे अर्जुन ने पिता के सिर पर डंडा मारा। अस्पताल में दिव्यांशु की मौत हो गई, जबकि घायल अजय का इलाज जारी है।
महिगवां के कुम्हरावा स्थित शुक्लन पुरवा गांव में सोमवार शाम आपसी विवाद में अजय मिश्रा ने अपने भतीजे अधिवक्ता दिव्यांशु मिश्रा (32) पर बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दिव्यांशु को बचाने के लिए अजय के बेटे अर्जुन ने पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिव्यांशु और अजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात दिव्यांशु की मौत हो गई। वहीं, घायल अजय का इलाज चल रहा है।
मड़ियांव के प्रीतिनगर निवासी दिव्यांशु मिश्रा अपने माता-पिता, पत्नी गरिमा और एक साल के बेटे के साथ रहते थे। उनके साले अनिमेष पांडेय के मुताबिक, दिव्यांशु के चाचा अजय मिश्रा गांव में रहते हैं। वह अपनी जमीन बेच रहे थे, जिसका उनका बेटा अर्जुन लगातार विरोध कर रहा था। बीते तीन दिनों से अजय शराब के नशे में बेटे से झगड़ा कर रहे थे।
गाली देने से मना करने पर बांके से किया हमला
पिता की हरकतों से परेशान अर्जुन ने चचेरे भाई दिव्यांशु को उन्हें समझाने के लिए घर बुलाया था। सोमवार को दिव्यांशु एक्टिवा से चाचा के घर पहुंचे। उन्होंने अजय को जमीन बेचने से मना करते हुए समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि शराब के नशे में अजय भतीजे से झगड़ने लगे और हाथापाई करने लगे। दिव्यांशु ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो अजय ने बांके से उनके चेहरे और सिर पर कई वार कर दिए। हमले में दिव्यांशु खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।