दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के बड़ेबेड़मा में शराब पी रहे दो ग्रामीणों ने पुराने लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते अपने ही साथी के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया। किसी तरह ग्रामीण अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। प्रार्थी की पत्नी ने मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना कुआकोंडा क्षेत्र के ग्राम बड़ेबेड़मा में रहने वाले जोगा मंडावी के गले पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किए जाने की जानकारी उसकी पत्नी प्रार्थिया बुधरी मंडावी ने पुलिस को दी।
पुराने लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
थाना प्रभारी कुआकोंडा ने बताया कि जोगा मंडावी अपने परिचित पाण्डु सोरी और भूमा मंडावी के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पुराने लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बचे हुए पैसे की मांग करते हुए जोगा मंडावी के साथ मारपीट की और उसे पकड़कर घर में रखे चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। घायल जोगा मंडावी किसी तरह आरोपियों के कब्जे से छूटकर वहां से भाग निकला। अगले दिन उसकी पत्नी ने उसे गंभीर घायल अवस्था में देखा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
ये भी पढ़ें-
Exclusive: ब्रिटिश काल में ऐसा था अपना छत्तीसगढ़; 'सीपी बरार' के नाम से था मशहूर, इन राजाओं ने किया था शासन
थाना कुआकोंडा में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।